ePaper

औद्योगिक उत्पादन वृद्धि नवंबर में 0.5 फीसदी के साथ 17 महीने के निचले स्तर पर पहुंची

Updated at : 11 Jan 2019 10:45 PM (IST)
विज्ञापन
औद्योगिक उत्पादन वृद्धि नवंबर में 0.5 फीसदी के साथ 17 महीने के निचले स्तर पर पहुंची

नयी दिल्ली : औद्योगिक क्षेत्र की गतिविधियों को आंकने वाले औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में नवंबर माह में 0.5 फीसदी वृद्धि दर्ज की गयी. केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आईआईपी की वृद्धि दर का यह 17 महीने का निचला स्तर है. विनिर्माण क्षेत्र विशेषरूप से उपभोक्ता और पूंजीगत सामान […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : औद्योगिक क्षेत्र की गतिविधियों को आंकने वाले औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में नवंबर माह में 0.5 फीसदी वृद्धि दर्ज की गयी. केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आईआईपी की वृद्धि दर का यह 17 महीने का निचला स्तर है. विनिर्माण क्षेत्र विशेषरूप से उपभोक्ता और पूंजीगत सामान क्षेत्र का उत्पादन घटने से आईआईपी की वृद्धि दर काफी नीचे आ गयी. एक साल पहले नवंबर, 2017 में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर 8.5 फीसदी रही थी. इससे पहले जून, 2017 में औद्योगिक उत्पादन 0.3 फीसदी घटा था. अक्टूबर, 2018 की औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर संशोधित होकर 8.1 से 8.4 फीसदी हो गयी.

इसे भी पढ़ें : औद्योगिक उत्पादन अप्रैल में 0.8 प्रतिशत गिरा

चालू वित्त वर्ष के दौरान अप्रैल से नवंबर की अवधि में औद्योगिक उत्पादन की औसत वृद्धि दर पांच फीसदी रही है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 3.2 फीसदी रही थी. औद्योगिक उत्पादन में 77.63 फीसदी का भारांश रखने वाले विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन नवंबर में 0.4 फीसदी घटा है. एक साल पहले इसी महीने में इस क्षेत्र का उत्पादन 10.4 फीसदी बढ़ा था.

खनन क्षेत्र का उत्पादन नवंबर में 2.7 फीसदी बढ़ा, जबकि नवंबर, 2017 में क्षेत्र की वृद्धि दर 1.4 फीसदी रही थी. बिजली क्षेत्र की वृद्धि दर 5.1 फीसदी रही, जो एक साल पहले इस महीने में 3.9 फीसदी रही थी. वहीं, पूंजीगत सामान क्षेत्र का उत्पादन नवंबर में 3.4 फीसदी घट गया, जबकि नवंबर, 2017 में यह 3.7 फीसदी बढ़ा था. टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्र का उत्पादन भी 0.9 फीसदी घट गया. एक साल पहले समान महीने में इस क्षेत्र का उत्पादन 3.1 फीसदी बढ़ा था.

उपभोक्ता गैर-टिकाऊ क्षेत्र का उत्पादन नवंबर में 0.6 फीसदी घटा, जबकि एक साल पहले समान महीने में यह 23.7 फीसदी बढ़ा था. उद्योगों के संदर्भ से देखा जाये, तो विनिर्माण क्षेत्र के 23 उद्योग समूहों में से 10 का उत्पादन नवंबर में बढ़ा. प्रयोगकर्ता आधारित वर्गीकरण के अनुसार, पिछले साल के नवंबर महीने की तुलना में इस साल नवंबर में प्राथमिक वस्तुओं की वृद्धि दर 3.2 फीसदी, रही. मध्यवर्ती वस्तुओं की वृद्धि दर नकारात्मक 4.5 फीसदी रही. वहीं, बुनियादी ढांचा-निर्माण वस्तुओं की वृद्धि दर पांच फीसदी रही.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola