VIDEO : गुरुग्राम में महिला बाइक सवार का कार ने किया पीछा, फिर मारी टक्कर, Viral वीडियो में दिखा पूरा मामला
महिला बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर (PC : rebelwheels_sia_)
Gurugram Viral Video : गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार को कार ने रोका, पीछा किया और फिर टक्कर मार दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. पीड़िता ने खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही है.
Gurugram Viral Video : गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर रोड रेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एक महिला बाइक सवार हादसे के बाद सड़क पर घिसटती दिखाई दे रही है. महिला ने आरोप लगाया है कि एक कार चालक ने पहले उसे रोकने की कोशिश की, फिर उसका पीछा किया और बाद में उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में महिला घायल हो गई हैं.
बाइक के पास आई कार, फिर करने लगी पीछा
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, घटना रविवार सुबह की है. मामला तब सामने आया, जब पीड़िता सिया ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो शेयर किया. वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने मामले का संज्ञान लिया.
View on Instagram
सिया ने बताया कि वह अपनी Aprilia स्पोर्ट्स बाइक से दोस्तों के साथ जा रही थीं. इसी दौरान एक सफेद रंग की सेडान कार उनकी बाइक के काफी करीब आ गई. सिया का आरोप है कि कार चालक ने उन्हें रुकने का इशारा किया. इसके बाद वह गोल्फ कोर्स रोड पर उनका पीछा करने लगा.
सिया के मुताबिक, उन्होंने कार चालक से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन वह लगातार रुकने का इशारा करता रहा. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कार में मौजूद लोग नशे में थे. उन्होंने कार से दूरी बनाए रखने की कोशिश की.
दोस्त ने रोकने की कोशिश की, तभी...
सिया ने बताया कि उनके एक दोस्त ने बाइक से उनके और कार के बीच आने की कोशिश की, ताकि कार उन्हें रोक न सके. इसी दौरान कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में हादसे का पूरा घटनाक्रम नजर आता है. महिला बाइक से गिरने के बाद सड़क पर कुछ दूरी तक घिसटती दिखाई देती है, जबकि उनकी बाइक दूसरी तरफ फिसल जाती है.
हादसे के बाद उनके एक दोस्त ने ट्रैफिक सिग्नल पर कार को रोकने की कोशिश की. हालांकि, आरोप है कि कार चालक वहां से तेजी से निकल गया. सिया ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
ये भी पढ़ें: सऊदी अरब पर फिर हूतियों का हमला, शरूराह बेस के हथियार डिपो को बनाया निशाना
पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप तुरन ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो की मदद से गोल्फ कोर्स रोड पर हादसे की सही जगह और संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी जुटा रही है.
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में कोई सूचना नहीं दी गई थी और न ही पीड़िता की ओर से कोई लिखित शिकायत मिली है. पुलिस अब पीड़िता से संपर्क कर शिकायत लेने की कोशिश करेगी. शिकायत मिलने के बाद कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.
सिया ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि इस घटना के बाद उन्हें गुरुग्राम की सड़कों पर खुद को असुरक्षित महसूस हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए