एक साल में भारत ने अमेरिकी नेताओं को कौन-कौन से गिफ्ट दिए? ट्रंप के विदेश मंत्रालय ने उपहारों की सूची जारी की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल को गिफ्ट देते हुए. फोटो-एक्स.
Indian leaders gifted their American counterparts: अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भारतीय नेताओं द्वारा उनके यूएस समकक्षों को दिए गए गिफ्ट्स की सूची जारी की है. 2024 की इस सूची में 480 अमेरिकी डॉलर तक के उपहारों को ही गिना गया है.
Indian leaders gifted their American counterparts: विदेशी नेताओं के बीच उपहारों का आदान-प्रदान कूटनीतिक परंपरा का हिस्सा होता है. अमेरिका में ऐसे सभी उपहारों का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा जाता है. हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने उन उपहारों की विस्तृत सूची सार्वजनिक की है, जो अमेरिकी नेताओं को विदेशी सरकारों की ओर से मिले. इस सूची में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य भारतीय अधिकारियों द्वारा अमेरिका के शीर्ष नेताओं को दिए गए कई उपहार भी शामिल हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुख्य प्रोटोकॉल अधिकारी के कार्यालय ने ‘विदेशी सरकारी स्रोतों से प्राप्त उपहारों’ की वार्षिक सूची जारी की है. इसमें भौतिक उपहारों के अलावा यात्रा से जुड़े ऐसे खर्च भी शामिल हैं, जिनकी कीमत तय सीमा से अधिक हो. कैलेंडर वर्ष 2024 (1 जनवरी से 31 दिसंबर) के लिए यह न्यूनतम सीमा 480 अमेरिकी डॉलर तय की गई थी.
सूची के अनुसार, 10 सितंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन को एक पारंपरिक उपहार सेट दिया था. इसमें लकड़ी का संदूक, एक स्कार्फ, केसर से भरा जार और चाय रखने के लिए लकड़ी का डिब्बा शामिल था. इनकी कुल अनुमानित कीमत 562 डॉलर बताई गई है. इनमें से गैर-नष्ट होने वाली वस्तुएं अमेरिकी राष्ट्रीय अभिलेखागार (NARA) को सौंप दी गईं, जबकि केसर और चाय जैसी नष्ट होने वाली चीजों को अमेरिकी गुप्तचर सेवा के नियमों के अनुसार निस्तारित कर दिया गया. बाइडन उस समय जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए थे.
इसके बाद 16 जुलाई 2024 को मोदी ने बाइडन को स्टर्लिंग सिल्वर से बना एक सजावटी ट्रेन सेट भेंट किया, जिसकी अनुमानित कीमत 7,750 डॉलर है. यह भी राष्ट्रीय अभिलेखागार को हस्तांतरित कर दिया गया.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 21 अक्टूबर 2024 को भारत के प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रथम महिला जिल बाइडन को एक पश्मीना शॉल भेंट किया था, जिसकी कीमत लगभग 2,969 डॉलर आंकी गई. यह शॉल भी एनएआरए को सौंप दी गई.
अजीत डोभाल ने भी दिया था गिफ्ट
सूची में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल द्वारा अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन को दिए गए उपहार का भी जिक्र है. 28 अगस्त 2024 को दिए गए इस उपहार में एक डिब्बे के साथ कश्मीरी पश्मीना स्कार्फ था, जिसकी अनुमानित कीमत 599 डॉलर थी. इसे सामान्य सेवा प्रशासन (GSA) को हस्तांतरित किया गया.
कमला हैरिस और उनकी पत्नी को दिया गया था उपहार
अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को 18 अक्टूबर 2024 को प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान कृष्ण की रासलीला दर्शाता हुआ चांदी का एक डिब्बा भेंट किया. इसकी कीमत लगभग 1,330 डॉलर बताई गई है और इसे भी एनएआरए को सौंप दिया गया. उसी दिन हैरिस के पति डगलस एमहॉफ को मोदी ने कफ-लिंक भेंट किए, जिनकी अनुमानित कीमत 585.65 डॉलर थी. ये भी अभिलेखागार में जमा करा दिए गए.
इसके अलावा, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा 24 नवंबर 2022 को तत्कालीन अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन को भेंट की गई ‘शिव नटराज’ की कांस्य प्रतिमा का भी उल्लेख सूची में है. इसकी अनुमानित कीमत 3,700 डॉलर है और इसका हस्तांतरण अभी सामान्य सेवा प्रशासन (GSA) को किया जाना बाकी है.
भाषा के इनपुट के साथ.
ये भी पढ़ें:- क्या इंडिया-ईयू ट्रेड डील से बर्बाद हो जाएगा बांग्लादेश? एक्सपर्ट्स ने 3 साल का टाइम बताया अहम, जानें क्या है प्रॉब्लम
ये भी पढ़ें:- ट्रंप प्रशासन की हरकतों पर कनाडा गुस्सा, वाशिंगटन पहुंचे सेपरेटिस्टों को बताया ‘देशद्रोही’, PM कार्नी ने क्या कहा?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




