ePaper

Earthquake: पाकिस्तान में भूकंप के तेज झटके, 11 की मौत, 160 से अधिक घायल

Updated at : 22 Mar 2023 7:29 AM (IST)
विज्ञापन
Earthquake: पाकिस्तान में भूकंप के तेज झटके, 11 की मौत, 160 से अधिक घायल

Earthquake: पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था. मीडिया की खबरों के अनुसार लाहौर, इस्लामाबाद, पेशावर, झेलम, शेखूपुरा, स्वात, नौशेरा, मुल्तान, स्वात, शांगला सहित विभिन्न स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए

विज्ञापन

Earthquake in Pakistan: पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में मंगलवार की रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. पाकिस्तान के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार भूकंप की तीव्रता 6.8 थी. भूकंप की वजह से यहां 11 लोगों की मौत हो गयी है, जबकि, 160 से अधिक घायल हो गए हैं. भूकंप के झटके भारत, अफगानिस्तान, किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान चीन समेत कई देशों में भी महसूस किए गए.

भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था

भूकंप के तेज झटके से लोग दहशत में आ गये और घबरा कर घर से बाहर निकल आये. पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था. लाहौर, इस्लामाबाद, पेशावर, झेलम, शेखूपुरा, स्वात, नौशेरा, मुल्तान, स्वात, शांगला सहित विभिन्न स्थानों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए.

रात के 10 बजकर 17 मिनट पर आया भूकंप

शक्तिशाली भूकंप रात 10 बजकर 17 मिनट पर आया। भूकंप के झटकों के बाद दहशत में लोग घरों से बाहर निकल आए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) की एक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में फैजाबाद से 133 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में 156 किमी की गहराई में था. पाकिस्तान में भूकंप की वजह से 160 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं.

मकान की छत गिरने से कई लोग घायल

घटना की जानकारी देते हुए ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने बताया कि भूकंप के समय, रावलपिंडी के एक बाजार में भगदड़ की सूचना मिली. खबर में कहा गया है कि खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के स्वाबी में एक मकान की छत गिरने से एक ही परिवार के कम से कम पांच सदस्य घायल हो गए.

भारत में भी भूकंप के झटके

पाकिस्तान के साथ-साथ भारत के कई राज्यों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गए. बता दें ये भूकंप के झटके हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू कश्मीर में महसूस किए गए. एक अधिकारी ने कहा कि भूकंप के ठीक बाद जम्मू क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मोबाइल सेवा बाधित हो गई. एनसीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र अक्षांश पर 36.09 डिग्री उत्तर और देशांतर पर 71.35 डिग्री पूर्व में 156 किमी की गहराई में था. उत्तरकाशी और चमोली ​सहित उत्तराखंड के कई जगहों पर भी झटके महसूस किए गए हैं. (भाषा इनपुट के साथ)

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola