Summer Vacation Best Hill Station : इस समर वेकेशन कर सकते हैं इन खूबसूरत हिल स्टेशनों को एक साथ कवर

Published by :Preeti Singh Parihar
Published at :14 Apr 2026 6:10 PM (IST)
विज्ञापन
Summer Vacation Best Hill Station

Summer Vacation Best Hill Station

गर्मी की छुट्टियां शुरू होने में अब दो से तीन हफ्ते रह गये हैं और इन गर्मियों में किस हिल स्टेशन का रुख किया जाये, इसके लिए लोगों ने सर्च इंजन पर खोजबीन शुरू कर दी है. आपकी खोजबीन को आसान बनाने के लिए हम लेकर आ रहे हैं कुछ कुछ ऐसे हिल स्टेशनों की जानकारी, जिन्हें एक बार में कवर कर सकते हैं. आप भी अगर समर वेकेशन की कर रहे हैं तैयारी, तो बना सकते हैं इन खूबसूरत हिल स्टेशनों में घूमने का प्लान ...

विज्ञापन

Summer Vacation Best Hill Station  : अप्रैल बीतने को है और मई आने को, यानी समर वेकेशन अब पलक झपकते आ जायेगा. मई-जून की तपती दोपहरों के दिनों में से कुछ दिन निकाल कर ठंडी हवा के झोकों के बीच गुजारना चाहते हैं, यानी इस बार फैमिली को लेकर किसी हिल स्टेशन में जाना चाहते हैं, तो अभी से तैयारी कर सकते हैं. क्योंकि, किसी भी यात्रा की पहले से प्लानिंग और बुकिंग आपकी यात्रा को सुगम बनाने के साथ आपके बजट को भी सीमित रखने में मदद कर सकती है. इसके लिए सबसे जरूरी है कि आप सबसे पहले अपना हॉलीडे डेस्टिनेशन चुनें. आज हम बता रहे हैं आपको उत्तरखंड के ऐसे पांच छोटे-छोटे हिल स्टेशनों के बारे में, जिन्हें आप अपनी पांच से छह दिन की छुट्टियों में एक साथ कवर कर सकते हैं.

देहरादून से करें शुरुआत

दिल्ली से देहरादून का सफर सड़क मार्ग से, जहां पहले छह से सात घंटे में तय होता था, देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यह दूरी महज ढाई से तीन घंटे की हो जायेगी, जिसका 14 अप्रैल, 2026 को पीएम नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया. आप यहां ट्रेन से भी पहुंच सकते हैं. देहरादून जानेवाली कई ट्रेनें हैं और देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस एक बेहतरीन विकल्प है. देहरादून, जोकि उत्तराखंड की राजधानी भी है, में देखने के लिए बहुत कुछ है. लेकिन सबसे अधिक लोकप्रिय हैं गुच्चूपानी रॉबर्स केव, टपकेश्वर महादेव मंदिर, सहस्रधारा, लच्छीवाला नेचर पार्क, देहरादून जू, फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट, माइंड्रोलिंग मठ, मां संतला देवी मंदिर.

अगले दिन जा सकते हैं मसूरी

उत्तराखंड में स्थित मसूरी देहरादून से महज 35 किलोमीटर है और यह भारत का एक प्रसिद्ध हिल स्टेशन है, जिसमें प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर स्थानों के लिहाज से देखने और महसूस करने के लिए बहुत कुछ है. ‘पहाड़ों की रानी’ के नाम से मशहूर मसूरी के मॉल रोड से आप बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों को निहार सकते हैं और यहां के कैफे को एक्सप्लोर कर सकते हैं. इसके बाद 15 किलोमीटर दूर केम्पटी फॉल्स जा सकते हैं, यह जगह अब बहुत कमर्शियल हो गयी है, लेकिन एक बार जाना तो बनता है. इसके अलावा मसूरी में गन हिल और लाल टिब्बा बेहतरीन जगहें हैं. थोड़े सुकून के पल चाहते हैं, तो लैंडौर जाएं और चार दुकान में चाय व केक का लुफ्त उठायें. लैंडौर में प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड भी रहते हैं.

एक दिन धनौल्टी के लिए रखें

धनौल्टी भी देहरादून के पास स्थित एक बेहद शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है. इसकी देहरदून से दूरी 60 किलोमीटर है और मसूरी से यह जगह महज 25 से 30 किलोमीटर है. आप यहां रुक भी सकते हैं, इस छोटी सी जगह में कुछ अच्छे बजट होटल उपलब्ध हैं. यहां के मुख्य आकर्षण हैं देवदार के घने जंगलों से घिरा इको पार्क, सुरकंडा देवी मंदिर, धनौल्टी एडवेंचर पार्क आदि.

देखें कानाताल की खूबसूरती

कानाताल देहरादून से लगभग 75 किलोमीटर है और आप अगर धनौल्टी से ही आगे बढ़ जायें, तो यह दूरी महज 55 किलोमीटर रह जाती है. आपको यह जगह एक जादुई शांति से भर देगी और पहाड़ का असली एहसास करायेगी. प्रकृति की गोद में बसा कानाताल कैंपिंग के लिए भी एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है. यहां से आप रात में तारों भरा खुला आकाश देख सकते हैं और दिन में हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों में बंदरपूंछ, केदारनाथ और चौखंबा देख सकते हैं, क्योंकि यह जगह समुद्र तल से लगभग 2,590 मीटर (8,500 फीट) की ऊंचाई पर स्थित है.

चकराता जाने का भी है विकल्प

देहरादून से 90 किलोमीटर दूर स्थित यह हिल स्टेशन एक ‘कैंटोनमेंट’ है, इसलिए यहां बहुत शांति है. टाइगर फॉल, चिल्मिरी नेक, बुढेर गुफाएं, देवबन, कनासर यहां के मुख्य आकर्षण हैं.

यह भी पढें : Char Dham Yatra 2026 : जल्द खुलने वाले हैं बद्रीनाथ, केदारनाथ के कपाट, करें यात्रा की तैयारी

यह भी पढ़ें : Best sunrise and sunset beach in andaman : अनोखे सूर्योदय व सूर्यास्त के लिए है प्रसिद्ध भारत का यह द्वीप

विज्ञापन
Preeti Singh Parihar

लेखक के बारे में

By Preeti Singh Parihar

Senior Copywriter, 15 years experience in journalism. Have a good experience in Hindi Literature, Education, Travel & Lifestyle...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola