ePaper

झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में वंदना कटारिया ने रचा इतिहास, भारत की लगातार चौथी जीत

Updated at : 31 Oct 2023 10:56 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में वंदना कटारिया ने रचा इतिहास, भारत की लगातार चौथी जीत

वंदना कटारिया 300वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गयी. टूर्नामेंट में अब तक अजेय चल रही भारत और जापान के बीच मुकाबले के दौरान कड़ी टक्कर देखने को मिली. इसी का नतीजा रहा कि दोनों टीमों के बीच पहला हाफ गोलरहित रहा.

विज्ञापन

रांची: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में जारी झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में मंगलवार को जापान को 2-1 से हराकर लगातार चौथी जीत हासिल कर ली. इस मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही भारतीय खिलाड़ी वंदना कटारिया ने इतिहास रच दिया. वंदना 300वां अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच खेलने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गयी. टूर्नामेंट में अब तक अजेय चल रही भारत और जापान के बीच मुकाबले के दौरान कड़ी टक्कर देखने को मिली. इसी का नतीजा रहा कि दोनों टीमों के बीच पहला हाफ गोलरहित रहा. दूसरे हाफ के शुरू होते ही वर्ल्ड नंबर-7 भारत ने नवनीत कौर द्वारा 31वें मिनट में किए गए गोल के सहारे अपना खाता खोल लिया, लेकिन भारतीय टीम ज्यादा देर तक अपनी बढ़त को कायम नहीं रख पायी. वर्ल्ड नंबर-11 जापान ने 37वें मिनट में काना उराता के द्वारा पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गए गोल की मदद से 1-1 की बराबरी कर ली.

मेजबान टीम की लगातार चौथी जीत

चौथे और अंतिम क्वार्टर में जाकर भारतीय टीम ने फिर हमला बोला और अपनी बढ़त को दोगुनी कर दी. भारत के लिए मैच का दूसरा गोल संगीता कुमारी के स्टिक से 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर आया. मेजबान टीम ने 2-1 की बढ़त को बरकरार रखते हुए अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली. भारतीय टीम चार मैचों में 12 अंकों के साथ छह टीमों की अंकतालिका में नंबर वन पर है. जापान की चार मैचों में यह पहली हार है और वो दूसरे नंबर पर है. इससे पहले एशियाई खेलों 2023 के स्वर्ण पदक विजेता चीन ने जियाकी झोंग की हैट्रिक की बदौलत मलेशिया को 4-0 से रौंद दिया. झोंग ने 16वें, 30वें और 51वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की. उनके अलावा मिरोंग जोउ ने 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर एक गोल दागा. चीन की चार मैचों में यह दूसरी जीत है जबकि मलेशिया की चार मैचों में तीसरी हार है.

Also Read: झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023: जियाकी झोंग की हैट्रिक की बदौलत चीन ने मलेशिया को 4-0 से रौंदा

चार मैचों में कोरिया की दूसरी जीत

दिन के पहले मैच में कोरिया ने थाईलैंड को 3-0 से हराकर चार मैचों में अपनी दूसरी जीत हासिल कर ली. थाईलैंड की चार मैचों में यह लगातार चौथी हार है. कोरिया के लिए यूजिन ली ने 24वें, चेयोंग जुंग ने 30वें और सुएंगे पार्क ने 32वें मिनट में गोल किए. राउंड रॉबिन लीग चरण के आधार पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं. इनमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल हैं. लीग चरण के बाद अंकतालिका की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. भारत को साल 2016 के बाद से अपनी पहली खिताब की तलाश है. भारतीय टीम 2013 और 2018 में रजत पदक जीत चुकी है.

Also Read: झारखंड: सीएम हेमंत सोरेन ने पलामू में 5132 युवाओं को सौंपा नियुक्ति पत्र, केंद्र की मोदी सरकार पर साधा निशाना

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola