तापसी पन्नू के ‘परवरिश’ वाले बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, ‘सस्ती कॉपी’ कहकर फिर साधा निशाना
कंगना रनौत और तापसी पन्नू, फोटो - इंस्टाग्राम
कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुराना विवाद फिर गरमा गया है. तापसी के हालिया बयान पर कंगना ने पलटवार करते हुए उन्हें 'सस्ती कॉपी' कहा और माता-पिता को लेकर तीखी टिप्पणी की. जानें इस बार क्या है पूरा मामला.
कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है. तापसी ने हाल ही में कंगना के साथ अपने पुराने मतभेदों पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि किसी व्यक्ति को लेकर उनकी राय उसकी परवरिश और चीजों को देखने के तरीके से प्रभावित होती है. तापसी के इस बयान के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर पलटवार किया.
कंगना ने तापसी को फिर कहा ‘सस्ती कॉपी’
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बिना नाम लिए तापसी पर निशाना साधा. उन्होंने तापसी को फिर ‘सस्ती कॉपी’ कहा और उनकी आने वाली फिल्म का जिक्र करते हुए तीखी बात कही. कंगना ने कहा कि
“एक सस्ती कॉपी अपनी आने वाली बी-ग्रेड फिल्म के साथ घूम रही है, लेकिन हमेशा की तरह मीडिया के लिए सुर्खियों का मुद्दा सिर्फ कंगना रनौत है. लेकिन आज उसने सारी हदें पार कर दीं और बेशर्मी से मेरी परवरिश और मेरे माता-पिता का मजाक उड़ाया. मेरा मानना है कि सभी माता-पिता अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं और मैं कभी किसी बहस में किसी के माता-पिता को नहीं लाती. लेकिन आज मैं उसके माता-पिता से भी पूछना चाहती हूं कि वे मेरे माता-पिता की तरह किसी मौलिक इंसान को जन्म क्यों नहीं दे सके? एक सस्ती कॉपी क्यों? आपकी कोशिशों के लिए मुझे अफसोस है.”

‘मेरे माता-पिता प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं’
कंगना ने अपनी अगली इंस्टाग्राम स्टोरी में तापसी के बयान से जुड़ी खबर शेयर की. इस बार उन्होंने सीधे तापसी का नाम लिया. कंगना ने कहा कि उनके माता-पिता एक प्रतिष्ठित राजपूत जमींदार परिवार से आते हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें पढ़े-लिखे और सम्मानित माता-पिता ने पाला है. कंगना ने यह भी कहा कि अपने दम पर करियर शुरू करना उनका खुद का फैसला था. इसलिए उन्हें अपने माता-पिता और परिवार को इस विवाद में शामिल करना गलत लगा.
तापसी ने कंगना को लेकर क्या कहा था?
तापसी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘गांधारी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसी दौरान एक इंटरव्यू में उन्होंने कंगना के साथ अपने पुराने विवाद पर बात की. तापसी ने कहा था कि उन्होंने कंगना से कभी मुलाकात नहीं की है. उन्होंने यह भी कहा कि कंगना को लेकर उनकी सोच उनकी अपनी परवरिश, बोलने के तरीके और चीजों को देखने के नजरिए से जुड़ी है. तापसी के इसी बयान में ‘परवरिश’ का जिक्र कंगना के जवाब की वजह बना.
View on Instagram
2019 में शुरू हुआ था दोनों का विवाद
कंगना और तापसी के बीच विवाद काफी पुराना है. साल 2019 में कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर तापसी को ‘सस्ती कॉपी’ कहा था. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई.
साल 2020 में यह विवाद और बढ़ गया. उस दौरान कंगना ने तापसी और कुछ अन्य अभिनेत्रियों के लिए ‘बी-ग्रेड’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था. दोनों के बीच हुई इस तकरार की बॉलीवुड में काफी चर्चा हुई थी.
तापसी ने दोस्ती की बात भी कही थी
लगातार मतभेदों के बावजूद तापसी कई बार कह चुकी हैं कि वह कंगना के साथ दोस्ती के खिलाफ नहीं हैं. दोनों अभिनेत्रियां एक-दूसरे को लेकर कई बार बयान दे चुकी हैं. हालांकि, हालिया बातचीत में तापसी ने यह भी साफ किया कि उनकी कंगना से मुलाकात नहीं हुई है.
View on Instagram
कंगना ने बाद में हटा दीं दोनों पोस्ट
कंगना ने तापसी को लेकर इंस्टाग्राम पर जो दोनों स्टोरी शेयर की थीं, उन्हें बाद में हटा दिया गया. हालांकि, पोस्ट हटाए जाने से पहले ही उनके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर सामने आ गए थे. इसके बाद कंगना और तापसी का पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया.
ये भी पढ़ें: बचपन में करिश्मा कपूर की पूजा करती थीं कंगना रनौत, रेयर फोटो शेयर कर खोला सालों पुराना राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए