भारत में 62 फीसदी घटा सोने का आयात: PM की अपील का असर या ग्लोबल मार्केट का खेल? एक्सपर्ट से समझें

Updated:
विज्ञापन

PM मोदी की अपील के बाद बदला सोने का बाजार.फोटो-X

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

PM मोदी की अपील के बाद सोने की मांग और आयात में कमी आई. जानिए विशेषज्ञों के अनुसार कीमतों में गिरावट की असली वजह क्या है?

विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों से एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की थी. इस अपील के बाद देश में सोने की खरीदारी और आयात को लेकर कई तरह के बदलाव देखने को मिले. खासकर कीमत और मांग में गिरावट आई है.लेकिन क्या सोने की कीमतों में आई गिरावट की सबसे बड़ी वजह प्रधानमंत्री की यह अपील है? या फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलते हालात, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की रणनीति का भी कीमतों पर बड़ा असर पड़ा है?

विज्ञापन

इन सवालों का जवाब जानने के लिए हमने आंकड़ों का विश्लेषण किया और इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के नेशनल सेक्रेटरी और प्रवक्ता,सीए सुरेंद्र मेहता और अर्थशास्त्री प्रोफेसर अरुण कुमार से बातचीत की. प्रभात खबर एक्सप्लेनर में समझिए, भारत में सोने की कीमतों और मांग में गिरावट के पीछे क्या है असली वजह?

क्या PM मोदी की अपील से आया बदलाव?

जानकारों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा, एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील के पीछे मुख्य वजह देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव को रोकना था. दरअसल, भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर सोना विदेशों से खरीदता है. इसके लिए देश को बड़ी मात्रा में डॉलर खर्च करने पड़ते हैं. जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत बढ़ती है, तो भारत का आयात बिल भी बढ़ जाता है. इससे देश के व्यापार घाटे और विदेशी मुद्रा पर दबाव पड़ सकता है. प्रधानमंत्री की अपील का मकसद लोगों को सोने की गैर-जरूरी खरीदारी से बचने के लिए प्रोत्साहित करना था, ताकि विदेशों से सोना मंगाने पर होने वाला खर्च कम किया जा सके.

  • अर्थशास्त्री प्रोफेसर अरुण कुमार का मानना है कि सोने की खरीदारी में आई कमी को सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. इसके पीछे बाजार की परिस्थितियां भी बड़ी वजह हैं. उनके मुताबिक, पिछले दो वर्षों में सोने की कीमतों में काफी तेजी आई थी. ऐसे में सोना आम खरीदारों की पहुंच से दूर होता गया. वहीं, जिन लोगों ने ऊंची कीमतों पर सोना खरीदा था, वे भी बाजार में अनिश्चितता और आगे कीमतों में गिरावट की आशंका के कारण नई खरीदारी से बच रहे हैं. इसलिए आयात में कमी के पीछे कीमतों में तेजी, कमजोर खरीद क्षमता और निवेशकों की सतर्कता जैसे कारण भी हैं.
  • सोने की कीमतों में गिरावट को लेकर सुरेंद्र मेहता का कहना है कि इसके पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियां हैं. उन्होंने कहा कि सोने की कीमतों में कमी का सीधा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील नहीं है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ता है. मेहता के मुताबिक, जब तेल की कीमतें नीचे आएंगी और बॉन्ड यील्ड में गिरावट होगी, तब सोने की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिलेगी.

ये भी पढ़ें: सिर्फ कंपनियां नहीं, सरकार भी है जिम्मेदार! क्यों नहीं बढ़ रही आम लोगों की कमाई? एक्सपर्ट से समझिए वजह

सोने की कीमतों में कमी के कारण बाजार में क्या बदलाव आया? इसे समझने के लिए आंकड़ों को देखते हैं.

भारत में सोने का आयात कितना घटा?

  • Metals Focus के आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में भारत का सोने का आयात सालाना आधार पर करीब 4 फीसदी घटकर 29.4 टन था. जून में आयात में 20 फीसदी और जुलाई में 23.7 फीसदी की गिरावट आई. वहीं, विश्व स्वर्ण परिषद (WGC) की 17 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच भारत में करीब 470 टन सोने का आयात हुआ. यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले यह लगभग 14 फीसदी कम है. इसी अवधि में सोने के आयात का कुल मूल्य करीब 47.36 अरब डॉलर रहा, जो सालाना आधार पर 6 फीसदी कम है. अक्टूबर में सोने का आयात बढ़कर करीब 70 टन पहुंच गया, जबकि सितंबर में यह लगभग 23 टन था. हालांकि, अक्टूबर 2025 में भारत ने करीब 128 टन सोना आयात किया था. इस तरह अक्टूबर 2026 का आयात पिछले साल के मुकाबले काफी कम रहा.

आंकड़े क्या बताते हैं?

  • वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की 13 नवंबर 2026 को जारी अक्टूबर महीने की शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में भारत ने 14,724.39 मिलियन डॉलर का सोना आयात किया था. अक्टूबर 2026 में यह घटकर 5,511.60 मिलियन डॉलर रह गया. यानी सालाना आधार पर सोने के आयात के मूल्य में 62.57 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई. वहीं अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच सोने का आयात 24,782.88 मिलियन डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 41,238.21 मिलियन डॉलर था. इस तरह सात महीने की अवधि में आयात मूल्य में 39.90 फीसदी की गिरावट आई. ध्यान देने वाली बात यह है कि ये आंकड़े डॉलर में आयात के मूल्य के हैं, सोने की मात्रा के नहीं.

घरेलू बाजार में सोने की मांग कितनी घटी?

  • विश्व स्वर्ण परिषद की 3 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच भारत में सोने की कुल मांग 444 टन रही. यह पिछले साल की समान अवधि के 504.5 टन के मुकाबले करीब 12 फीसदी कम है. जुलाई से सितंबर 2026 के बीच सोने की कुल मांग 162 टन रही. पिछले साल इसी तिमाही में यह करीब 228 टन थी. यानी सालाना आधार पर इसमें 29 फीसदी की गिरावट आई. इस दौरान आभूषणों की मांग 20 फीसदी घटकर 99.9 टन रह गई. वहीं सोने के बार और सिक्कों की मांग 40 फीसदी घटकर 55 टन रही. हालांकि, सोने की मात्रा कम खरीदने के बावजूद लोगों का खर्च बढ़ा है. जनवरी से सितंबर के बीच सोने की मांग का कुल मूल्य 6,688 अरब रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 38 फीसदी ज्यादा है. इसका मतलब है कि लोग कम मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, लेकिन ऊंची कीमतों के कारण उस पर ज्यादा पैसा खर्च कर रहे हैं.

2025 बनाम 2026: भारत में सोने का आयात और मांग

आंकड़ा20252026बदलाव
सोने का आयात मूल्य
अक्टूबर$14.72 अरब$5.51 अरब62.57% कमी
अप्रैल-अक्टूबर$41.24 अरब$24.78 अरब39.90% कमी
सोने की घरेलू मांग (मात्रा)
आभूषण (जुलाई-सितंबर)125 टन99.9 टन20% कमी
सिक्के और बार (जुलाई-सितंबर)91.6 टन55 टन40% कमी
आभूषण (जनवरी-सितंबर)295.4 टन241.1 टन18% कमी
सिक्के और बार (जनवरी-सितंबर)184.4 टन167.5 टन9% कमी

नोट : आयात का मूल्य अमेरिकी डॉलर में है. घरेलू मांग सोने की मात्रा (टन) में है.

ये भी पढ़ें: 2600 कंपनियों ने 3 महीने में कमाए ₹4.5 लाख करोड़, सैलरी सिर्फ 5.3% बढ़ी; कितनी जायज है PM मोदी की चिंता?

सोने की कीमतों में गिरावट की वजह क्या है?

अरुण कुमार का कहना है कि सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे तीन बड़े कारण हैं.

  • पहला, पिछले कुछ वर्षों में कीमतों में असाधारण तेजी आने के बाद निवेशकों में मुनाफावसूली और आगे गिरावट का डर है.
  • दूसरा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनिश्चितता कम होने से सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग प्रभावित हुई है.
  • तीसरा, अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने भी सोने पर दबाव बनाया है.
Image

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव

  • भारत में सोने का भाव काफी हद तक अंतरराष्ट्रीय बाजार से प्रभावित होता है. अगर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमत गिरती है तो उसका असर भारत में भी देखने को मिलता है. 2026 में सोने की कीमतों में पहले काफी तेजी आई थी, लेकिन इसके बाद बाजार में गिरावट और करेक्शन देखने को मिला. सर्राफा बाजार रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी से 20 नवंबर के बीच दिल्ली में सोने की कीमतों में करीब 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बदली उम्मीदें

  • सोने की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों का भी काफी असर पड़ता है. दरअसल, सोना ऐसा निवेश है जिस पर निवेशकों को बैंक के ब्याज या बॉन्ड की तरह नियमित रिटर्न नहीं मिलता. ऐसे में जब ब्याज दरें कम होती हैं तो निवेशकों के लिए सोना खरीदना ज्यादा आकर्षक हो सकता है. लेकिन जब ब्याज दरें बढ़ने लगती हैं या लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका होती है, तो निवेशक अपना पैसा बॉन्ड और दूसरे ब्याज देने वाले निवेश विकल्पों में लगा सकते हैं. इससे सोने की मांग पर दबाव पड़ता है. 2026 में अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों में बदलाव हुआ. ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर होने और दरें बढ़ने की आशंका से सोने की कीमतों पर दबाव देखने को मिला.

डॉलर की मजबूती ने भी सोने को किया प्रभावित

  • सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमत डॉलर में तय होती है. ऐसे में जब डॉलर मजबूत होता है तो दूसरे देशों की मुद्रा में सोना महंगा पड़ सकता है. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में खरीदारों की मांग प्रभावित होती है. अरुण कुमार कहते हैं, जब अमेरिकी डॉलर को लेकर अनिश्चितता बढ़ती है, तब निवेशक डॉलर की जगह सोने को सुरक्षित विकल्प के तौर पर चुनते हैं. लेकिन जब डॉलर मजबूत होता है और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में निवेश के अवसर बेहतर दिखाई देते हैं, तो निवेशकों का पैसा फिर से अमेरिकी शेयर बाजार और टेक्नोलॉजी कंपनियों की तरफ जा सकता है. इसका असर सोने की निवेश मांग पर पड़ता है. यानी सोने की कीमत केवल उसकी घरेलू मांग से नहीं, बल्कि वैश्विक निवेशकों की रणनीति से भी प्रभावित होती है.

निवेशकों ने ऊंचे भाव पर मुनाफा वसूला

  • सोने की कीमतों में जब तेजी आती है तो कई निवेशक इसमें पैसा लगाते हैं. उनका मकसद कीमत बढ़ने पर सोना बेचकर मुनाफा कमाना होता है. लेकिन जब सोना बहुत ऊंचे स्तर पर पहुंच जाता है तो कुछ निवेशक अपना मुनाफा निकालना शुरू कर देते हैं. इसे मुनाफावसूली यानी प्रॉफिट बुकिंग कहते हैं. जब बड़ी संख्या में निवेशक एक साथ सोना बेचने लगते हैं तो बाजार में बिकवाली बढ़ जाती है. इससे कीमतों में गिरावट आ सकती है. 2026 में सोने की कीमतों में तेजी के बाद मुनाफावसूली भी गिरावट की एक वजह रही.

भारत में आयात शुल्क बढ़ने से खरीदी प्रभावित हुई

  • सोने की कीमतों पर घरेलू स्तर पर सरकारी नीतियों का भी असर पड़ता है. आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया. आयात शुल्क बढ़ने का सीधा मतलब है कि विदेशों से सोना खरीदकर भारत लाना महंगा हो जाता है. इसका असर घरेलू बाजार की कीमतों पर भी पड़ता है. जब सोना महंगा होता है तो आम खरीदार खरीदारी कम कर देते हैं. कई लोग गहने खरीदना टाल देते हैं या कम वजन के गहने खरीदते हैं. इस तरह ऊंची कीमत और आयात शुल्क दोनों घरेलू मांग को प्रभावित कर सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Gold Silver Price Crash: PM मोदी की अपील के बाद कितना सस्ता हुआ सोना? 6 महीने में ₹27270 की गिरावट, चांदी भी लुढ़की

क्या आगे सोने की मांग बढ़ सकती है?

विश्व स्वर्ण परिषद की 17 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में सोने की कीमतों में गिरावट और त्योहारों के दौरान खरीदारी के कारण बाजार में मांग बेहतर हुई. अक्टूबर में भारतीय गोल्ड ETF में लगातार पांचवें महीने निवेश आया. इसके अलावा धनतेरस और दिवाली के दौरान आभूषणों, बार और सिक्कों की खरीदारी भी अच्छी रही.

  • अरुण कुमार का कहना है कि सोने की कीमतों में आगे क्या बदलाव होगा, इसका निश्चित अनुमान लगाना मुश्किल है. कीमतों में गिरावट के दौरान कुछ निवेशक इसे खरीदारी का अवसर मान सकते हैं, जबकि कुछ निवेशक और गिरावट की आशंका में इंतजार कर सकते हैं. विशेषज्ञ के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में सोने की कीमतों में काफी तेजी आई थी. ऐसे में बाजार में अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है. डॉलर की मजबूती, अमेरिकी शेयर बाजार का प्रदर्शन और वैश्विक परिस्थितियां आगे सोने की कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी.
  • वहीं सुरेंद्र मेहता का मानना है कि सोने की कीमतों में आगे भी करीब 10 फीसदी गिरावट आने की उम्मीद है. हालांकि, उन्होंने कहा कि कीमतों का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है. उनके मुताबिक, इतिहास बताता है कि हर आठवें साल में सोने की कीमतें फिर बढ़ी हैं और अभी खरीदारी करने वालों को सात-आठ साल बाद अच्छा भाव मिल सकता है.

विश्व स्वर्ण परिषद का भी मानना है कि कम कीमत और शादी का सीजन आने वाले समय में आभूषणों की मांग को सहारा दे सकते हैं. हालांकि, कीमतों में दोबारा बड़ी तेजी आने पर खरीदारी प्रभावित हो सकती है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola