Breaking News: मणिपुर के राज्यपाल गणेशन को राष्ट्रपति ने बंगाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा
Breaking News Updates : मणिपुर के राज्यपाल गणेशन को राष्ट्रपति ने बंगाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा. महाराष्ट्र में कोरोना से 3 लोगों की मौत, 2,186 नये संक्रमित मिले. सरकार ने श्रीलंका संकट पर मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलायी. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण को स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. आप हमारे साथ बने रहें.
मणिपुर के राज्यपाल गणेशन को राष्ट्रपति ने बंगाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को पश्चिम बंगाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. राष्ट्रपति भवन की ओर से यह जानकारी दी गयी है. बता दें कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ को एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है.
बीजद ने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार धनखड़ को समर्थन देने की घोषणा की
ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को समर्थन देने का फैसला किया है. बीजद के एक नेता ने रविवार को यह जानकारी दी. बीजद के वरिष्ठ नेता पिनाकी मिश्रा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नवीन बाबू (ओड़िशा के मुख्यमंत्री) से बात करने के बाद यह फैसला किया गया है कि पार्टी धनखड़ का समर्थन करेगी.’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल धनखड़ को राजग का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया था.
वाईएसआर कांग्रेस ने दिया जगदीप धनखड़ को समर्थन
आंध्रप्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी वाईएसआर कांग्रेस ने उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ को समर्थन देने का ऐलान किया है. यह जानकारी वाईएसआरसीपी के नेता विजयसाई रेड्डी ने दी. उन्होंने कहा कि हमारे नेता जगन मोहन रेड्डी ने एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ का समर्थन करने का फैसला किया है.
शिवजी पर कथित ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने पर छत्तीसगढ़ स्कूल के प्रधानाध्यापक गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को भगवान शिव के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. बोरिया पुलिस चौकी प्रभारी रजनीश सिंह ने कहा कि कुंडीखुर्द के एक स्कूल के प्रधानाध्यापक फूलजेंस तिग्गा (53) को शनिवार को सोशल मीडिया पर भगवान शिव पर कथित ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के बाद गिरफ्तार किया गया.
अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस की दिग्गज नेता जेसी दुवार्ते का निधन
दक्षिण अफ्रीका की प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी और अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) की उप महासचिव यासमीन ‘जेसी’ दुवार्ते का लंबे समय तक कैंसर से जूझने के बाद रविवार को निधन हो गया. वह 68 वर्ष की थीं. एएनसी ने पुष्टि की कि रविवार तड़के दुवार्ते ने अंतिम सांस ली. दुवार्ते पिछले साल नवंबर से स्वास्थ्य अवकाश पर थीं, क्योंकि उनका कैंसर का इलाज चल रहा था. वह सत्तारूढ़ दल एएनसी की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद (एनईसी) की सबसे लंबे समय तक सदस्य रहीं. वह 1999 में तत्कालीन राष्ट्रपति टी मबेकी के नेतृत्व में पहली बार एनईसी की सदस्य चुनी गयीं थीं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए