मानसून का कहर, अगले 48 घंटे इन राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफानी हवा का अलर्ट
भारी बारिश की चेतावनी, फोटो- पीटीआई
Rain Warning: देश भर में मानसून की जोरजार बारिश जारी है. एक ओर डिप्रेशन कमजोर होकर पूर्वी मध्य प्रदेश में वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदल गया है, वहीं महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में अगले 48 घंटों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
Rain Warning: देश के लगभग सभी राज्यों में मानसून की बारिश हो रही है. कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का भी दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के इलाकों में बना डिप्रेशन अब कमजोर होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (Well Marked Low Pressure Area) में बदल गया है. आईएमडी के मुताबिक यह मौसम प्रणाली धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों की ओर बढ़ेगी. अगले 24 घंटों के दौरान इसके और कमजोर पड़ने की प्रबल संभावना जताई गई है. इसके असर से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत बारिश हो सकती है.
कई राज्यों में मानसून का कहर
जुलाई महीने की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की जोरजार बारिश हो रही है. कई राज्यों में बेतहाशा बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि ओडिशा में लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश के चलते पूरे राज्य में अलर्ट जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा असर, तीन लोगों की मौत
महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही पिछले तीन-चार दिनों में राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. पुणे जिले की मावल तहसील में भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे में दब गया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई. वहीं, खेड़ तहसील में जलमग्न सड़क पार करते समय एक व्यक्ति बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
मुंबई में जनजीवन प्रभावित, रेल और सड़क यातायात ठप
लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई का जनजीवन लगभग ठहर सा गया है. आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी से बहुत भारी बारिश और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है. मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर कर्जत-लोनावला के भोर घाट खंड में कई स्थानों पर भूस्खलन होने से ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं. मुंबई-अहमदाबाद रेल कॉरिडोर पर जलभराव के कारण 40 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं. कम से कम 10 ट्रेनें रद्द की गईं, आठ ट्रेनों का समय बदला गया और कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कंक्रीट का खंभा गिरने के कारण यातायात रोकना पड़ा, जबकि पुराने मुंबई-पुणे हाईवे के कई हिस्से जलभराव के कारण बंद कर दिए गए.
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से बच्ची की मौत
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बीच चंबा और कुल्लू जिलों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं. एक 14 साल की लड़की की पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई. वह उस समय एक वाहन में सवार थी. राज्य में जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के बाद पार्वती पावर स्टेशन-तीन के जलाशय से सैंज नदी में नियंत्रित तरीके से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है. जोगिंदरनगर में 97 मिमी, कांगड़ा में 74.8 मिमी और पालमपुर में 35.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
ओडिशा में तीसरे दिन भी बारिश, पूरे राज्य में अलर्ट
ओडिशा में लगातार तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही. राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में अलर्ट घोषित किया है. कटक, कंधमाल, संबलपुर, सोनपुर और बरगढ़ सहित कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रहे. बीते 24 घंटों में राज्य के 12 जगहों पर 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 328.4 मिमी वर्षा सोनपुर में रिकॉर्ड की गई, जबकि उल्लुंडा में 290 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मछुआरों को सात जुलाई तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
राजस्थान में भी तेज बारिश, कई जिलों में अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से राजस्थान के जयपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. पिछले 24 घंटों में सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में सबसे अधिक 75 मिमी वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग ने छह से नौ जुलाई के दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश तथा पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है.
दिल्ली में मौसम सुहावना, आगे भी सक्रिय रहेगा मानसून
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है. आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी, मध्य और उत्तरी भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रहेगा.
Also Read: वायनाड में भारी बारिश का कहर: कल्लाडी टनल के पास भूस्खलन; एक की मौत, 7 घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए