वियतनाम बोट हादसा: लावा मोबाइल्स के कर्मचारियों की खुशी का सफर मातम में बदला

Updated:
विज्ञापन

हादसे की खबर सुनने के बाद रोते परिजन (Photo: PTI)

खुशियों और नई यादों के लिए वियतनाम घूमने निकले दक्षिण भारत के मोबाइल कारोबारियों का सफर कभी न भूलने वाले दर्द में बदल गया. शनिवार को नाव पलटने से 15 भारतीयों की मौत हो गई. पढ़ें लावा मोबाइल्स ने क्या बताया.

विज्ञापन

लावा मोबाइल्स ने बताया कि वियतनाम के फु क्वोक तट के पास शनिवार (11 जुलाई) को नाव पलटने से जान गंवाने वाले 15 भारतीयों में 14 कंपनी के डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर (चैनल पार्टनर) थे. वहीं एक कंपनी का कर्मचारी था. परिजनों के मुताबिक, यह इंसेंटिव टूर था, जिसे सेल का टारगेट पूरा करने वाले डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को सम्मानित करने के लिए कंपनी ने आयोजित किया था. दुर्भाग्य से यह खुशी का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया.

विज्ञापन

सरकारी जानकारी के मुताबिक, नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के रहने वाले थे. भारतीय दूतावास और संबंधित राज्य सरकारों ने मृतकों की पहचान की पुष्टि की है.

लावा मोबाइल्स में काम करते थे एस. अलागुराजन

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली निवासी एस. अलागुराजन भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल थे. वह लावा मोबाइल्स में काम करते थे और करूर, तिरुचिरापल्ली व तंजावुर जिलों में सेल्स की जिम्मेदारी संभालते थे. उनके ससुर आर. थंगावेल ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे टीवी पर नाव हादसे की खबर देखी. कुछ देर बाद कंपनी ने पुष्टि की कि अलागुराजन की भी मौत हो गई है. उन्होंने बताया कि अलागुराजन उनकी बेटी के पति थे और दो बेटों के पिता थे.


ये भी पढ़ें: वियतनाम के फु क्वोक आइलैंड के पास नाव पलटने से 15 भारतीय टूरिस्ट की मौत, बचाव कार्य जारी

तीन महीने का सेल टारगेट पूरा करने पर उन्हें इनाम के तौर पर वियतनाम भेजा गया था. परिवार ने बताया कि वे पिछले बुधवार को ही यात्रा पर निकले थे. जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री कार्यालय ने पार्थिव शरीर को भारत लाने में हरसंभव मदद का भरोसा दिया है.

आंध्र प्रदेश के मुदियम श्रीधर की भी डूबने से मौत

आंध्र प्रदेश के कडप्पा के रहने वाले 45 साल के मुदियम श्रीधर भी इस हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं. वह करीब 20 साल से कौशिक कम्युनिकेशंस के जरिए लावा मोबाइल्स के डिस्ट्रीब्यूटर थे. इसके अलावा जिले में उनकी तीन मोबाइल दुकानों का भी कारोबार था. वह 8 जुलाई को लावा की डीलर मीट के लिए चेन्नई और बैंकॉक होते हुए वियतनाम गए थे. उनके भाई रमेश ने बताया कि हादसे की जानकारी उन्हें कडप्पा के ही एक अन्य डिस्ट्रीब्यूटर नईम से मिली, जो इस हादसे में बच गए. नईम ने फोन कर बताया कि श्रीधर की डूबने से मौत हो गई.



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola