कोलकाता में ममता बनर्जी से मिलेंगे अरविंद केजरीवाल, अध्यादेश के खिलाफ विपक्ष की बैठक करेगी कांग्रेस

Updated at : 23 May 2023 4:06 PM (IST)
विज्ञापन
कोलकाता में ममता बनर्जी से मिलेंगे अरविंद केजरीवाल, अध्यादेश के खिलाफ विपक्ष की बैठक करेगी कांग्रेस

अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा कि आज से दिल्ली के लोगों के हक के लिए देश भर में निकल रहा हूं. सुप्रीम कोर्ट ने बरसों बाद आदेश पारित करके दिल्ली के लोगों के साथ न्याय किया, उन्हें उनके हक दिए.

विज्ञापन

नई दिल्ली : केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के अभियान के तहत पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को कोलकाता में अपने समकक्ष आम आदमी पार्टी (आप) के संरक्षक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगी. संभावना यह जाहिर की जा रही है कि इस मुलाकात के दौरान ममता बनर्जी विपक्षी एकता को मजबूत करने को लेकर अरविंद केजरीवाल के साथ चर्चा करेंगी. इसके साथ ही, खबर यह भी है कि दिल्ली में ‘सेवाओं’ पर अधिकार को लेकर केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को समर्थन करने का फैसला किया है. हालांकि, कांग्रेस ने कहा है कि इस मुद्दे पर पहले वह विपक्षी पार्टियों के साथ बातचीत करेगी. विपक्षी पार्टियों के साथ होने वाली बैठक की तारीख और जगह का एक-दो दिन में ऐलान कर दिया जाएगा.

प्रशासनिक सेवाओं पर केंद्र के अध्यादेश पर होगी चर्चा

मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल की अपनी समकक्ष ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे. पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी से मुलाकात के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी केजरीवाल से साथ होंगे. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर अध्यादेश को लेकर केंद्र के खिलाफ अपनी सरकार की लड़ाई में विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने की कोशिशों में जुटे हैं.

पूरे देश से समर्थन लेंगे केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा कि आज से दिल्ली के लोगों के हक के लिए देश भर में निकल रहा हूं. सुप्रीम कोर्ट ने बरसों बाद आदेश पारित करके दिल्ली के लोगों के साथ न्याय किया, उन्हें उनके हक दिए. केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर वो सारे हक वापस छीन लिये. जब ये कानून राज्यसभा में आएगा, तो इसे किसी हालत में पास नहीं होने देना. सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों से मिलकर उनका साथ मांगूंगा.

बंद कमरे में मिलेंगे केजरीवाल से ममता बनर्जी

मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पश्चिम बंगाल के ‘आप’ नेताओं के साथ संक्षिप्त बैठक के बाद दोनों नेता तृणमूल कांग्रेस प्रमुख से मिलने के लिए राज्य सचिवालय नबान्न जाएंगे. टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी (केजरीवाल और ममता की) राज्य सचिवालय में एक बंद कमरे में बैठक होने वाली है. वे अगले साल होने वाले आम चुनावों के लिए संभावित रणनीतियों पर भी चर्चा कर सकते हैं. इसके बाद अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान मंगलवार शाम को कोलकाता से वापसी की उड़ान भरेंगे.

Also Read: दिल्ली पर किसका राज? केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ रामलीला मैदान में महारैली करेगी ‘आप’

बुधवार को उद्धव ठाकरे से करेंगे मुलाकात

इससे पहले, अरविंद केजरीवाल सेवा संबंधी अध्यादेश को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात कर चुके हैं. नीतीश ने इस मामले में केंद्र के साथ लड़ाई में ‘आप’ को पूरा समर्थन समर्थन देने का अश्वासन दिया है. केजरीवाल बुधवार को मुंबई में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता शरद पवार से भी मुलाकात कर सकते हैं. केंद्र सरकार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और दानिक्स कैडर के अधिकारियों के तबादले और उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्यवाही के लिए राष्ट्रीय राजधानी लोक सेवा प्राधिकरण गठित करने के वास्ते 19 मई को अध्यादेश लेकर आई थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola