ePaper

MeToo: अब इस एक्ट्रेस ने खोली जुबान, कहा- आलोक नाथ का व्यवहार फिल्मी दुनिया में एक खुला राज था

Updated at : 11 Oct 2018 11:03 PM (IST)
विज्ञापन
MeToo: अब इस एक्ट्रेस ने खोली जुबान, कहा- आलोक नाथ का व्यवहार फिल्मी दुनिया में एक खुला राज था

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने गुरुवार को कहा कि अभिनेता आलोक नाथ ‘जेकेल एंड हाइड’ (दोहरे चरित्र वाले) की तरह हैं और ‘शिकार’ बनाने का उनका व्यवहार फिल्मी जगत में एक ‘खुला राज’ था, जो अब सबके सामने आ चुका है. कई फिल्मों और टीवी शो में आलोक नाथ के साथ काम कर […]

विज्ञापन

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने गुरुवार को कहा कि अभिनेता आलोक नाथ ‘जेकेल एंड हाइड’ (दोहरे चरित्र वाले) की तरह हैं और ‘शिकार’ बनाने का उनका व्यवहार फिल्मी जगत में एक ‘खुला राज’ था, जो अब सबके सामने आ चुका है.

कई फिल्मों और टीवी शो में आलोक नाथ के साथ काम कर चुकीं हिमानी ने कहा कि वह विन्ता नंदा के उस फेसबुक पोस्ट को पढ़कर स्तब्ध थीं जिसमें ‘हम आपके हैं कौन’ फिल्म के अभिनेता पर बलात्कार का आरोप लगाया गया. हिमानी ने बताया, यदि उसने (नाथ) ऐसा किया है तो यह बहुत बुरा है. आप अपनी ताकत का इस्तेमाल कर किसी महिला को उसकी मर्जी के खिलाफ कुछ भी करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते.

महिलाओं के लिए यह मुश्किल होता है. ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘परदेस’, ‘कभी खुशी कभी गम’ जैसी फिल्मों और ‘घर एक सपना’ जैसे टीवी शो में आलोक नाथ के साथ काम कर चुकीं हिमानी ने कहा उनके साथ अभिनेता का व्यवहार हमेशा अच्छा रहा, लेकिन दूसरी अभिनेत्रियों से उन्हें उनकी कहानियां सुनने को मिलती थी.

उन्होंने कहा, दिन के समय हमने जब भी शूटिंग की तो वह विनम्र और सामान्य रहते थे, लेकिन शराब पीने के बाद वह बिल्कुल जेकेल एंड हाइड (दोहरे चरित्र वाले) बन जाते थे. वह पूरी तरह बदल जाते थे. मैंने अभिनेत्रियों से सुना कि उनके (आलोक नाथ के) साथ काम करने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था.

हिमानी ने कहा, लोग उस वक्त उतना बोलना नहीं चाहते थे, यहां तक कि विन्ता ने कई साल बाद इसका खुलासा किया. उन्होंने कहा कि आलोक नाथ की संस्कारी वाली छवि तो मीडिया ने बनायी थी, लेकिन असभ्य व्यवहार के लिए अक्सर उनकी खिंचाई होती थी. हिमानी ने कहा, आईटीए अवॉर्ड के लिए जब हम एक बार दुबई में थे तो उन्होंने शराब पी ली थी.

उनकी पत्नी चिंता में थी और उनके व्यवहार से परेशान थी, क्योंकि वह नशे में धुत थे. एक बार उन्हें खुले में पेशाब करते पकड़ा गया था और बदतमीजी करने के कारण उन्हें विमान से भी उतार दिया गया था. उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि मीडिया को उनकी छवि के बारे में गलत सूचना थी. हर कोई जानता है कि वह कैसे इंसान हैं. इस क्षेत्र में कुछ चीजें खुला राज हैं.

फिल्मी दुनिया में अपने सफर के बारे में हिमानी ने कहा कि यह जगह ऐसी कहानियों से भरी पड़ी है और उन्हें भी उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा था. हिमानी ने कहा, हां, यह फिल्मी दुनिया का हिस्सा है. इसमें नामी चेहरे थे. हो सकता है कि कभी मैं ‘मीटू’ में अपनी भी कहानी बताऊं. लेकिन काफी जानेमाने और अहम लोगों ने मेरा फायदा उठाने की कोशिश की और मुझसे बदसलूकी की.

उन्होंने कहा, वे आज भी सक्रिय हैं. जब मैं नाम लेना चाहूंगी तो मैं उनका नाम ले लूंगी. यह कोई एक नाम नहीं होगा, कई नाम होंगे. मेरे करियर के शुरुआती दिनों में ऐसी घटनाएं हुई थीं. मैं सनसनीखेज खबर का हिस्सा नहीं बनना चाहती. हिमानी ने कहा कि शारीरिक तौर पर उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया लेकिन अभिनेताओं, निर्देशकों और निर्माताओं ने उनका फायदा उठाने की कोशिश की थी, लेकिन मैं उन्हें रूखा सा जवाब देती थी और कहती थी कि यह नहीं चलने वाला.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola