'हमें उसको मारना पड़ा', गोल्डी बराड़ का दावा उसकी टीम ने की थी निज्जर की हत्या; फोन कॉल पर बताई वजह
हरदीप सिंह निज्जर और गोल्डी बरार. फोटो- एक्स.
एक कथित ऑडियो में भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी ली है. बराड़ ने दावा किया है कि निज्जर ड्रग नेटवर्क को संरक्षण दे रहा था और किशोरों का इस्तेमाल कर रहा था, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई. इस खुलासे ने भारत-कनाडा संबंधों में चल रहे तनाव के बीच एक नया मोड़ ला दिया है.

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में 2023 में हुई हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. भगोड़े गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के नाम से एक कथित ऑडियो सामने आया है. इसमें बराड़ ने निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. उसने हत्या की वजह ड्रग नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों को बताया है.
ऑडियो में निज्जर पर ड्रग नेटवर्क को संरक्षण देने का आरोप
सोशल मीडिया पर सामने आए इस ऑडियो में गोल्डी बराड़ को खालिस्तानी चरमपंथी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत करते हुए सुना जा सकता है. ऑडियो के ट्रांसलेशन के मुताबिक, बराड़ ने दावा किया कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था जो किशोरों का इस्तेमाल उत्तरी अमेरिका में अवैध ड्रग्स पहुंचाने और बेचने के लिए करते थे.
बराड़ ने आरोप लगाया कि इन नेटवर्क से जुड़े लोग 16 और 17 साल के किशोरों को नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करते थे. उसके मुताबिक, बाद में इन युवाओं को ब्लैकमेल कर पुलिस के लिए मुखबिर बनने पर मजबूर किया जाता था.
ऑडियो में बराड़ ने कथित तौर पर यह भी कहा कि निज्जर इन ड्रग कारोबारियों को समर्थन और सुरक्षा मुहैया कराता था. उसके अनुसार, ऐसा करके निज्जर अपना प्रभाव मजबूत करना चाहता था. इसी वजह से उसने अपनी टीम से निज्जर की हत्या करवाई.
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या, दुकान में घुसकर हमलावरों ने किया हमला
बिश्नोई-बराड़ नेटवर्क ने बदले की कार्रवाई का दावा किया
कथित बातचीत में गोल्डी बराड़ ने कहा कि निज्जर के इन कथित संबंधों के कारण बिश्नोई-बराड़ नेटवर्क ने उसके खिलाफ कार्रवाई की. ऑडियो के अनुसार, बराड़ ने निज्जर की हत्या को बदले की कार्रवाई के तौर पर पेश किया. उसने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को अपने किए का परिणाम भुगतना पड़ता है. हालांकि, सामने आए ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.
निज्जर की हत्या को लेकर अलग-अलग पक्षों के आरोप और दावे भी सामने आते रहे हैं. हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के सरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड ने भारत और कनाडा के संबंधों में भी गंभीर तनाव पैदा किया था.
कनाडा का आरोप था कि भारत के एजेंट्स ने निज्जर की हत्या करवाई है, जबकि भारत ने इससे हमेशा इनकार किया. भारतीय एजेंसियां लगातार यह कहती रही हैं कि निज्जर की हत्या किसी राज्य प्रायोजित साजिश का परिणाम नहीं, बल्कि गैंगवॉर या प्रतिद्वंद्वी संगठित अपराध गिरोहों के बीच हिंसक संघर्ष की वजह से हुई होगी. अब बराड़ और पम्मा के बीच इस ऑडियो से भारतीय एजेंसियों की बात भी पुख्ता हो गई है.
आप लीक हुए ऑडियो को इस लिंक पर क्लिक करके सुन सकते हैं.
अमेरिका की कार्रवाई से जुड़ा एक अहम घटनाक्रम
निज्जर हत्याकांड को लेकर यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तरी अमेरिका में संगठित अपराध के खिलाफ ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत अहम कार्रवाई चल रही है. अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ आरोपों को सार्वजनिक किया. इन आरोपों में दोनों पर जून 2023 में निज्जर को निशाना बनाकर की गई हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया गया है.
अमेरिकी कार्रवाई में इस कथित आपराधिक नेटवर्क को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चलने वाली गतिविधियों से जोड़ा गया है. इनमें संगठित अपराध, हाई-प्रोफाइल जबरन वसूली, सुपारी लेकर हत्या करने और अमेरिका-कनाडा के बीच सीमा पार ड्रग तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं.
ये भी पढ़ें:- अनाथालय से कांग्रेस तक, अमेरिकी संसद में पहुंची अफगान मूल की पहली महिला; आयशा वहाब ने रचा इतिहास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए