Nvidia CEO 3rd Affair: 33 साल बाद पद छोड़ने वाले जेन्सेन हुआंग के तीसरे अफेयर का खुलासा, एक और महिला कर्मी से जुड़े तार
Nvidia के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग, फोटो एक्स
Nvidia के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग के तीसरे महिला से संबंध का खुलासा हुआ है. इससे पहले दो महिलाओं से अफेयर की खबर चर्चा में बनी हुई थी.
Nvidia Ex-CEO Affair: दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के पूर्व सीईओ जेन्सेन हुआंग बीते कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बने हुए हैं. हुआंग के दो महिलाओं से संबंध की खबर अब तक चर्चा में बनी हुई थी. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग के संबंध एक अन्य तीसरी महिला से भी थे. हालांकि इस महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. यह खुलासा पूर्व सीईओ के कंपनी से इस्तीफा देने के एक दिन बाद सामने आया.
दो महिलाओं के साथ अफेयर की खबर
इससे पहले हुआंग के दो अन्य महिलाओं के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की खबरें सामने आई थीं. इनमें एक नाम एलिस हुआंग का है, जो चीन की कारोबारी हैं और सिंगापुर की क्लाउड कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं. अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को उन पर चीनी खुफिया तंत्र से संबंध होने का संदेह बताया गया है. हालांकि, बीजिंग ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज किया है.
दूसरा नाम Nvidia की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल का है, जो कंपनी में हुआंग के अधीन काम करती थीं. 8 नवंबर को हुआंग ने एक बयान में अफेयर स्वीकार किया था, लेकिन संबंधित महिला का नाम नहीं बताया था.
33 साल बाद Nvidia से हुआंग ने दिया इस्तीफा
63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग ने Nvidia की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी और करीब 33 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व किया. 12 नवंबर को कंपनी ने उनके इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की. Nvidia की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है. कंपनी का बोर्ड अब स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश कर रहा है. पूर्व Synopsys CEO हार्वे जोन्स को बोर्ड का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है. कंपनी ने इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा में इसकी वजह नहीं बताई.
एलिस हुआंग के मामले ने बढ़ाई राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंता
इस पूरे विवाद में एलिस हुआंग का नाम खास तौर पर चर्चा में है. इसकी वजह उनकी पूर्व कंपनी मेगास्पीड और Nvidia के AI चिप कारोबार से जुड़ी जांच है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि क्या मेगास्पीड के जरिए प्रतिबंधित AI चिप चीन तक पहुंचाने की कोशिश हुई थी. सिंगापुर में भी मेगास्पीड और एलिस हुआंग से जुड़े मामले की जांच हुई है. हालांकि, एलिस पर लगे जासूसी संबंधी आरोप साबित नहीं हुए हैं.
अमेरिकी राजनीति और कांग्रेस की सुनवाई तक पहुंचा मामला
हुआंग के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से करीबी संबंध रहे हैं. ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से उनका बचाव किया था. विवाद के बीच अमेरिका में चीन को उन्नत AI चिप बेचने की नीति और वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं.
हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन ब्रायन मास्ट के मुताबिक, हुआंग ने थैंक्सगिविंग से पहले अमेरिकी कांग्रेस के सामने गवाही देने पर सहमति जताई है. उनसे उनके निजी संबंधों, चीन से जुड़े कारोबारी मामलों और एलिस हुआंग को लेकर उठे सवालों पर पूछताछ हो सकती है. Nvidia का बोर्ड पहले ही इस आशंका की जांच कर रहा था कि कहीं हुआंग को किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना तो नहीं बनाया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
