Jharkhand Breaking News LIVE: पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव में सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल
Jharkhand Breaking News Live Updates: कांग्रेस विधायक जयमंगल सिंह और प्रदीप यादव के आवास पर इनकम टैक्स का छापा. झारखंड की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव में सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल
बंदगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत बंदगांव प्रखंड की लुम्बई मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टकराया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक का रोड़ो बताया गया, वहीं अमित मछुआ समेत एक अन्य घायल है. दोनों घायलों को बंदगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया, लेकिन अमित की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे खूंटी रेफर कर दिया गया. इधर, सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया.
लातेहार के चंदवा में एक लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार
चंदवा : लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा थाना की पुलिस को एक लाख रुपये के इनामी नक्सली जितेंद्र गंझू उर्फ जीवन जी (26 वर्ष) पिता सघन गंझू को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नक्सली रवींद्र गंझू दस्ते का सदस्य रहा है.
गिरिडीह में RJD नेता कैलाश यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह : राजद नेता कैलाश यादव हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी मुकेश राय को पुलिस ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार कारतूस, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी हत्या, लूटपाट समेत कई संगीन अपराध में शामिल रह चुका है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुकेश राय को बेंगाबाद थाना इलाके के मोतीलेदा से गिरफ्तार किया गया.
धनबाद की बिराजपुर पंचायत सचिवालय में मजदूरों का हंगामा
धनबाद : मनरेगा में काम करने के बाद भी चार महीने से मजदूरी नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने शुक्रवार को गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र की बिराजपुर पंचायत सचिवालय के समीप धरना दिया. इस सचिवालय में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. इसी दौरान नाराज मजदूरों ने मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया और शिविर में पहुंचे लोगों को अंदर जाने से रोका. प्रमुख निर्मला सिंह, सीओ रामजी वर्मा और पूर्व प्रमुख डीएन सिंह के समझाने के बाद ही मजदूरों ने धरना खत्म किया. मालूम हो कि मनरेगा के तहत बिराजपुर पंचायत के लतवेधी बरवाडी में डोभा निर्माण एवं निश्चितपुर में जमीन समतलीकरण में 159 मजदूरों से काम कराया गया था. इसके एवज में मजदूरों का 4 लाख 52 हजार 196 रुपये का मजदूरी भुगतान रुका हुआ है. इसको लेकर ही मजदूर नाराज थे.
कांग्रेस नेता सरदार लकी सिंह के आवास पहुंची IT टीम, पूछताछ जारी
IT टीम बेरमो जरीडीह बाजार निवासी और कांग्रेस नेता सरदार लकी सिंह के आवास पहुंची है और उनसे पूछताछ की जा रहीं है.
पलामू के चियांकी हवाई अड्डा पहुंचे CM हेमंत सोरेन, वरीय पदाधिकारियों ने किया स्वागत
पलामू के मेदिनीनगर स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन. श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, मानव संसाधन मंत्री आलमगीर आलम, जनता का अभिवादन किया. दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया और पलामू जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित पत्रिका का विमोचन किया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए