जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले तीन दिनों में पांचवीं बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए आज तड़के पुंछ जिले में भारतीय चौकियों को निशाना बनाया.
पाक सैनिकों ने पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर मोर्टार और रॉकेट दागे तथा गोलीबारी की. सीमा की सुरक्षा के लिए इन चौकियों पर तैनात भारतीय जवानों ने उनका मुंहतोड़ जवाब दिया.
रक्षा प्रवक्ता एस एन आचार्य ने आज यहां बताया ,पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा और दुर्गा बटालियन इलाकों में स्थित भारतीय चौकियों पर रात एक बजकर 50 मिनट पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की, मोर्टार और रॉकेट दागे.
उन्होंने कहा ,यह पाकिस्तान की ओर से किया गया संघर्षविराम का एक और उल्लंघन था. उन्होंने बताया कि देर रात से सुबह छह बजे तक गोलीबारी जारी रही.आचार्य ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की गयी इस गोलीबारी में जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ.
पाकिस्तानी सैनिकों ने दुर्गा बटालियन इलाके में कल रात नौ बजकर पचास मिनट पर भी छोटे हथियारों से गोलीबारी की और पुंछ स्थित नियंत्रण रेखा पर मोर्टार दागे.उन्होंने बताया कि गोलीबारी करीब तीन घंटे तक चली और भारतीय जवानों ने उसका जवाब दिया.
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों पर शुक्रवार रात करीब सात घंटे तक मोर्टार और भारी हथियारों से 7000 गोलियां दागी. भारतीय सेना ने इसे हाल के समय में ‘संघर्षविराम का सबसे बड़ा उल्लंघन’ करार दिया है.
भारतीय सेना ने प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की. किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. रक्षा विभाग के प्रवक्त एसएन आचार्य ने शनिवार को कहा, ‘पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार रात 10:20 बजे पुंछ जिले के दुर्गा बटालियन इलाके में नियंत्रण रेखा पर स्थित कई भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की.’