Bihar Breaking News Live: चिराग पासवान ने पार्टी की बुलाई बैठक, राष्ट्रीय और प्रदेश के पदाधिकारी होंगे शामिल
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
चिराग पासवान ने पार्टी की बुलाई बैठक, राष्ट्रीय और प्रदेश के पदाधिकारी होंगे शामिल
चिराग पासवान के द्वारा रविवार को पटना में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गयी है. पार्टी के सभी राष्ट्रीय और प्रदेश के पदाधिकारी शामिल होंगे. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने जानकारी दी.
पटना में लूटपाट करने वाले 2 अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी बरामद और आईफोन बरामद
राजधानी पटना में लूटपाट करने वाले एक अपराधी गिरोह के 2 शातिर सदस्यों को गोपालपुर थाना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से लूटा हुआ स्कूटी और दो मोबाइल और एक आईफोन भी बरामद किया है. पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ जब पकड़ा गया बदमाश नीट की तैयारी करने वाला निकला. इतना ही नहीं, नीट की तैयारी करने से पहले वह कोटा से अपनी पढ़ाई भी कर चुका है.
गया-डोभी रोड पर कंटेनर के धक्के से युवक की मौत, दूसरा घायल
गया-डोभी रोड पर बेलागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ाव के समीप शनिवार की सुबह कंटेनर के धक्के से बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मरने वाला युवक अतरी थाना क्षेत्र के नन्हु बिगहा गांव निवासी महावीर साव का 20 वर्षीय पुत्र पवन कुमार राजा बताया जाता है. बेलागंज थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घायल युवक की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के टाली गांव के रहनेवाले विकास कुमार के रूप में की गयी है, जिसे बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है.
शिक्षक भर्ती के खिलाफ नियोजित अध्यापक करेंगे प्रदर्शन, पटना में होगा महाजुटान
शिक्षक नियुक्ति नियमावली 2023 में संशोधन कर सभी नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी में समायोजन करने, समान काम समान वेतन एवं पुरानी पेंशन लागू करने को लेकर प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक नियोजित शिक्षक एवं पुस्तकालय अध्यक्ष लगातार संघर्षरत है. सरकार के शिक्षा व शिक्षक विरोधी नीति के विरुद्ध विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान 10 जुलाई को शिक्षक पटना में जुटेंगे. उक्त बातें बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही.
सासाराम में वज्रपात से बुजुर्ग की मौत
सासाराम में दरीगांव थाना क्षेत्र के जमहत गांव में ठनका गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गयी. मृतक गांव निवासी स्व बसलोचन चेरो का बेटा भोला चेरो बताया जा रहा है. इसकी जानकारी दरीगांव थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने दी है. उन्होंने बताया कि बुजुर्ग बधार में निकला हुआ था. इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गयी. बारिश के दौरान घर वापस लौटने लगे, वज्रपात हुआ और उनकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है.
शिक्षक भर्ती का आवेदन तिथि बढ़ाने पर BPSC के संयुक्त सचिव ने कहा-अध्यक्ष लेंगे फैसला
शिक्षक भर्ती का फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थी को बीपीएससी की साइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अभ्यर्थी स्लो सर्वर से परेशान हैं. इसे लेकर बीपीएससी ने दावा कि किया है कि आज शाम तक सर्वर ठीक हो जाएगा. BPSC के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश शर्मा ने फॉर्म भरने की तारीख बढ़ाने के सवाल पर कहा कि इस मामले पर अध्यक्ष फैसला लेंगे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए