Heavy Rain Alert: अगले 48 घंटे भारी बारिश, पांच दिनों तक घना कोहरा और कोल्ड वेव, पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम

Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम के तेवर तल्ख नजर आ रहे हैं. कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के बीच कई इलाकों में बारिश हो रही है. पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत में दिखाई दे रहा है. गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के अलावा दिल्ली में भी हल्की बारिश दर्ज की गई, इसके अलावा दिल्ली में भी हल्की बारिश हुई.
Heavy Rain Alert: उत्तर भारत के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा बर्फबारी होने की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 से 7 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में कई जगहों पर और अगले 3 से 4 दिनों के दौरान जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
इन इलाकों में कोल्ड वेव अलर्ट
- भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक नए साल की पहली तारीख (1 January 2026) को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर कोल्ड वेव की स्थिति जारी रह सकती है.
- 1 और 2 जनवरी को पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और दिल्ली में कोल्ड डे रहने की संभावना है.
- 1 से 3 जनवरी 2026 के दौरान बिहार में शीत दिवस की स्थिति रहने की बहुत संभावना है.
- 1 से 4 जनवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश में कोल्ड वेव रहने की संभावना है.
- 2 से 5 जनवरी के दौरान पंजाब और हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली में कोल्ड वेव अलर्ट रहने की संभावना है.
- 4 से 7 जनवरी के दौरान राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने की काफी संभावना है.
कश्मीर में बर्फबारी के साथ नए साल का स्वागत
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर कश्मीर में दिखाई दे रहा है. नये साल के पहले दिन ही मौसम ने अपना तल्ख तेवर दिखा दिया है. यहां नये साल का आगाज ऊंचे पहाड़ी वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ हुआ. हालांकि मौसम विभाग ने कई इलाकों में मौसम के सुधार होने का अनुमान जाहिर किया ह आईएमडी ने बताया कि गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग में गुरुवार को ताजा बर्फबारी हुई है. इसके अलावा गुरुजी की तुलेल घाटी, बांदीपोरा के राजदान टॉप, कुपवाड़ा के माछिल और साधना टॉप समेत जोजिला दर्रे जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई.
बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ का एक दो दिन तक असर दिखाई दे सकता है. इसके कारण कुछ इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात का एक दौर देखने को मिल सकता है. अधिकारियों ने बताया कि बादलों की मौजूदगी के कारण रात का तापमान मौसमी औसत से अधिक रहा और अधिकतर स्थानों पर पारा हिमांक से ऊपर बना रहा. आईएमडी के मुताबिक कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है. वहीं, काजीगुंड में पारा 2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है. फिलहाल कश्मीर में चिल्ला-ए-कलां से गुजर रहा है. यह 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि होती है. आमतौर पर इस दौरान रात का तापमान हिमांक से कई डिग्री नीचे गिर जाता है और बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है.
दिल्ली में कड़ाके की सर्दी, बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को नए साल की शुरुआत सर्द और बादलों से घिरे मौसम के साथ हुई. न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग अनुसार गुरुवार को अहले सुबह पालम इलाके में हल्की बारिश दर्ज की गई. आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. तीन जनवरी से ठंड बढ़ सकती है. हिमालयी क्षेत्र से ठंडी हवाओं के आने के कारण दिल्ली में कड़ाके की सर्दी बढ़ सकती है.
मुंबई में बारिश के साथ हुई नए साल की शुरुआत
मुंबई के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई जिससे मुंबई वासियों की नव वर्ष की शुरुआत खुशनुमा मौसम के साथ हुई. साल की पहली सुबह का स्वागत बारिश की बूंदों ने किया. बारिश सुबह छह बजे से पहले शुरू हुई, कुछ इलाकों में बारिश तेज रही जबकि कई जगहों पर हल्की फुहारें पड़ीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










