VIDEO: पति की मौत... चार बच्चों को पाला, अब 65 की उम्र में आजी ऑटो चलाकर कर रहीं खुद का गुजारा
65 साल की उम्र में मंगला आजी चलाती हैं ऑटो-रिक्शा. फोटो- सोशल मीडिया
जिस उम्र में लोग आराम की जिंदगी जीने का सपना देखते हैं, उस उम्र में महाराष्ट्र की 65 वर्षीय मंगला आजी रोज ऑटो की स्टेयरिंग थामकर सड़कों पर निकलती हैं. पति की मौत के बाद चार बच्चों की परवरिश अकेले करने वाली मंगला आजी आज भी किसी के सामने हाथ फैलाने के बजाय मेहनत से अपना गुजारा कर रही हैं.
महाराष्ट्र के सतारा जिले के नंदगांव की रहने वाली मंगला अवाले को लोग प्यार से मंगला आजी कहते हैं. पति के जाने के बाद, चार बच्चों को पालना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी. घर की जिम्मेदारी अचानक उनके कंधों पर आ गई. लेकिन उन्होंने मुश्किल हालात के आगे हार नहीं मानी. मजदूरी करके उन्होंने अपने बच्चों को पाला-पोसा और उन्हें बड़ा किया.
उम्र बढ़ी तो भी नहीं छोड़ी आत्मनिर्भरता
समय बीतता गया और बच्चे बड़े हो गए. उम्र के इस पड़ाव पर मंगला आजी चाहतीं तो बच्चों पर निर्भर हो सकती थीं, लेकिन उन्होंने खुद अपने पैरों पर खड़े रहने का फैसला किया. उन्होंने ऑटो चलाने की ठानी और बेटे ने भी उनका पूरा साथ दिया.
View on Instagram
15 दिन में सीखा ऑटो चलाना
मंगला आजी ने महज 15 दिनों में ऑटो चलाना सीख लिया. जब उन्होंने पहली बार ऑटो का स्टीयरिंग थामा तो उन्हें अपने कंधों पर एक नई सी ज़िम्मेदारी का एहसास हुआ, लेकिन साथ ही एक आत्मविश्वास भी जागा. यह एहसास था कि वह अब भी आत्मनिर्भर रह सकती हैं. इसके बाद उन्होंने कराड-उंडाले मार्ग पर ऑटो चलाना शुरू कर दिया. वह रोज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती हैं.
रोज कमाती हैं 500 से 700 रुपये
ऑटो चलाकर मंगला आजी रोज करीब 500 से 700 रुपये तक कमा लेती हैं. साथी ड्राइवर भी उनकी मेहनत का सम्मान करते हैं. एक बार जब उन्होंने यह बात बताई तो उनके साथी ड्राइवरों ने कहा, "अरे, आजी को पहले जाने दो, उनका टाइम हो गया है."
उम्र नहीं, हौसला मायने रखता है
मंगला आजी की कहानी सिर्फ एक महिला के ऑटो चलाने की कहानी नहीं है. यह उस मां के संघर्ष की कहानी है, जिसने पति के जाने के बाद चार बच्चों को संभाला और अब 65 की उम्र में भी अपने दम पर जिंदगी जी रही है. हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक यात्री ने उनके ऑटो में यात्रा करते हुए उनकी कहानी साझा की, जिसने लोगों को भावुक कर दिया और उन्हें हिम्मत भी दी. उन्होंने साबित कर दिया कि उम्र चाहे कितनी भी हो, अगर हौसला जिंदा है तो जिंदगी की स्टेयरिंग अपने हाथ में रखी जा सकती है.
ये भी पढ़ें: Rajasthan ka Mausam: राजस्थान में बदलेगा मौसम, 30 से 40 km/h 5 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए