ePaper

Kisan Andolan : किसान आंदोलन में टांग अड़ाना विदेशियों को पड़ा महंगा, एक्टर से लेकर क्रिकेटर्स तक ने सुना दी खरी-खोटी

Updated at : 04 Feb 2021 9:55 AM (IST)
विज्ञापन
Kisan Andolan : किसान आंदोलन में टांग अड़ाना विदेशियों को पड़ा महंगा, एक्टर से लेकर क्रिकेटर्स तक ने सुना दी खरी-खोटी

New Delhi: Farmers gather at Singhu border during their 'Delhi Chalo' protest march against the centre's new farm laws, in New Delhi, Sunday, Dec. 20, 2020. (PTI Photo/Kamal Singh)(PTI20-12-2020_000073B)

Kisan Andolan Latest News : राजधानी दिल्ली की सीमा पर किसानों के आंदोलन करते दो महीने से ज्यादा हो गये हैं. इस बीच गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी में हिंसा हुई जिसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है.

विज्ञापन

Kisan Andolan : राजधानी दिल्ली की सीमा पर किसानों के आंदोलन करते दो महीने से ज्यादा हो गये हैं. इस बीच गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी में हिंसा हुई जिसके बाद से मामले ने तूल पकड़ लिया है. किसानों के समर्थन में विदेशी हस्तियां भी आ रहीं हैं. किसानों के प्रदर्शन का समर्थन करने पर भारत ने पॉप गायिका रिहाना और जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जैसी वैश्विक सेलिब्रिटी को आड़े हाथ लिया है. Kisan Andolan LIVE Updates

इधर, इस विषय पर छिड़ी ध्रुवीकृत अंतरराष्ट्रीय बहस में सरकार के रुख का बॉलीवुड हस्तियों, क्रिकेट खिलाड़ियों और शीर्ष मंत्रियों ने समर्थन करने का काम किया है. केंद्र के नये कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए किसानों के दो महीने से जारी प्रदर्शनों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ मशहूर हस्तियों द्वारा समर्थन किये जाने के बाद विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

क्या कहा विदेश मंत्रालय ने : मंत्रालय ने कहा कि प्रदर्शन के बारे में जल्दबाजी में टिप्पणी करने से पहले तथ्यों की जांच-परख की जानी चाहिए. सोशल मीडिया पर हैशटैग तथा सनसनीखेज टिप्पणियों से जिम्मेदार लोगों को बचने की जरूरत है. कुछ निहित स्वार्थी समूह प्रदर्शनों पर अपना एजेंडा थोपने की कोशिश कर रहे हैं और संसद में पूरी चर्चा के बाद पारित कृषि सुधारों के बारे में देश के कुछ हिस्सों में किसानों के बहुत ही छोटे वर्ग को कुछ आपत्तियां हैं. आगे मंत्रालय ने कहा कि हम अनुरोध करेंगे कि ऐसे मामलों में जल्दबाजी में टिप्पणी करने से पहले तथ्यों की पड़ताल की जाए और मुद्दों पर यथोचित समझ विकसित की जाए.

क्या है मामला : दरअसल, रिहाना, स्वीडन की जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, अमेरिकी अभिनेत्री अमांडा केरनी, अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस सहित कई मशहूर हस्तियों ने भारत में किसानों के विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी की है. मामले को लेकर इन्होंने ट्वीट किया है. रिहाना ने किसानों के प्रदर्शन का समर्थन किया और अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि हम इस बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं. रिहाना के बाद स्वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने कहा कि आपकी मदद के लिये कुछ चीजें… थनबर्ग ने अपने ट्वीट में कहा कि किस तरह प्रदर्शन का समर्थन किया जाए. उन्होंने आंदोलन के समर्थन में अधिक से अधिक ट्वीट करने और भारतीय दूतावासों के बाहर प्रदर्शन करने की अपील की. फिल्म ”द हंगरी टाइड” के लेखक अमिताव घोष ने थनबर्ग के रुख के लिये उनका आभार व्यक्त किया. इसके अलावा अमेरिकी अभिनेत्री अमांडा सेरनी, अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस, ”सेरेन्डिपिटी” स्टार कुसेक ने भी किसान आंदोलन के बारे में टिप्पणी की है.

अमित शाह ने क्या कहा : वहीं दूसरी ओर मामले पर आई विदेश मंत्रालय की कड़ी प्रतिक्रिया का विभिन्न भारतीय हस्तियों ने समर्थन किया है. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोई भी दुष्प्रचार देश की एकता को डिगा नहीं सकता. शाह ने अपने ट्वीट में कहा कि कोई भी दुष्प्रचार भारत की एकता को डिगा नहीं सकता है! कोई भी दुष्प्रचार भारत को नयी ऊंचाइयां छूने से रोक नहीं सकता है! दुष्प्रचार भारत के भाग्य का फैसला नहीं कर सकता, सिर्फ ‘प्रगति’ ही यह कार्य कर सकती है. भारत प्रगति करने के लिए एकजुट है और एकसाथ है. अन्य केंद्रीय मंत्रियों–पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, हरदीप सिंह पुरी, वीके सिंह, रमेश पोखरियाल, जी किशन रेड्डी, किरन रिजीजू– ने भी विदेशी हस्तियों की टिप्पणियों पर आपत्ति जतायी है.

बॉलीवुड की प्रतिक्रिया : बॉलीवुड हस्तियों में अक्षय कुमार, कंगना रनौत, अजय देवगन और करण जौहर ने लोगों से झूठे प्रचार से बचने का आग्रह किया है. अजय देवगन ने ट्वीट कर लोगों से आग्रह किया कि वे ‘भारत या भारतीय नीतियों के खिलाफ झूठे प्रचार’ से सावधान रहें. करण जौहर ने लिखा कि किसी को भी देश विभाजित नहीं करने देना चाहिए. सुनील शेट्टी ने ट्विटर पर विदेश मंत्रालय के बयान को साझा करते हुए कहा कि ‘आधे अधूरे सच से ज्यादा खतरनाक’ कुछ नहीं है. गायक कैलाश खेर ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि देश को बदनाम करने के लिए भारत विरोधी किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं.

Also Read: Kisan Andolan: किसान आंदोलन पर सचिन के बाद अब विराट कोहली ने किया ट्वीट, कही यह बात

क्रिकेट जगत की प्रतिक्रिया : इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले ने भी आंदोलन को लेकर विदेशी हस्तियों की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है. तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि भारत की संप्रभुता से समझौता नहीं किया जा सकता. विदेशी शक्तियां दर्शक तो बन सकती हैं लेकिन प्रतिभागी नहीं. भारतीय, भारत को जानते हैं और भारत के लिये फैसला लेना चाहिये. एक देश के तौर पर एकजुट रहें. कुंबले ने ट्वीट किया कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश होने के नाते भारत अपने आंतरिक मुद्दों का सर्वमान्य समाधान निकालने में सक्षम है. पहले भी और अब भी. कोहली ने ट्वीट किया कि असहमति के इस दौर में हम सभी एकजुट रहें. किसान हमारे देश का एक अभिन्न हिस्सा हैं और मुझे यकीन है कि सभी पक्षों के बीच एक सौहार्दपूर्ण समाधान मिल जायेगा ताकि शांति हो और सभी मिलकर आगे बढ़ सकें. अपने इस ट्वीट के साथ उन्होंने #IndiaTogether का इस्तेमाल किया है.

दोसांझ ने रिहाना के रुख समर्थन किया : वहीं, अभिनेता गायक दिलजीत दोसांझ ने रिहाना के रुख समर्थन किया है, जबकि अभिनेता अली फजल ने कहा कि यह मामला अब आंतरिक मामला नहीं रह गया है. इस बीच, गायक जैजी बी ने किसानों के समर्थन में कोई ट्वीट नहीं करने के लिये अक्षय कुमार की आलोचना की है.

भाषा इनपुट के साथ

Posted By : Amitabh Kumar

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola