Thailand Fire : बैंकॉक के पब में लगी भीषण आग, 27 की मौत, भयावह वीडियो आया सामने
बैंकॉक के पब में लगी आग (Photo: X)
Thailand Fire : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में आग लग गई. इसके बाद लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए. नीचे देखें आग लगने के बाद का भयावह वीडियो.
Thailand Fire : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार (12 जुलाई) देर रात एक पब में भीषण आग लग गई. हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. बचाव दल को आधी रात के आसपास आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पब के मेन गेट से तेज लपटें निकलती दिख रही हैं. लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए और पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया. देखें वीडियो.
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने दुर्घटना स्थल पर मीडियो से बात की. उन्होंने बताया कि इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य को अस्पताल ले जाया गया है. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने उस म्यूजिशियन से बात की, जो आग लगने के समय पब में प्रस्तुति दे रहा था. म्यूजिशियन ने बताया कि सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच के पास आग लगी. इसके बाद जोरदार धमाके हुए और कुछ ही मिनटों में धुआं व आग तेजी से फैल गई. कई लोग जान बचाने के लिए पब के पीछे और टॉयलेट की ओर भागे, लेकिन वहीं धुएं में फंस गए. सबसे ज्यादा शव भी वहीं मिले.
आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक भारी तबाही हो चुकी थी्. मरने वालों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं. 60 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि कई लोगों के अब भी लापता होने की खबर है.
थाईलैंड में इससे पहले भी हो चुकी हैं दर्दनाक घटनाएं
थाईलैंड में इस तरह की दर्दनाक आग की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की जान चली गई थी. वहीं, 1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सांटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान भीषण आग लग गई थी. इस हादसे में 66 लोगों की मौत हुई और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए. आग आतिशबाजी की वजह से लगी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए