गुजरात चुनाव रिजल्ट : पाटीदारों को पीएम मोदी पर भरोसा, जानें क्या रहा प्रमुख चेहरों का रिजल्ट
गुजरात चुनाव रिजल्ट 2022 Live Updates in Hindi: गुजरात में 27 साल से भाजपा सत्ता में थी जिसके बाद एक बार फिर जनता ने भगवा पार्टी को मौका दिया है. इस बार के चुनाव ने गुजरात को भाजपा का ऐसा किला बना दिया, जिसे भेद पाना अन्य दलों के लिए बहुत ही मुश्किल होने वाला है. गुजराम में दो रिकॉर्ड भी बने. पहला गुजरात के चुनावी इतिहास में किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी जीत का, तो दूसरा कांग्रेस के अब तक के सबसे खराब प्रदर्शन का
भूपेंद्र पटेल सरकार बनाने का दावा कर सकते हैं
गुजरात में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की है. भूपेंद्र पटेल दोपहर 2 बजे राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा कर सकते हैं.
15 महिला प्रत्याशी जीतीं
गुजरात चुनाव में इस बार 15 महिलाओं ने जीत दर्ज की, जबकि 2017 के चुनाव में उनकी संख्या 13 और 2012 में 16 थी. विजयी 15 महिलाओं में से 14 भाजपा से हैं, जबकि एक कांग्रेस से. चुनाव जीतने वाली महिला उम्मीदवारों में से चार अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति समुदाय से हैं. इस बार कुल 139 महिला उम्मीदवार मैदान में थीं.
सौराष्ट्र क्षेत्र का हाल
सौराष्ट्र क्षेत्र में कांग्रेस ने 2017 में मोरबी, टंकरा, धोराजी और अमरेली की पाटीदार बहुल सीटों पर जीत हासिल की थी. हालांकि, ये सभी विधानसभा क्षेत्र इस बार भाजपा की झोली में गये हैं. पाटीदार बहुल सूरत में, जहां ”आप” कुछ सीटों को हासिल करने के लिए समुदाय पर निर्भर थी, वहां इस समुदाय ने बड़े पैमाने पर सत्ताधारी दल का समर्थन किया. पार्टी ने वराछा रोड, कटारगाम और ओलपाड की पाटीदार सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की. उत्तर गुजरात में, कांग्रेस ने पांच साल पहले पाटीदार बहुल उंझा सीट जीती थी, लेकिन इस बार वह भाजपा से हार गयी. भाजपा ने 2022 के चुनाव से पहले पटेल समुदाय तक पहुंच बनायी और इसके लिए उसने कई कदम उठाये.
पाटीदारों को पीएम मोदी पर भरोसा
गुजरात में आरक्षण आंदोलन की पृष्ठभूमि में 2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ मतदान करने वाला पाटीदार समुदाय 2022 के चुनावों में सत्ताधारी दल के साथ लौट आया और इस समुदाय के प्रभुत्व वाली अधिकांश सीटों को जीतने में मदद की. भाजपा ने राज्य के पाटीदार बहुल निर्वाचन क्षेत्रों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, लगभग हर उस सीट पर जीत हासिल की है, जहां पटेलों की अच्छी खासी आबादी है.
पति रवींद्र जडेजा का ट्वीट
रिवाबा की जीत के बाद क्रिकेटर और उनके पति रवींद्र जडेजा ने एक ट्वीट किया जिसपर लोग लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. रवींद्र जडेजा ने रिवाबा को बधाई देने के साथ-साथ जामनगर की जनता का आभार व्यक्त किया है. जडेजा ने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि हैलो MLA… आप इसकी सच्ची हकदार हैं. जामनगर की जनता जीत गयी है. आगे उन्होंने लिखा कि मैं सभी लोगों का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं. आशापुरा माता से मेरी विनती है. जामनगर के कार्य बहुत अच्छे होंगे. जय माताजी…
एससी सीटों पर नजर
इधर, यदि हम 13 एससी सीटों की बात करें तो 2017 के चुनाव में भाजपा को 7, कांग्रेस को 5 और अन्य के खाते में एक सीटें गयी थीं. वहीं इस बार के चुनाव में भाजपा ने 13 में से 12 सीटें अपने नाम कर ली हैं और कांग्रेस को एक सीट (दानीलिम्दा) से संतोष करना पड़ा है. आप तीन सीटों (कलावड़, राजकोट ग्रामीण, घड़हदा) पर दूसरे नंबर पर रही, वहीं दो सीटें (वडगाम, दसादा) ऐसी रहीं जहां कांग्रेस की हार का मार्जिन आप को मिले वोट से कम रहे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए