ePaper

JPSC ने किया बड़ा बदलाव, अब ऑनलाइन होगा उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन, जानें क्यों लिया गया यह फैसला

Updated at : 25 Jun 2024 9:15 AM (IST)
विज्ञापन
जेपीएससी

जेपीएससी

जेपीएससी मूल्यांकन कार्य में गोपनीयता बरकरार रखने के लिए और गड़बड़ी की संभावना को रोकने के लिए उत्तरपुस्तिकाओं की कोडिंग करेगा.

विज्ञापन

संजीव सिंह, रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल सेवा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में बड़ा बदलाव किया है. 11वीं, 12वीं व 13वीं सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहली बार ऑनलाइन होगा. मूल्यांकन कार्य के लिए देश भर के प्रमुख विश्वविद्यालयों से 155 विषय विशेषज्ञों को मूल्यांकन कार्य का जिम्मा दिया गया है. ऑनलाइन व्यवस्था को प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए आयोग ने 100 कंप्यूटर का अपना लैब भी तैयार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू तथा रिजल्ट प्रकाशन में हो रहे विलंब को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष डॉ मेरी नीलिमा केरकेट्टा ने पहली बार इसमें बड़ा बदलाव किया है. इस मूल्यांकन कार्य की पूरी मॉनिटरिंग खुद अध्यक्ष डैश बोर्ड के माध्यम से करेंगी. मूल्यांकन से पूर्व सभी उत्तरपुस्तिकाओं को सावधानीपूर्वक स्कैन कर कंप्यूटर पर अपलोड कर दिया जायेगा. इसके बाद बारीकी से मूल्यांकन कर अंक दिये जायेंगे. इससे पारदर्शिता भी आयेगी. आयोग ने जुलाई तक इंटरव्यू तथा रिजल्ट प्रकाशित करने का लक्ष्य रखा है.

उत्तरपुस्तिका की कोडिंग की जायेगी

मूल्यांकन कार्य में गोपनीयता बरकरार रखने तथा गड़बड़ी की किसी प्रकार की संभावना को रोकने के लिए आयोग इस बार सभी उत्तरपुस्तिकाओं की कोडिंग करेगा. इससे परीक्षक को उत्तरपुस्तिका में नाम या रोल नंबर के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलेगी. 200 अंकों के पेपर में जेनरल स्टडीज, इनवायरमेंट व टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन अलग-अलग विषय के विशेषज्ञ करेंगे. कुल पांच सेक्शन के लिए परीक्षक द्वारा एक विषय का मूल्यांकन करने के बाद अगले विषय का मूल्यांकन के लिए स्वत: उत्तरपुस्तिका अगले विषय विशेषज्ञ के पास चली जायेगी. पूर्व में उक्त पेपर के मूल्यांकन के लिए अलग-अलग विषय विशेषज्ञ के पास बंडल में उत्तरपुस्तिका भेजी जाती थी. कई विषय के विशेषज्ञ की कमी रहने या फिर मूल्यांकन में देरी करने से रिजल्ट प्रभावित होता था.

342 पदों के लिए मुख्य परीक्षा सोमवार को समाप्त हो गयी

11वीं, 12वीं, 13वीं जेपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 24 जून को समाप्त हो गयी. इसके लिए रांची में 342 परीक्षा केंद्र बनाये गये थे. परीक्षा में 7011 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किया गया था, लेकिन परीक्षा में 80 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए.

Also Read: JPSC Mains 2024: जेपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 22 जून से, जानें लास्ट मिनट टिप्स

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola