Stock Market Live Updates: प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स 160 अंक चढ़ा, निफ्टी 19300 के पार खुला
Stock Market Live Updates: बुधवार को सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरूआत अच्छी हो सकती है. हालांकि, ज्यादातर एशियाई बाजारों में नरमी का रुख देखने को मिल रहा है. मगर, गिफ्ट निफ्टी में हल्की बढ़त देखने को मिल रही है. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ठंडा पड़ा है और यह 5% से नीचे देखने को मिला है. इस बीच अमेरिकी बाजार में दिग्गज कंपनियों के नतीजों के बीच कल डाओ 200 प्वाइंट से ज्यादा उछला. नैस्डैक भी करीब 1% ऊपर नजर आया. इससे पहले मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार विजयदशमी के कारण बंद था. हालांकि, सोमवार को भारतीय बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी.
Stock Market Live: प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स 160 अंक चढ़ा, निफ्टी 19300 के पार खुला
बेहतर ग्लोबल संकेतों के बीच आज भारतीय शेयर बाजार की शुरूआत काफी अच्छी हुई है. प्री-ओपनिंग में BSE सेंसेक्स 145.05 अंक यानी 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 64,712.90 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 41.00 अंक यानी 0.21 फीसदी की बढ़त के साथ 19322.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.
Stock Market Live: गिफ्ट निफ्टी दे रहा संकेत, मजबूत हो सकती है भारतीय बाजार की शुरुआत
Stock Market Live: बुधवार को सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरूआत अच्छी हो सकती है. हालांकि, ज्यादातर एशियाई बाजारों में नरमी का रुख देखने को मिल रहा है. मगर, गिफ्ट निफ्टी में हल्की बढ़त देखने को मिल रही है. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड ठंडा पड़ा है और यह 5% से नीचे देखने को मिला है.
बेंगलुरु से सिंगापुर के बीच एयर इंडिया की सीधी उड़ान सेवा शुरू
एयर इंडिया ने बेंगलुरु और सिंगापुर के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू की है. एयरलाइन ने सोमवार को यह जानकारी दी. कंपनी ने बयान में कहा कि यह उड़ान सेवा 22 अक्टूबर से शुरू हुई है. यह उड़ान एआई 392 बेंगलुरु से रात 10.30 बजे प्रस्थान कर सिंगापुर अगले दिन तड़के 5.40 बजे पहुंचेगी. वहां से वापसी उड़ान एआई 393 सुबह 6.40 बजे चलकर बेंगलुरु में 8.35 बजे (सभी स्थानीय समय) पहुंचेगी. यह उड़ान एयरबस ए321 विमान द्वारा संचालित की जाएगी. इसमें 170 ‘इकनॉमी’ और 12 ‘बिजनेस’ श्रेणी की सीटें होंगी. उड़ान का परिचालन सप्ताह में चार दिन सोमवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को किया जाएगा. कंपनी ने बयान में कहा कि नए संपर्क से दोनों शहरों के बीच पर्यटन और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और इससे यात्रियों, विद्यार्थियों और कारोबारियों को मदद मिलेगी.
बायजू के सीएफओ अजय गोयल ने ऑडिट पूरा करने के बाद दिया इस्तीफा
शैक्षिक प्रौद्योगिकी कंपनी बायजू के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) अजय गोयल ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए ऑडिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद पद छोड़ दिया है. वह वेदांता में वापस लौट जाएंगे. कंपनी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, शैक्षणिक जगत के दिग्गज प्रदीप कनकिया को वरिष्ठ सलाहकार के रूप में नियुक्त किया है. कंपनी के अध्यक्ष (वित्त) नितिन गोलानी को कंपनी के वित्त कार्य को संभालने के लिए भारत के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है. अजय गोयल ने कहा कि मैं बायजू के संस्थापकों तथा सहकर्मियों को तीन महीने में वित्त वर्ष 2022 का ऑडिट तैयार करने में मदद करने के लिए धन्यवाद देता हूं. मैं बायजू में एक छोटे लेकिन प्रभावशाली कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन की सराहना करता हूं. कंपनी वित्त वर्ष 2022 के लिए वित्तीय परिणाम घोषित करने के लिए लंबे समय से कुछ मंजूरी का इंतजार कर रही है.
दशहरा के अवसर पर बीएसई, एनएसई बंद रहेंगे
भारतीय शेयर बाजार आज दशहरा के अवसर पर बंद रहेगा. इक्विटी, डेरिवेटिव और एसएलबी समेत सभी सेगमेंट आज कारोबार के लिए बंद रहेंगे. मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज भी सुबह के सत्र के लिए बंद रहेगा लेकिन शाम के सत्र में 5 से 11:30 बजे के बीच कारोबार के लिए खुला रहेगा. 2023 में शेयर बाजार की छुट्टियों की सूची के अनुसार, अक्टूबर महीने में दो शेयर बाजार छुट्टियों में से यह दूसरी है. इससे पहले, भारतीय शेयर बाजार 2 अक्टूबर, 2023 को गांधी जयंती के अवसर पर बंद था.
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस का दूसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 45.9 प्रतिशत बढ़ा, 383 करोड़ की हुई कमाई
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) का शुद्ध लाभ 45.9 प्रतिशत बढ़कर 383 करोड़ रुपये रहा है. कंपनी ने इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 262.63 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था. गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि सितंबर, 2023 की तिमाही में उसकी कुल आमदनी बढ़कर 1,779.4 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले साल की समान तिमाही में 1,683.43 करोड़ रुपये थी. समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की ब्याज आय 1,702.86 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,597.54 करोड़ रुपये थी. कंपनी का खर्च 1,272.29 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,343 करोड़ रुपये रहा था. कंपनी की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) घटकर 1.78 प्रतिशत रह गईं, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 6.06 प्रतिशत पर थीं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए