President Election Result 2022: द्रौपदी मुर्मू की जीत में विधायकों की क्रॉस वोटिंग की बड़ी भूमिका
President Election Result 2022 Updates: प्रधानमंत्री मोदी ने मुर्मू को दी बधाई, जीत को ऐतिहासिक बताया. द्रौपदी मुर्मू को अब तक कुल 5,77,777 वोट मिल चुके हैं, जो जीत के लिए जरूरी आंकड़े से अधिक है. वहीं, यशवंत सिन्हा को अब तक कुल 2,61,062 वोट मिले हैं. राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू ने विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 2,96,626 मतों से पराजित किया. जानें पल पल का हरेक अपडेट यहां..
विधायकों की क्रॉस वोटिंग की बड़ी भूमिका
विभिन्न राज्यों के कई विधायकों ने अपने दलों के रुख के विपरीत जाकर राष्ट्रपति पद के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया और उन्हें विपक्षी खेमे के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा को पराजित करने में मदद की. भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने दावा किया कि 125 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की. मतगणना में भी सामने आया है कि मुर्मू को 17 सांसदों की क्रॉस वोटिंग का लाभ मिला. असम, झारखंड और मध्यप्रदेश के विपक्षी दलों के विधायकों की अच्छी खासी संख्या ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। माना जा रहा है कि असम के 22 और मध्य प्रदेश के 20 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की. बिहार और छत्तीसगढ़ के छह-छह, गोवा के चार और गुजरात के 10 विधायकों ने भी क्रॉस वोटिंग की होगी.
प्रधानमंत्री मोदी ने मुर्मू को दी बधाई, जीत को ऐतिहासिक बताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से से ताल्लुक रखने वाली एक आदिवासी समुदाय में जन्मी नेता को राष्ट्रपति निर्वाचित कर भारत ने इतिहास रच दिया है. बाद में प्रधानमंत्री ने मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर जीत की बधाई दी और कहा कि उनकी रिकॉर्ड जीत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है. राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू ने विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को 2,96,626 मतों से पराजित किया.
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है. 25 जुलाई को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद वह देश की नयी राष्ट्रपति बन जायेंगी.
द्रौपदी मुर्मू की जीत से खुश हुए भाई तारिनीसेन टुडू
द्रौपदी मुर्मू के भाई तारिनीसेन टुडू ने अपनी बहन के राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने कहा कि बहन की जीत से मैं बहुत खुश हूं. एक आदिवासी महिला ने देश का राष्ट्रपति चुनाव जीता है. उसने बचपन से बहुत संघर्ष किया. उसकी जीत सभी के लिए प्रेरणा बनेगी.
राहुल ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने द्रौपदी मुर्मू के भारत की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई दी. उन्होंने ट्वीट किया, ‘द्रौपदी मुर्मू जी को भारत का 15वां राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी.’ मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होंगी.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए