Cold Wave Warning: ठंड से कांप रहा उत्तर भारत, शीतलहर की चपेट में झारखंड, जम्मू-कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे

Updated:
विज्ञापन

ठंड की चपेट में उत्तर भारत, फोटो PTI

Cold Wave Warning: पूरा उत्तर भारत इस समय शीतलहर की चपेट में है. अमरनाथ यात्रा आधार शिविर जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. झारखंड के गुमला में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

विज्ञापन

Cold Wave Warning: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार और मंगलवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर चलने की बहुत अधिक संभावना है.

आपके शहर में

विज्ञापन

शीतलहर की चपेट में झारखंड

झारखंड के कुछ हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं और राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. बोकारो, देवघर, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा और रांची इन आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. आईएमडी के अनुसार गुमला में राज्य में सबसे कम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है. अगले 72 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब, सोमवार को कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 6.8 डिग्री से अधिक है लेकिन सामान्य से 1.6 डिग्री कम है. दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है, साथ ही धुंध की भी संभावना जताई है.

पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे

जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है. दक्षिण कश्मीर में पहलगाम रिसॉर्ट, जम्मू -कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. पहलगाम रिसॉर्ट वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करता है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में 3.2 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार आठ दिसंबर को उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में घने कोहरे का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में, आईएमडी ने बुधवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है. आईएमडी के मुताबिक बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों और मंडी जिले में बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में सोमवार तक घने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा. स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के साथ यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जबकि हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान(4.6 डिग्री सेल्सियस) नारनौल में दर्ज किया गया. पंजाब में बठिंडा और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि फिरोजपुर में छह डिग्री, अमृतसर में 6.1 डिग्री, लुधियाना में 6.8 डिग्री और पटियाला में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

कड़ाके की ठंड की चपेट में राजस्थान

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राजस्थान भी कड़ाके की ठंड की चपेट में है. सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के 2.3 डिग्री से थोड़ा अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इसके प्रभाव से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे शीत लहर से राहत मिलेगी.

अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहेगा

पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में इस सर्दी में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया और बीरभूम जिले के श्रीनिकेतन में रविवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले सप्ताह पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहेगा तथा उत्तरी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है. दार्जिलिंग 6.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में सबसे ठंडा रहा, जबकि अन्य हिमालयी पर्यटन शहर कलिम्पोंग 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. आईएमडी ने कहा कि सोमवार को कोलकाता में सुबह धुंध छाए रहने का अनुमान है.

8 से 12 दिसंबर के बीच इन राज्यों में घने कोहरे का पूर्वानुमान

आईएमडी ने 8 से 12 दिसंबर के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola