Lucknow News: 'अखिलेश-प्रियंका पर हमला, योगी सरकार की तारीफ', लखनऊ से अमित शाह ने फूंका चुनावी बिगुल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 29 Oct 2021 1:35 PM
Amit shah in Lucknow: अमित शाह ने सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कार्यकर्ताओं को आह्वान किया है कि आगामी चुनाव में बीजेपी को 300 से अधिक सीट जीताने के लिए काम करें. उन्होंने इस दौरान सपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा है.
उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज लखनऊ दौरे पर पहुंचे हैं. यहां पर उनका स्वागत सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शुक्ला और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किया. वहीं अमित शाह ने सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यूपी में 300 पार का संकल्प हमने लिया है.
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार के लिए सत्ता सेवा का जरिया है. उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने यूपी में 90 फीसदी वादों को पूरा कर दिया है. उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पूछते थे, मंदिर कब बनेगा. अखिलेश जी हमारी सरकार ने नींव रख दी है, जल्द गगनचुंबी इमारत वाला मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा.
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक अमित शाह पार्टी नेताओं से चुनावी संबंधित तैयारियों के बारे में चर्चा करेंगे. बताया जा रहा है कि अमित शाह इस बैठक में विधायकों और मंत्रियों के कामकाज का भी फीडबैक लेंगे. इस बैठक के लिए पार्टी ने विधायकों के साथ लोकसभा चुनाव के दौरान जिला प्रभारियों को भी बुलाया है.
बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को यूपी में बंपर जीत मिली थी, उस दौरान अमित शाह यूपी बीजेपी के प्रभारी महासचिव थे. वहीं 2017 के चुनाव में जब बीजेपी की सरकार बनी, तो अमित शाह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे. ऐसे में 2022 के चुनाव से पहले अमित शाह का यह दौरा काफी अहम है.
बीजेपी की इस बैठक में अमित शाह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शुक्ला, बीजेपी संगठन प्रभारी राधामोहन सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान सहित तमाम बड़े नेता शामिल होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










