वायनाड भूस्खलन का खौफनाक वीडियो आया सामने; मंजर देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे
भूस्खलन का खौफनाक मंजर, फोटो पीटीआई
केरल के वायनाड में एक भीषण भूस्खलन का दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है. पहाड़ी से गिरे मलबे ने सब कुछ अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें एक बस भी नदी में बह गई. इंजीनियरों और सुरक्षाकर्मियों के फंसे होने की आशंका है.
भूस्खलन की पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग खड़े होकर पहाड़ी से गिरते मलबे को देख रहे थे. लेकिन महज 10 सेकेंड के भीतर अचानक मलबे का ऐसा खौफनाक सैलाब आया कि उसने रास्ते में आने वाली सभी छोटी-बड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. भूस्खलन इतना जोरदार था कि वहां खड़ी एक निजी बस (जिसका इस्तेमाल मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए होता था) बहकर सीधे पास की नदी में जा गिरी और आधी डूब गई.
इंजीनियर और सुरक्षाकर्मी मलबे में दबे, टला बड़ा हादसा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त सुरंग परियोजना स्थल पर मजदूर काम नहीं कर रहे थे. मलबे में जिन लोगों के दबे होने की आशंका है, वे इंजीनियर और सुरक्षा कर्मी हैं.
भयानक त्रासदी हो सकती थी
एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा- "अगर हादसे के वक्त वहां सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा होता, तो यह और भी बड़ी और भयानक त्रासदी हो सकती थी." यह हादसा कल्लाडी में मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ है, जहां मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली एक महत्वाकांक्षी सुरंग परियोजना का काम चल रहा है. प्रभावित इलाके के आस-पास रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है.
वायनाड और कोझिकोड में 'रेड अलर्ट' जारी, भारी बारिश से बेहाल
केरल में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने वायनाड और पड़ोसी जिले कोझिकोड में 'रेड अलर्ट' जारी किया है. आज वायनाड के मनंतवाडी इलाके में 64 मिमी और वैथिरी में रिकॉर्ड 123 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: मानसून का कहर, अगले 48 घंटे इन राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफानी हवा का अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए