ड्रग्स केस में गए जेल, IIM का सपना टूटा, नौकरी के लिए भी तरसे... शोविक चक्रवर्ती की जिंदगी के वो विवाद, अब बिग बॉस में खुलेंगे राज
शौविक चक्रवर्ती, फोटो- प्रभात खबर
Showik Chakraborty: सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने शोविक चक्रवर्ती की जिंदगी में ऐसा तूफान लाया, जिसने सबकुछ बदलकर रख दिया. NCB की कार्रवाई, गिरफ्तारी और करीब तीन महीने जेल में रहने के बाद उनका करियर बर्बाद हो गया. अब वह बिग बॉस 20 में धमाल मचाने वाले हैं.
Showik Chakraborty: सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद खुला ड्रग्स का एक ऐसा राज, जिसने रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक की जिंदगी की पूरी कहानी ही बदल दी. NCB ने शोविक को गिरफ्तार किया, ड्रग्स की खरीद, सप्लाई और पेमेंट से जुड़े गंभीर आरोप लगाए और देखते ही देखते वह सुर्खियों से सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए. करीब तीन महीने बाद जमानत मिली, लेकिन तब तक बहुत कुछ बदल चुका था... जेल के दरवाजे तो खुल गए, मगर करियर के दरवाजे बंद होते चले गए.
अब शोविक चक्रवर्ती बिग बॉस 20 के घर में अपनी जिंदगी का वो चैप्टर खोलने जा रहे हैं, जिसे अब तक कैमरों से दूर रखा गया. सलमान खान के शो में वह किससे पंगा लेंगे, किसके साथ दोस्ती करेंगे और किसके सामने अपनी जिंदगी का दर्द बयां करेंगे, ये तो घर में एंट्री के बाद ही पता चलेगा.
लेकिन उससे पहले कहानी को थोड़ा पीछे ले चलते हैं...
कभी 23 साल की उम्र में करियर के सपने देखने वाला शोविक, अचानक पुलिस स्टेशन और कोर्ट के चक्कर लगाने लगे.

पहला विवाद... सुशांत की मौत के बाद ड्रग्स केस में आया नाम
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद ड्रग्स से जुड़े एक मामले में शोविक चक्रवर्ती का नाम सामने आया. NCB का आरोप था कि शोविक ड्रग्स की खरीद, सप्लाई और पेमेंट की व्यवस्था में कथित तौर पर शामिल थे. एजेंसी के मुताबिक, उनके कुछ ड्रग सप्लायर्स से संपर्क भी थे. जांच एजेंसी ने अपने केस में बयानों, चैट्स और कथित लेन-देन को आधार बनाया था. एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया था कि कुछ डिलीवरी सुशांत के स्टाफ तक पहुंचाई गई थीं.
View on Instagram
दूसरा विवाद... 4 सितंबर को हुई गिरफ्तारी और फिर जेल
जांच आगे बढ़ी तो NCB ने शोविक के खिलाफ कार्रवाई की. 4 सितंबर 2020 को शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और वह करीब तीन महीने जेल में रहे. दिसंबर 2020 में मुंबई की विशेष अदालत ने उन्हें जमानत दे दी. जेल से बाहर आने के बाद शोविक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था- 'सत्यमेव जयते'.
View on Instagram
तीसरा विवाद... 23 साल की उम्र में 2 कंपनियों के डायरेक्टर बने शोविक
सितंबर 2019 में रिया चक्रवर्ती ने सुशांत के पैसों से दो कंपनियां शुरू की थीं, जिनमें महज 23 साल की उम्र में शोविक चक्रवर्ती डायरेक्टर बन गए थे. इन दोनों कंपनियों के नाम फ्रंट इंडिया फाउंडेशन फॉर वर्ल्ड और विविड रेज रियलिटी प्राइवेट लिमिटेड है.
विविड रेज रियलिटी में वेबसाइट मेंटेनेंस और मल्टीमीडिया प्रेजेंटेशन से जुड़े काम किए जाते हैं, जबकि फ्रंट इंडिया फाउंडेशन फॉर वर्ल्ड एक नॉन-प्रॉफिट ऑर्गेनाइजेशन है, जिसे गरीबों की मदद के मकसद से बनाया गया था. इन दोनों कंपनियों को लेकर ED ने भी जांच की थी. एजेंसी को शक था कि रिया और शोविक ने इन्हीं कंपनियों के जरिए सुशांत के पैसे हड़पने की कोशिश की थी.
View on Instagram
चौथा विवाद... जिस IIM में जाना था, वहां पहुंच ही नहीं पाए
शोविक की कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट शायद यही था.
रिया चक्रवर्ती के मुताबिक, उनके भाई पढ़ाई में काफी अच्छे थे. उन्होंने CAT परीक्षा में 97% अंक हासिल किए थे और IIM में एडमिशन भी ले लिया था. फीस तक जमा हो चुकी थी, लेकिन फिर आया साल 2020... गिरफ्तारी हुई और शोविक की पढ़ाई का पूरा प्लान वहीं रुक गया.
View on Instagram
कहानी का सबसे दर्दनाक हिस्सा जेल से बाहर आने के बाद शुरू हुआ.
रिया ने बताया कि जेल से निकलने के बाद दोनों भाई-बहनों के लिए दोबारा नॉर्मल लाइफ शुरू करना आसान नहीं था. फिल्मों में काम नहीं मिल रहा था और शोविक कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी के लिए स्ट्रगल कर रहे थे. रिया ने कहा कि वह दोनों घर पर ही बैठे रहते थे और समाज ने उन्हें 'कैंसिल' कर दिया था. हालात इतने खराब थे कि कोई कंपनी शोविक को नौकरी देने के लिए तैयार नहीं थी.
View on Instagram
कौन हैं शोविक चक्रवर्ती?
शोविक चक्रवर्ती का जन्म 28 अगस्त 1996 को बेंगलुरु में हुआ था. उनकी बड़ी बहन रिया चक्रवर्ती फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में काम कर चुकी हैं. शोविक ने शुरुआती पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल से की और इसके बाद मुंबई के बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में पढ़ाई पूरी की. शुरुआत से ही उनकी रुचि पढ़ाई के साथ-साथ फाइनेंस और बिजनेस में बताई जाती रही है. शोविक का नाम एक्टिंग से ज्यादा बिजनेस और एंटरप्रेन्योरशिप की दुनिया से जुड़ा रहा है.
ये भी पढ़ें: दिशा केस में आदित्य ठाकरे का दर्द छलका- 6 साल से बदनाम कर रहे... पिता बोले- बेटी-सुशांत की मौत का है 100% कनेक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए