Breaking News: केंद्र सरकार ने सीजेआई से अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया
Breaking News Updates : संसद का मानसून सत्र जारी है. रेपो रेट तय करने के लिए आज से आरबीआई मौद्रिक नीति समिति की बैठक शुरू होगी. यूएस स्पीकर नैंसी पेलोसी ताइवान के दौरे पर हैं. चीन ताइवान से भिड़ने के लिए तैयार बैठा है. प्रवर्तन निदेशालय पूरे एक्शन में है. दिनभर की ताजा अपडेट खबरों के लिए आप हमारे साथ बने रहें.
केंद्र सरकार ने सीजेआई से अपने उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने का अनुरोध किया
विधि एवं न्याय मंत्रालय ने प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति एन वी रमण के कार्यालय को बुधवार को पत्र लिखकर उनसे नये सीजेआई के नाम की सिफारिश करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है. वह 26 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. तय परंपरा के अनुसार, सीजेआई अपने उत्तराधिकारी के रूप में वरिष्ठतम न्यायाधीश के नाम की सिफारिश करते हैं. न्यायमूर्ति उदय उमेश ललित वरिष्ठता क्रम में न्यायमूर्ति रमण के बाद दूसरे स्थान पर हैं.
पेलोसी की ताइवान की सफल यात्रा के बाद चीन ने कड़ी जवाबी कार्रवाई की धमकी दी
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की ताइपे की सफल यात्रा के बाद चीन ने बुधवार को कहा कि वह एक चीन नीति का उल्लंघन करने को लेकर अमेरिका और ताइवान के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी जवाबी कदम उठाएगा. चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने यहां एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि हम वही करेंगे जो हमने कहा है. कृपया थोड़ा धैर्य रखें. चीन कहता रहा है कि ताइवान उसका अलग हुआ हिस्सा है और एक दिन यह फिर से मुख्य भूमि से जुड़ जाएगा.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राहुल गांधी को बताया पार्ट टाईम गैर-जिम्मेदार राजनेता
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. प्रह्लाद जोशी ने कहा कि राहुल गांधी विरोध प्रदर्शन करते ही रहते हैं. चर्चा हो गई, जवाब हो गया, सब कुछ हो गया उन्हें कुछ पता नहीं चलता. वो इधर-उधर घूमते रहते हैं, उन्हें कुछ पता नहीं चलता, वो पार्ट टाईम गैर-जिम्मेदार राजनेता हैं.
हरियाणा: कुलदीप बिश्नोई ने विधायक पद से दिया इस्तीफा, भाजपा में शामिल होने की तैयारी
कांग्रेस के विधायक कुलदीप बिश्नोई ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा से इस्तीफा दे दिया. वह बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होंगे. कांग्रेस ने जून में हुए राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई के क्रॉस वोटिंग करने के बाद उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था. आदमपुर से मौजूदा विधायक बिश्नोई ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को अपना इस्तीफा सौंपा. बिश्नोई के इस्तीफे के बाद अब हिसार जिले की आदमपुर सीट पर उपचुनाव कराना होगा.
नैंसी पेलोसी के रवाना होते ही 27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में घुसे
अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के रवाना होने के थोड़ी ही देर बाद 27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में पहुंचे. पेलोसी के दौरे के एलान के बाद से ही चीन लगातार अमेरिका और ताइवान को धमकाता रहा है.
सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने हेराल्ड हाउस में स्थित यंग इंडियन के ऑफिस को सील करते हुए निर्देश दिया कि एजेंसी की अनुमति के बिना परिसर को नहीं खोला जाए. कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम और अन्य वरिष्ठ नेता एआईसीसी मुख्यालय पहुंचे है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए