बेंगलुरु के 15 प्राइवेट स्कूलों में बम होने का दावा! छात्रों को निकाला गया सुरक्षित

Published by :Agency
Published at :01 Dec 2023 3:54 PM (IST)
विज्ञापन
बेंगलुरु के 15 प्राइवेट स्कूलों में बम होने का दावा! छात्रों को निकाला गया सुरक्षित

बेंगलुरु में कम से कम 15 निजी विद्यालयों को शुक्रवार सुबह एक ई-मेल मिला जिसमें उनके परिसर में बम होने का दावा किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. यह ई-मेल मिलने के बाद स्कूल के कर्मचारी और छात्रों के अभिभावक बेहद घबरा गए.

विज्ञापन

Karnataka : बेंगलुरु में कम से कम 15 निजी विद्यालयों को शुक्रवार सुबह एक ई-मेल मिला जिसमें उनके परिसर में बम होने का दावा किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. यह ई-मेल मिलने के बाद स्कूल के कर्मचारी और छात्रों के अभिभावक बेहद घबरा गए. पुलिस ने बताया कि स्कूल प्राधिकारियों ने पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी जिसके बाद वह बम निरोधक दस्ते और तोड़फोड़ रोधी जांच दल के साथ संबंधित संस्थानों में पहुंची.

छात्रों और कर्मचारियों को स्कूल परिसरों से तुरंत बाहर निकाला गया

उसने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों को स्कूल परिसरों से तुरंत बाहर निकाल लिया गया और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. छात्रों के माता-पिता को घटना के बारे में जैसे ही पता चला, वे बेहद घबरा गए और अपने बच्चों को सुरक्षित घर वापस लाने के लिए स्कूल भागे. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ईमेल में दावा किया गया है कि स्कूल परिसरों में विस्फोटक रखे गए हैं. हमें कमान केंद्र से एक फोन कॉल आया और हमने अपने दलों को शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित विद्यालयों में भेजा. स्कूल परिसरों से सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.’’

अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि यह एक फर्जी संदेश है. उन्होंने कहा कि अभिभावकों को घबराने की जरूरत नहीं है और पुलिस दल मौके पर तैनात हैं. पुलिस ने बताया कि पिछले साल भी कुछ शरारती तत्वों ने बेंगलुरु के विद्यालयों में बम होने का दावा करते हुए इसी प्रकार के ईमेल भेजे थे, जो बाद में एक अफवाह साबित हुए.

Also Read: कतर में मौत की सजा पाए आठ पूर्व नौसैनिकों को वापस लाएगी भारत सरकार! नौसेना प्रमुख ने दिए संकेत
डी के शिवकुमार ने एक स्कूल का दौरा किया

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने उन विद्यालयों में से एक स्कूल का दौरा किया जहां बम होने का दावा किया गया है. उन्होंने स्कूल और पुलिस से स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा, ‘‘टीवी पर समाचार देखकर मैं थोड़ा परेशान हो गया था, क्योंकि कुछ ऐसे विद्यालयों का जिक्र किया गया है जिन्हें मैं जानता हूं और जो मेरे घर के पास हैं, इसलिए मैं स्थिति का पता लगाने बाहर गया. पुलिस ने मुझे मेल दिखाया है. प्रथम दृष्टया यह फर्जी प्रतीत हो रहा है. मैंने पुलिस से बात की… लेकिन हमें सतर्क रहना चाहिए. माता-पिता चिंतित हैं, लेकिन चिंता करने की जरूरत नहीं है. पुलिस इसकी जांच कर रही है.’’

‘शरारती लोगों ने ऐसा किया होगा’

शिवकुमार ने माता-पिता से चिंता न करने की अपील की और कहा कि उनके बच्चे सुरक्षित रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘कुछ शरारती लोगों ने ऐसा किया होगा. हम 24 घंटे में उन्हें पकड़ लेंगे. अपराध शाखा पुलिस सक्रिय है, वे अपना काम कर रहे हैं… हमें भी सतर्क रहना चाहिए और लापरवाही नहीं करनी चाहिए.’’ इसबीच, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा की ईमेल से संदेश भेजा गया था. ईमेल में कहा गया कि बेंगलुरु में कम से कम 15 स्कूल में बम हैं और इसमे बच्चों तथा कर्मचारियों को मारने की धमकी दी गई थी.

गंभीरता से मामले की जांच जारी

उन्होंने कहा, ‘‘ हम गंभीरता से मामले की और इसके स्रोत की जांच कर रहे हैं. मैंने आयुक्त और अधिकारियों से बात की है और उन्हें यह पता लगाने के निर्देश दिए हैं कि यह सही है या फर्जी…..’’ उन्होंने कहा,‘‘ हम इसकी जांच कर रहे हैं कि इसके पीछे किसका हाथ है और क्या इसमें किसी आतंकवादी संगठन का हाथ तो नहीं है और उसके अनुसार कदम उठाएंगे. अभी यह नहीं बताया जा सकता कि इसके पीछे कौन है…’’

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola