बैंक की कर्मचारी ने लॉकर से 1.25 करोड़ रुपये उड़ाए, हीरे के गहने भी किए साफ, सीसीटीवी से हुआ खुलासा
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 12 Jan 2025 10:23 AM
चोरी की सांकेतिक तस्वीर
Kolkata Crime News : बैंक के लॉकर से 1.25 करोड़ के गहनों की चोरी के आरोप में महिला कर्मचारी और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपियों के ठिकानों से 29.72 लाख नकद व अन्य कीमती सामान जब्त किए गए.
Table of Contents
Kolkata Crime News : कोलकाता के पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र में स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक की एक महिला कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगा है. लॉकर में रखे ग्राहक के करीब 1.25 करोड़ रुपये के सोने व हीरे के गहनों की चोरी का आरोप उसपर लगने के बाद मामले की जांच जारी है. जांच के तहत कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग की एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन के अधिकारियों ने बैंक की कर्मचारी मौमिता सी (30) और उसके भाई मिथुन सी (42) को गिरफ्तार किया है.
बैंक की कर्मचारी और भाई गिरफ्तार
बैंक की कर्मचारी और उसके भाई को कस्बा के जगन्नाथ घोष रोड इलाके में स्थित घर से गिरफ्तार किया गया. उनके कस्बा व लेकटाउन स्थित घर की तलाशी ली गई. यहां से 29.72 लाख रुपये नकद, करीब 748 ग्राम वजन के सोने के गहने (कीमत लगभग 56.10 लाख रुपये), एक कार (मूल्य लगभग 27.50 लाख रुपये), तीन लाख रुपये के दो महंगे फोन, चार अन्य फोन, एक लैपटॉप, बैंक खाते व उनसे जुड़े दस्तावेज व व्यवसायिक लेन-देन संबंधित दस्तावेज जब्त किये गये.
पार्क स्ट्रीट थाने में दर्ज करवाई गई शिकायत
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बैंक के लॉकर से कीमती सोने व हीरे के गहने गायब होने की शिकायत शशि पसारी नाम की एक महिला ने दर्ज करवाई. पिछले साल 14 दिसंबर को पार्क स्ट्रीट थाने में दर्ज करायी थी. उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके बैंक के लॉकर से करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहनों की चोरी हो गयी है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316(5), 61(2), 317 (2) और 305 के तहत शिकायत दर्ज की.
गहनों को बेचकर कई महंगे सामान खरीदे
बाद में मामले की जांच का जिम्मा कोलकाता पुलिस के गुप्तचर शाखा के एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन ने ले लिया. तफ्तीश में बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा कर्मचारियों के ड्यूटी रोस्टर को भी खंगाला गया. जांच में बैंक की मौमिता नामक महिला कर्मचारी और उसके भाई के बैंक खातों में घटना के बाद ही बड़े परिमाण में रुपये के लेन-देन की बात का पता चला. यह भी पता चला कि मिथुन के नाम से एक कंपनी खोली गयी है, जिसमें 50 लाख रुपये ट्रांसफर किये गये. हाल ही में मौमिता ने 42 लाख रुपये मूल्य की एक कार भी खरीदी थी. आरोप है कि मौमिता द्वारा लॉकर से चुराये गये कुछ गहनों का निवेश मिथुन ने कारोबार में भी किया था. इतना ही नहीं दोनों आरोपियों ने चुराये गये गहनों को बेचकर कई महंगे सामान खरीदा था. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










