शादी नहीं की तो क्या गुनहगार हैं? होटल के कमरे में साथ रहने पर पुलिस कितना दखल दे सकती है, जानिए कानून
मध्यप्रदेश के होटल में पूछताछ करते पुलिसकर्मी, फोटो-वायरल वीडियो क्लिप
भारत में कानून सामाजिक नैतिकता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच स्पष्ट अंतर करता है. किसी व्यक्ति का विवाह करना या नहीं करना उसका निजी निर्णय है. दो बालिग व्यक्तियों का सहमति से होटल में साथ रहना अपराध नहीं है. बावजूद इसके मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक कपल को पुलिस ने परेशान किया और उनपर दबाव बनाया गया. इस आलेख में विस्तार से समझें क्या कहता है कानून-
अगर आप एडल्ट हैं और अपने पार्टनर के साथ कहीं बाहर घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह सूचना आपके काम की है. मध्यप्रदेश के सिवनी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल है. इस वीडियो में यह साफ दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक अविवाहित जोड़े पर दबाव बना रहे हैं और उनके एक साथ कमरे में रहने पर आपत्ति दर्ज करा रहे हैं. इस वीडियो में यह भी दिख रहा है कि पुलिस के अधिकारी उनसे यह कह रहे हैं कि माता-पिता को बुलाओ और इनकी शादी कराओ. जब लड़की अपने माता-पिता को बुलाने के लिए अपने फोन का लाॅक नहीं खोलती है, तो वह पुलिस अधिकारी यह कहता हुआ भी दिख रहा है कि लड़के के कमरे में गांजा रखो और कार्रवाई करो. इस वीडियो के वायरल होने के बाद राज्य सरकार ने एक्शन लिया है और छह पुलिसवालों को सस्पेंड भी कर दिया है. इस घटना के बाद जो बड़ा सवाल सामने आया है वह यह है कि क्या दो बालिग अविवाहित लोग अपनी मर्जी से होटल के एक कमरे में साथ नहीं रह सकते हैं? क्या ऐसा करना गैरकानूनी है? अगर नहीं तो फिर पुलिसवालों ने किस हक से उस जोड़े से यह पूछताछ की.
दो अविवाहित का एक साथ कमरे में रहना अपराध नहीं
आधुनिक समाज में लिव इन रिलेशनशिप का चलन आम है. इस वजह से कई जोड़े ऐसे रिश्तों में रहते हैं. सुप्रीम कोर्ट ने 2010 में ही एस खुशबू बनाम कन्नियाम्मल के केस में यह फैसला सुनाया था कि अगर दो बालिग लोग सहमति से एक साथ रहते हैं, तो वह अपराध नहीं है. इस स्थिति में अगर दो बालिग व्यक्ति अपनी इच्छा से कहीं बाहर घूमने जाते हैं और एक साथ कमरे में रहते हैं, तो इसे भी अपराध नहीं माना जाना चाहिए. होटल का कमरा प्राइवेट प्लेस है. पुलिस केवल इसलिए कमरे में प्रवेश नहीं कर सकती कि उसे पता चला है कि वहां कोई अविवाहित जोड़ा ठहरा हुआ है.हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि होटल का कमरा पुलिस की वैध जांच से पूरी तरह बाहर है. किसी अपराध की सूचना, तलाशी की जरूरत या अन्य कानूनी आधार होने पर पुलिस होटल के कमरे में प्रवेश कर सकती है. यहां यह भी गौर करने वाली बात है कि पुलिस को इन बातों का अधिकार नहीं मिलता:-
-सिर्फ अविवाहित होने के कारण जोड़े को अपराधी मानना.
-बिना कानूनी आधार के उन्हें हिरासत में लेना.
-जबरन माता-पिता को फोन करवाना.
-निजी बातचीत और संबंधों का विवरण मांगकर अपमानित करना.
-बिना वैधानिक आधार के मोबाइल फोन की तलाशी लेना.
इस संबंध में बात करते हुए अधिवक्ता शिवांगी सिन्हा ने बताया कि जो कुछ पुलिस वालों ने किया वह पूरी तरह गैरकानूनी है. इस तरह किसी कपल पर दबाव नहीं बनाया जा सकता है, वह भी तब जबकि देश में लिव इन रिलेशनशिप लीगल है. ऐसा संभव है कि वो दोनों जिनका वीडियो वायरल है, वो लिव इन रिलेशनशिप में हों. ऐसी स्थिति में पुलिस ने जो कुछ किया है वो गलत है. इस तरह के केस में पुलिस हिरासत में यातना देने जैसा मामला भी बनता है जिसमें बीएनएस की धारा 115, 117 और 127 भी लागू होती है. पीड़ित कपल पुलिस के खिलाफ धमकाने का केस भी दर्ज करा सकता है.
इसके साथ ही यहां यह गौर करने वाली बात यह है कि जिस होटल में वे रुके थे, वहां बाकायदा उनके आधार से वेरिफिकेशन करके ही उन्हें रहने की आजादी दी गई होगी. ऐसी स्थिति अगर पुलिस वाले वहां जाते हैं और उन्हें कमरे से निकालकर उनके साथ बदतमीजी करते हैं, तो प्रताड़ना का केस तो बनता ही है, साथ ही यह व्यवहार पर्सनल लिबर्टी, प्राइवेसी और डिग्निटी का भी उल्लंघन है. यह संविधान के आर्टिकल 21 के खिलाफ है. किसी होटल में अविवाहितों का ठहरना भी कानून के अनुसार अपराध नहीं है.
शिवांगी सिन्हा ने बताया कि पुलिस का काम कानून लागू करवाना है ना कि कानून का उल्लंघन करना. ऐसी स्थिति में उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. अगर वे किसी को कानूनी दांवपेंच में फंसाने के लिए कुछ गलत आदेश दे रहे हैं, तो उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज हो सकता है. इतना ही नहीं पुलिस बिना किसी ठोस आपराधिक सूचना के कमरे में घुसकर पूछताछ या बदसलूकी नहीं कर सकती. ऐसा करने पर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी हो सकती है, जिसमें सस्पेंशन के अलावा बर्खास्तगी तक हो सकती है.
ये भी पढ़ें : राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया की बहन ने कहा था-ये तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को भी मार देंगे, घर वापस चलो
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए