Weather Forecast: Cyclone Mocha को लेकर अलर्ट, बंगाल-ओडिशा समेत इन इलाकों में हो सकती है बारिश
Weather Forecast Today Updates : स्काइमेट वेदर के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव में उसी क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. यह 9 मई तक धीरे-धीरे गहरे कम दबाव में और आगे एक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. इसका प्रभाव मौसम पर पड़ेगा और कई राज्यों में बारिश हो सकती है. जानें आज कैसा रहने वाला है आपके राज्य के मौसम का हाल
भारी बारिश और बर्फबारी के कारण स्कूल बंद
जम्मू कश्मीर में भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है. प्रदेश के रामबन, डोडा और किश्तवाड़ में भारी बारिश के कारण सोमवार से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए गए. जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़, डोडा, रियासी तथा रामबन के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है, वहीं अन्य जिलों में भारी बारिश हुई है. भारी बारिश के कारण बने बाढ़ जैसे हालात के बीच रामबन, डोडा तथा किश्तवाड़ जिलों में अधिकारियों ने स्कूल बंद कर दिए.
Cyclone Mocha को लेकर मछुआरों के लिए एडवाइजरी
चक्रवाती तूफान मोचा को लेकर ओडिशा में अलर्ट है. ओडिशा के साथ ही पश्चिम बंगाल के सभी जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है. वहीं, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को भी आपात स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा गया है. मौसम विभाग की ओर से मछुआरों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है. मछुवारों से कहा गया है कि वो 8 मई से 11 मई के बीच समुद्र के अंदर न जाएं.
कश्मीर में बेमौसम बर्फबारी
कश्मीर के कुछ हिस्सों में बेमौसम बर्फबारी के कारण घाटी में सर्दी जैसी स्थिति लौट आयी है. वहीं, खराब मौसम के कारण पर्यटकों और खानाबदोश लोगों के रास्तों में फंसे होने की कई घटनाएं भी सामने आई हैं. घाटी के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और काजीगुंद इलाकों में सुबह-सुबह बर्फबारी हुई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं. मौसम विज्ञानियों ने जहां अगले 24 घंटों में मौसम की स्थिति में सुधार का अनुमान जताया है, वहीं मंगलवार को शाम में बादल फटने या आसमानी बिजली गिरने की आशंका भी जताई है.
चक्रवात मोचा के बांग्लादेश-म्यांमा तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ने के आसार
दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना जिसके चक्रवात में बदलने और इस सप्ताह के अंत में बांग्लादेश-म्यांमा तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने मछुआरों,नौका और छोटी नौकाओं को दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने साथ का सुझाव दिया है. महापात्रा ने एक बयान में कहा कि यह चक्रवात शुरू में 11 मई तक उत्तर-उत्तर पश्चिम से पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर तथा उसके बाद फिर उत्तर-उत्तर पूर्व दिशा में बांग्लादेश-म्यांमा तटों की ओर बढ़ सकता है. (भाषा)
9 मई को बन सकता है चक्रवात मोचा
दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके नजदीक दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा है कि कम दबाव का यह क्षेत्र नौ मई को चक्रवात में बदल सकता है और बाद में दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बंगाल तथा अंडमान सागर के पूर्वी मध्य खाड़ी के इलाकों में 10 मई को चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए