UK के पूर्व PM बोरिस जॉनसन चलाते दिखें Made in India बाइक, आनंद महिंद्रा ने शेयर किया वीडियो
बोरिस जॉनसन ने चलाई BSA Bantam (फोटो: @anandmahindra/X)
UK के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भारत में बनी BSA Bantam बाइक चलाते नजर आए. आनंद महिंद्रा ने इसका वीडियो शेयर किया है. Mahindra के मालिकाना हक वाली BSA की यह बाइक UK और यूरोप में बिकती है, जबकि इसे भारत में बनाया जाता है.
आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले बिजनेसमैन हैं. वह अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महिंद्रा और उसकी सब्सिडियरीज से जुड़ी दिलचस्प चीजें शेयर करते नजर आते हैं. इस बार उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. वीडियो में यूनाइटेड किंगडम (UK) के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन BSA Bantam मोटरसाइकिल चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
देखें वीडियो
इस वीडियो को आनंद महिंद्रा ने अपने X प्रोफाइल पर शेयर किया है. वीडियो में बोरिस जॉनसन अपनी मोटरसाइकिल के बारे में बताते हुए कहते हैं, “मेरे घर पर एक मोटरसाइकिल है, Birmingham Small Arms (BSA), जो भारत में बनती है.” इसके बाद वह BSA Bantam को Anglo-Indian तकनीकी सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बताते नजर आते हैं. वीडियो में बोरिस जॉनसन इस बाइक को खुले मैदान में चलाते हुए भी दिखाई देते हैं.
Mahindra के मालिकाना हक वाली BSA की खास बाइक
BSA को हम सभी एक ब्रिटिश ब्रांड के तौर पर जानते हैं, लेकिन अब इसकी मालिकाना हक भारतीय दिग्गज Mahindra Group के पास है. भारत में फिलहाल BSA के पोर्टफोलियो में Gold Star और 650 Scrambler जैसी बाइक्स शामिल हैं. हालांकि, UK में कंपनी एक एंट्री-लेवल रोडस्टर मोटरसाइकिल भी बेचती है, जिसका नाम Bantam है. खास बात यह है कि UK के पूर्व प्रधानमंत्री को भी इसी बाइक की सवारी करते हुए एक वीडियो में देखा गया है.
ये भी पढ़ें: लॉन्च से पहले डीलर यार्ड में दिखी Kia Sorento, 12.3-इंच स्क्रीन से लेकर पैनोरमिक सनरूफ तक दिखे ये फीचर्स
Jawa 42 FJ जैसी दिखती है नई Bantam
Bantam एक छोटी और आसानी से चलने वाली रोडस्टर बाइक है. इसका ओरिजिनल मॉडल 1948 से 1971 के बीच बनाया गया था. उस दौर में इसमें 123 से 173 cc का हल्का 2-स्ट्रोक इंजन मिलता था. अब कंपनी ने पुराने Bantam से प्रेरणा लेकर इसका नया मॉडल तैयार किया है, लेकिन इसमें आज के समय के हिसाब से मॉडर्न डिजाइन दिया गया है. देखने में यह बाइक Jawa 42 FJ जैसी लगती है. बताया जाता है कि दोनों बाइक्स एक ही प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई हैं.

Bantam का डिजाइन और पावरट्रेन
Bantam में सिर्फ सिंगल एग्जॉस्ट दिया गया है. बाइक में सिंगल-पीस सीट के साथ राउंड हेडलैम्प्स मिलते हैं, जिनमें LED लाइटिंग दी गई है. इसके फ्रंट और रियर शॉक एब्जॉर्बर के साथ हैंडलबार भी 42 FJ से लिए गए हैं. पीछे की तरफ बाइक को ज्यादा स्लीक लुक दिया गया है, जहां छोटे राउंड टेल लैंप्स और टर्न इंडिकेटर्स देखने को मिलते हैं.
पावर की बात करें तो Bantam में 344cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है. यह इंजन 29 PS की पावर और 29 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. वहीं, ब्रेकिंग के लिए बाइक में फ्रंट और रियर दोनों तरफ डिस्क ब्रेक मिलते हैं, साथ ही ABS भी दिया गया है.
भारत में तैयार होती है Bantam, विदेशों में होती है बिक्री
BSA फिलहाल भारत के अलावा यूनाइटेड किंगडम, तुर्की, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान जैसे बाजारों में मौजूद है. हालांकि, Bantam को सिर्फ UK और यूरोपीय बाजारों के लिए पेश किया गया है और इसे भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है. दिलचस्प बात यह है कि इस बाइक का निर्माण भारत में ही होता है और यहां से इसे दूसरे देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है. यही वजह है कि Mr. Johnson ने Bantam को भारत और ब्रिटेन के बीच मिलकर काम करने का एक अच्छा उदाहरण बताया है.
कीमत की बात करें तो Bantam को एंट्री-लेवल मोटरसाइकिल के तौर पर पेश किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत £3,499 रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 4.5 लाख रुपये के आसपास बैठती है. यह कीमत एक्स-शोरूम है.
ये भी पढ़ें: BYD की फ्लैश चार्जिंग का जलवा, सिर्फ 9 मिनट में 97% चार्ज हो रही EV, जानें कंपनी का 1,500kW सिस्टम कितना खास?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए