Live Updates

Business News Live: अदाणी पावर का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 83 प्रतिशत बढ़कर 8,759.42 करोड़ रुपये पहुंचा

Updated:
विज्ञापन

Business News Live: सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन बाजार में भारी बिकवाली के संकेत मिल रहे हैं. ग्लोबल सुस्ती के बीच भारतीय बाजार भी गिरकर खुला. सेंसेक्स में 0.42 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली. जबकि, NIFTY भी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ शुरू हुआ. इससे पहले बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स लगभग 677 अंक लुढ़क गया. वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी से बाजार नुकसान में रहा. एशिया के बाजार उठा पटक की स्थिति बनी हुई रही.

विज्ञापन

अदाणी पावर का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 83 प्रतिशत बढ़कर 8,759.42 करोड़ रुपये पहुंचा

अदाणी समूह की बिजली उत्पादक कंपनी अदाणी पावर लिमिटेड (एपीएल) का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में एकीकृत शुद्ध लाभ 83.3 प्रतिशत बढ़कर 8,759.42 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एपीएल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि आय में वृद्धि होने से उसका लाभ बढ़ा है. एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 4,779.86 करोड़ रुपये रहा था. आलोच्य अवधि में कंपनी की कुल आय बढ़कर 18,109.01 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 15,509 करोड़ रुपये रही थी. इस दौरान कंपनी का खर्च पिछले साल के 9,642.80 करोड़ रुपये से घटकर 9,309.39 करोड़ रुपये पर आ गया. देश में निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी तापीय-बिजली उत्पादक कंपनी ने अलग से जारी एक बयान में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में उसकी एकीकृत कर-पूर्व आय 41.5 प्रतिशत बढ़कर 10,618 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल की समान तिमाही में 7,506 करोड़ रुपये थी.

देश की सबसे लोकप्रिय छोटी कार बनी अल्टो, मारुति ने बेचे 45 लाख यूनिट

मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की लोकप्रिय छोटी कार ऑल्टो की 45 लाख से अधिक इकाइयां बिक चुकी हैं. कंपनी ने वर्ष 2000 में इस मॉडल को बाजार में उतारा था और 2004 तक यह देश की सबसे अधिक बिकने वाली कार बन गई थी. मारुति ने बृहस्पतिवार को बताया कि 2008 में इसकी 10 लाख से अधिक इकाइयां बिक गईं थी. 2012 में 20 लाख, 2016 में 30 लाख, अगस्त, 2020 में 40 लाख इकाइयां बिक चुकी थीं. कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि 45 लाख से अधिक इकाइयों की बिक्री ग्राहकों के इस मॉडल के प्रति भरोसे को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि कंपनी को भरोसा है कि ऑल्टो आगे भी लाखों परिवारों की पसंद बनी रहेगी.

बाजार में गिरावट का तीसरा दिन, सेंसेक्स 542.10 अंक टूट कर बंद, निवेशकों के करोड़ों डूबे

भारतीय बाजार में आज लगातार तीसरे दिन गिरावट का दौर जारी रहा. सेंसेक्स 542.10 अंक टूटकर 65,240.68 अंक पर और निफ्टी 144.90 अंक के नुकसान से 19,381.65 अंक पर बंद हुआ.

सेबी ने एनएसईएल मामले में एमएमटीसी का पंजीकरण रद्द किया

बाजार नियामक सेबी ने अब बंद हो चुकी नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड (एनएसईएल) से जुड़े मामले में गैरकानूनी ‘संबद्ध अनुबंध’ में संलिप्त रहने के लिए एमएमटीसी लिमिटेड का शेयर ब्रोकर के तौर पर पंजीकरण निरस्त कर दिया है. भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने अपने एक आदेश में एमएमटीसी का लाइसेंस रद्द करने के साथ ही उसे अपने ग्राहकों को 15 दिनों के भीतर प्रतिभूतियों या कोष को वापस निकालने या हस्तांतरण करने की अनुमति देने का निर्देश दिया है. सेबी ने बुधवार को जारी आदेश में कहा कि अगर कोई ग्राहक ऐसा नहीं कर पाता है तो एमएमटीसी को अगले 15 दिनों में उसका कोष या प्रतिभूति किसी दूसरे पंजीकृत ब्रोकर के पास हस्तांतरित करना होगा.

मैकडॉनल्ड्स ने मुंबई में खोला अपना पहला ‘ड्राइव थ्रू रेस्तरां’

खाद्य श्रृंखला मैकडॉनल्ड्स ने शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बृहस्पतिवार को एक नया आउटलेट खोला. कंपनी का दावा है कि हवाई अड्ड पर यह देश का पहला ‘ड्राइव थ्रू रेस्तरां’ हैं. ‘ड्राइव थ्रू रेस्तरां’ में एक खिड़की के माध्यम से सेवाएं दी जाती हैं. लोगों को सामान लेने के लिए गाड़ी से उतरने की जरूरत नहीं होती. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, मैकडॉनल्ड्स इंडिया (पश्चिम व दक्षिण) द्वारा खोला गया आउटलेट शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर स्थित है. यह चौबीसों घंटे खुले रहने वाला मैकडॉनल्ड्स का शहर में पहला रेस्तरां होगा. हवाई अड्डे पर स्थित यह रेस्तरां 3,000 वर्गफुट में फैला है. इसमें एक मैककैफे, एक भोजनालय क्षेत्र और एक टेकअवे काउंटर है. बयान के अनुसार, लोगों के लिए आउटलेट के पास एक अलग मार्ग (ड्राइव-थ्रू लेन) बनाया गया है जहां से वे बिना वाहन से उतरे अपना आर्डर दे सकते हैं. इसके साथ ही अब यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर मैकडॉनल्ड्स की तीन दुकानें हो गई हैं.

केंद्र सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट और कंप्यूटर के आयात पर लगायी रोक

केंद्र सरकार ने लैपटॉप, टैबलेट, ऑल-इन-वन पर्सनल कंप्यूटर, अल्ट्रा स्मॉल फॉर्म फैक्टर (यूएसएफएफ) कंप्यूटर और सर्वेर के आयात पर ‘अंकुश’ लगा दिया है. आयात अंकुश तत्काल प्रभाव से लागू है. किसी उत्पाद के आयात को अंकुश की श्रेणी में डालने का मतलब है कि उनके आयात के लिए लाइसेंस या सरकार की अनुमति अनिवार्य होगी. विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने बृहस्पतिवार को जारी अधिसूचना में कहा कि शोध एवं विकास, परीक्षण, बेंचमार्किंग और मूल्यांकन, मरम्मत और वापसी तथा उत्पाद विकास के उद्देश्य से प्रति खेप अब 20 वस्तुओं तक आयात लाइसेंस की छूट रहेगी. इस कदम का मकसद चीन जैसे देशों से आयात घटाना है. अधिसूचना में कहा गया है कि लैपटॉप, टैबलेट, ऑल-इन-वन पर्सनल कंप्यूटर और सर्वर के आयात को तत्काल प्रभाव से ‘अंकुश’ की श्रेणी में डाल दिया गया है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola