Khatron Ke Khiladi 15: टास्क जीतकर भी गौरव खन्ना ने क्यों छोड़ा शो? रोहित शेट्टी के पैर छूकर फूट-फूटकर रोए

Updated:
विज्ञापन

गौरव खन्ना खतरों के खिलाड़ी 15 से बाहर, फोटो- इंस्टाग्राम

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

खतरों के खिलाड़ी 15 में गौरव खन्ना ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया. एलिमिनेशन टास्क जीतकर भी उन्होंने शो से बाहर होने का ऐलान कर दिया. जानिए क्यों लिया उन्होंने यह कदम और इसका क्या असर हुआ.

विज्ञापन

Khatron Ke Khiladi 15: ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में गौरव खन्ना ने ऐसा फैसला लिया कि जीतने के बाद भी उन्हें शो छोड़ना पड़ा. गौरव ने एलिमिनेशन टास्क में सबसे अच्छा परफॉर्म किया और दो झंडे निकालकर टास्क जीत लिया. यानी उनके पास आगे बढ़ने का पूरा मौका था. लेकिन इसके बाद उन्होंने खुद शो से बाहर होने की बात कह दी. उनकी बात सुनकर रोहित शेट्टी से लेकर बाकी कंटेस्टेंट्स तक हैरान रह गए. आखिर जीत के बाद भी गौरव ने शो छोड़ने का फैसला क्यों किया, आइए बताते हैं.

विज्ञापन

एलिमिनेशन टास्क में गौरव ने मारी बाजी

लेटेस्ट एपिसोड में रोहित शेट्टी ने गौरव, रुबीना दिलैक और रुहानिका धवन के सामने एलिमिनेशन टास्क रखा. टास्क में तीनों को हवा में लटके एक प्लेटफॉर्म पर चढ़ना था और वहां लगे झंडों को निकालना था.

गौरव ने बिना ज्यादा परेशानी के दो झंडे निकाल लिए. रुबीना एक झंडा ही निकाल पाईं, जबकि रुहानिका प्लेटफॉर्म से फिसल गईं और टास्क पूरा नहीं कर सकीं. नियम के हिसाब से रुहानिका को शो से बाहर होना था.

लेकिन कहानी यहीं बदल गई.

जीत के बाद गौरव बोले- मैं शो छोड़ना चाहता हूं

टास्क खत्म होने के बाद गौरव ने रोहित शेट्टी से कहा कि वह शो से बाहर होना चाहते हैं. गौरव ने बताया कि लगातार मुश्किल टास्क करने का असर उनकी सेहत पर पड़ रहा है.

गौरव की कोहनी में चोट भी है. उन्हें पता था कि आगे के टास्क और मुश्किल होने वाले हैं. ऐसे में उन्हें लगा कि वह उनमें अपना 100 फीसदी नहीं दे पाएंगे. इसलिए उन्होंने खुद ही आगे बढ़ने के बजाय शो छोड़ने का फैसला किया.

गौरव ने कहा कि वह किसी ऐसे कंटेस्टेंट की जगह नहीं लेना चाहते, जो पूरी तरह फिट है.

ये भी पढ़ें: Khatron Ke Khiladi 15 Winner: अविनाश मिश्रा या फरहाना भट्ट, कौन बना विनर, इस पोस्ट में खुला सस्पेंस

गौरव के फैसले से बच गईं रुहानिका

गौरव के इस फैसले ने रुहानिका धवन का सफर बचा लिया. टास्क पूरा नहीं करने की वजह से रुहानिका को बाहर होना था, लेकिन गौरव के खुद बाहर होने से उन्हें शो में बने रहने का मौका मिल गया.

रुहानिका भी गौरव को रोकना चाहती थीं. उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश की कि वह शो न छोड़ें. लेकिन गौरव ने अपना फैसला ले लिया था और वह पीछे नहीं हटे.

रोहित के पैर छूकर रो पड़े गौरव

गौरव के लिए शो छोड़ना भी आसान नहीं था. वह रोहित शेट्टी के सामने काफी इमोशनल हो गए और अपने फैसले के लिए उनसे और बाकी कंटेस्टेंट्स से माफी मांगी.

इसके बाद उन्होंने रोहित शेट्टी के पैर छुए और फूट-फूटकर रोने लगे. गौरव को इस तरह भावुक देखकर बाकी कंटेस्टेंट्स भी इमोशनल हो गए.

सोशल मीडिया पर भी गौरव के फैंस ने उनके फैसले की तारीफ की. लोगों को खास तौर पर उनका किसी दूसरे कंटेस्टेंट की जगह न लेने वाला फैसला पसंद आया.

वाइल्ड कार्ड बनकर लौटे थे गौरव

गौरव का ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का सफर पहले ही खत्म हो चुका था. वह शो से एलिमिनेट हो गए थे. इसके बाद उन्हें वाइल्ड कार्ड के तौर पर दोबारा एंट्री मिली.

वापसी के बाद गौरव ने एक बार फिर खुद को साबित किया और एलिमिनेशन टास्क भी जीत लिया. लेकिन सिर्फ एक हफ्ते बाद ही उन्होंने शो को अलविदा कह दिया.

दो बड़े रियलिटी शो जीत चुके हैं गौरव

गौरव खन्ना टीवी की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं. ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया के किरदार से उन्हें खूब पहचान मिली. वह 20 साल से ज्यादा समय से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं.

रियलिटी शोज की बात करें तो गौरव ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया’ और ‘बिग बॉस 19’ के विनर भी रह चुके हैं. दोनों शो जीतने के बाद वह ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में नजर आए, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी मर्जी से शो छोड़ दिया.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola