पाकिस्तान में कहां छिपा है अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम, कौन करता है रखवाली? पूर्व FBI एजेंट ने खोले कई राज
डॉन दाऊद इब्राहिम की फाइल तस्वीर, फोटो एक्स
आज तक रेडियो के पॉडकास्ट में पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर कई दावे किए हैं. उन्होंने दाऊद के पाकिस्तान में ठिकानों, उसकी सुरक्षा व्यवस्था, ISI से कथित संबंधों और निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की. कामरान का दावा है कि दाऊद अब भी पाकिस्तान में सक्रिय है और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर अपना ठिकाना बदल लेता है.
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर एक बार फिर कई चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं. ये दावे अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के पूर्व एजेंट कामरान फरीदी ने किए हैं. कामरान फरीदी का दावा है कि दाऊद पाकिस्तान में पूरी तरह सक्रिय है. वह न तो कमजोर पड़ा है और न ही उसकी गतिविधियां बंद हुई हैं. उन्होंने पाकिस्तान में दाऊद के तीन ठिकानों की जानकारी होने की बात भी कही है.
ISI और पाकिस्तानी सेना की सुरक्षा में रहता है दाऊद
कामरान के मुताबिक, दाऊद दिन में कराची की सड़कों पर नहीं निकलता. वह ज्यादातर रात में ही बाहर जाता है. उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पाकिस्तान की सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) के कमांडो संभालते हैं. वहीं, दाऊद का करीबी छोटा शकील सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखता है.
कामरान ने दावा किया कि छोटा शकील हर शुक्रवार को ISI मुख्यालय जाकर सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्ट देता है. दाऊद और छोटा शकील के पास दुबई से मंगवाई गई बुलेटप्रूफ गाड़ियां भी हैं. उनके मुताबिक, पाकिस्तान में दाऊद की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं.
जाबिर मोतीवाला की गिरफ्तारी में निभाई थी भूमिका
कामरान फरीदी ने 2018 में लंदन में दाऊद के करीबी जाबिर मोतीवाला की गिरफ्तारी से जुड़ा किस्सा भी सुनाया. उन्होंने दावा किया कि इस गिरफ्तारी में उनकी अहम भूमिका थी.
उनके मुताबिक, FBI का मकसद जाबिर को अमेरिका ले जाकर दाऊद इब्राहिम और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कथित वित्तीय गठजोड़ को साबित करना था. इसके लिए अमेरिकी अदालत में कामरान की गवाही जरूरी थी.
हालांकि, कामरान का कहना है कि पाकिस्तान में रहने वाले उनके परिवार को दाऊद और ISI से खतरा था. इसी डर से उन्होंने अमेरिकी अदालत में गवाही देने से इनकार कर दिया. इसका फायदा जाबिर मोतीवाला को मिला और वह पाकिस्तान लौटने में कामयाब रहा.
कामरान ने दावा किया कि बाद में जब वह अपनी अमेरिकी पत्नी के साथ पाकिस्तान लौटे, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और कई महीने जेल में रखा गया. उनका आरोप है कि इस कार्रवाई में दाऊद और जाबिर ने ISI की मदद ली थी. अमेरिकी नागरिकता होने की वजह से उनकी जान बच सकी.
कम उम्र की लड़की से दूसरी शादी का दावा
दाऊद की निजी जिंदगी को लेकर भी कामरान ने कई दावे किए हैं. उनके मुताबिक, दाऊद ने अपने से काफी कम उम्र की लड़की से दूसरी शादी की है. वह खुद को धार्मिक दिखाता है, लेकिन उसकी जीवनशैली इसके उलट है.
कामरान ने दावा किया कि दाऊद को पार्टियों और मुजरे का शौक है. वह खुद कई मौकों पर दाऊद के साथ पार्टियों में शामिल हो चुके हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दाऊद कोकीन का नशा करता है और उसका नेटवर्क भारत-पाकिस्तान में ड्रग्स के कारोबार से जुड़ा है.
दाऊद के कामकाज में इस्लाम बाबा की भूमिका
कामरान ने दाऊद के एक फकीर से जुड़ाव का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, दाऊद मुंबई से इस्लाम बाबा नाम के एक फकीर को पाकिस्तान ले गया था.
कामरान का दावा है कि दाऊद और उसके गिरोह के सदस्य किसी बड़े काम को अंजाम देने से पहले इस्लाम बाबा से इजाजत लेते थे. बाबा की मंजूरी मिलने के बाद ही वे आगे बढ़ते थे.
उन्होंने यह भी दावा किया कि 1993 के मुंबई बम धमाकों का आरोपी टाइगर मेमन भी पाकिस्तान में रहकर अपना कारोबार संभाल रहा है. हालांकि, दाऊद और छोटा शकील उसे ज्यादा महत्व नहीं देते.
ये भी पढ़ें: दाऊद इब्राहिम की D-Company को ‘भारत आधारित’ बताने पर UN में भारत ने दिया करारा जवाब, कहा- वह पाकिस्तान में है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए