'जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों के समाधान के लिए सामूहिक कार्रवाई आवश्यक', लोक सभा अध्यक्ष ने कहा

लोक सभा अध्यक्ष: उन्होंने यह भी कहा कि दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच ऐतिहासिक संबंध आपसी राजनीतिक समझ, शासन की लोकतांत्रिक व्यवस्था में दोनों देशों के गहरे विश्वास और बहुआयामी आर्थिक-वाणिज्यिक संबंधों के आधार पर विकसित हुए हैं.
लोक सभा अध्यक्ष: तंजानिया में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल (आईपीडी) का नेतृत्व कर रहे लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज तंजानिया के प्रधानमंत्री कासिम मजलिवा से मुलाकात की. इस अवसर पर बोलते हुए, ओम बिरला ने इस बात का उल्लेख किया कि जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों के समाधान के लिए संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता है. ओम बिरला ने आगे कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में भारत और तंजानिया महत्वपूर्ण समुद्री देश हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच ऐतिहासिक संबंध आपसी राजनीतिक समझ, शासन की लोकतांत्रिक व्यवस्था में दोनों देशों के गहरे विश्वास और बहुआयामी आर्थिक-वाणिज्यिक संबंधों के आधार पर विकसित हुए हैं. जुलाई 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तंजानिया यात्रा का उल्लेख करते हुए ओम बिरला ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव थी. ओम बिरला ने कहा कि आपसी संबंधों को और मजबूत और विकसित करने के लिए भारत दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय यात्राओं को जारी रखने के लिए तत्पर है.
इस बात का उल्लेख करते हुए कि तंजानिया में भारतीय मूल के लोग दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं, ओम बिरला ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारतीय समुदाय के लोग सदियों से तंजानिया के लोगों के साथ मिलकर देश के आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं. ओम बिरला ने यह विश्वास व्यक्त किया कि तंजानिया की विकास यात्रा में भारत एक विश्वसनीय भागीदार बना रहेगा.
पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश में हुई वृद्धि का उल्लेख करते हुए, ओम बिरला ने कहा कि भारत तंजानिया में बंदरगाहों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि-प्रसंस्करण और लघु उद्यमों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर रहा है. उन्होंने कहा कि तंजानिया और जंजीबार में भी जल क्षेत्र की परियोजनाएं चल रही हैं. ओम बिरला ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि तंजानिया के छात्रों ने भारत के कई विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त की है.
Also Read: PM मोदी ने की मुंबई मेट्रो की सवारी, कहा – ‘भारत बड़े सपने देखने और पूरा करने का अब कर रहा साहस’
दोनों समुद्री देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों के संदर्भ में ओम बिरला ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और तंजानिया के बीच रक्षा क्षेत्र में साझेदारी बढ़ी है. उन्होंने कहा कि पहली बार इस क्षेत्र में द्विपक्षीय रक्षा एक्सपो और क्षमता निर्माण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हम भविष्य में रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग और परस्पर साझेदारी बढ़ाने के लिए तत्पर हैं.
जी20 में भारत के नेतृत्व के बारे में बोलते हुए ओम बिरला ने बताया कि इस क्रम में भारत की संसद इस वर्ष जी20 देशों की संसदों के अध्यक्षों के पी20 सम्मेलन का आयोजन भी करेगी. ओम बिरला ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के नाते भारत इस मंच के माध्यम से वैश्विक मुद्दों के प्रभावी समाधान का प्रयास करेगा. इसके अलावा, कोविड के बाद की विश्व व्यवस्था में संबंधों को मजबूत करने, पर्यटन के विकास, स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे, संसदीय सहयोग और कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya kumar
I adore to the field of mass communication and journalism. From 2021, I have worked exclusively in Digital Media. Along with this, there is also experience of ground work for video section as a Reporter.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




