तमिलनाडु में सत्ता का रास्ता साफ? विजय की TVK को कांग्रेस का समर्थन
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 06 May 2026 9:03 AM
एक्टर से राजनेता बने विजय (Photo: PTI)
कांग्रेस बुधवार को TVK के समर्थन में औपचारिक चिट्ठी जारी कर सकती है. इसके बाद कांग्रेस के विधायक पनैयूर में विजय से मुलाकात करेंगे, जहां फिलहाल TVK की राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं. इससे सरकार गठन की कवायद और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं.
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है. कांग्रेस की राज्य इकाई ने फैसला किया है कि वह कुछ शर्तों के साथ अभिनेता से नेता बने विजय की TVK को समर्थन देगी. TVK 234 सीटों वाली विधानसभा में 108 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. इससे सरकार बनाने की राह आसान हो सकती है.
बड़े उलटफेर में सोमवार (4 मई) को TVK ने DMK को हरा दिया और AIADMK को तीसरे नंबर पर धकेल दिया. करीब 60 साल में पहली बार तमिलनाडु की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति का दबदबा इस तरह टूटता नजर आया, जिससे राज्य की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.
TVK और कांग्रेस के साथ क्या हुई डील
सूत्रों के हवाले से इंडिया टुडे ने यह खबर दी है. खबर के मुताबिक, दो साल पुरानी TVK के साथ गठबंधन पर चर्चा के लिए वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें यह प्रस्ताव पास किया गया. 2026 विधानसभा चुनाव में 5 सीटें जीतने वाली कांग्रेस अब समर्थन के बदले दो कैबिनेट पद और कुछ सरकारी बोर्डों के चेयरमैन पद मांग सकती है.
कांग्रेस समर्थन की औपचारिक चिट्ठी कर सकती है जारी
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस बुधवार (6 मई) को समर्थन की औपचारिक चिट्ठी जारी कर सकती है. इसके बाद पार्टी के विधायक पनैयूर में विजय से मिलने जा सकते हैं. इससे सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. यह बैठक गठबंधन की पूरी रूपरेखा तय करने और सरकार बनाने के अगले कदम साफ करने के लिए अहम मानी जा रही है.
विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं
सूत्रों के मुताबिक, विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. उनके साथ करीब नौ कैबिनेट मंत्री भी शपथ ले सकते हैं. बैठक में गठबंधन की संभावनाओं पर खास चर्चा हुई, क्योंकि TVK साधारण बहुमत से 10 सीट पीछे रह गई है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार बनाने के लिए सहयोगी दलों के साथ गठबंधन पर बातचीत हुई.
यह भी पढ़ें : सरकार कैसे बनेगी? तमिलनाडु में विजय की TVK के पास हैं ये ऑप्शन
कांग्रेस के अलावा TVK अब वाम दलों और छोटे क्षेत्रीय दलों से भी बात कर रही है, ताकि गठबंधन के लिए जरूरी संख्या जुटाई जा सके. सूत्रों के मुताबिक, VCK, CPI(M), CPI और IUML जैसे दलों से बातचीत की तैयारी है और जल्द ही उन्हें औपचारिक तौर पर न्योता भेजा जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










