रामेश्वरम : श्रीलंकाई नौसेना ने 15 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीलंका ने कच्चातीवू के पास अपने समुद्री क्षेत्र में मछली पकडने के आरोप में आज यहां के 15 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मछुआरा संघ के अध्यक्ष एमिरिट और सेसुराजा के हवाले से बताया कि इन सभी मछुआरों को इनकी तीन नौकाओं सहित तलईमन्नार तट ले जाया गया.
बीती शाम मछुआरों का समूह 734 नौकाओं में समुद्र में मछली पकडने गया था. उस क्षेत्र में मछलियां कम होने के कारण वे श्रीलंकाई क्षेत्र में चले गए. भारतीय मछुआरों को कच्चातीवू के पास मछली पकडने की इजाजत नहीं है. हालांकि भारत-श्रीलंका के बीच हुई संधि के तहत उन्हें उस संधि के तहत द्वीप पर अपने जाल सुखाने की अनुमति है जिसके तहत भारत ने 1974 में श्रीलंका को यह द्वीप हस्तांतरित किया था.
उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना कर्मियों ने ब्रिट्टो, कुदबुद्दीन और निजामुद्दीन के स्वामित्व वाली तीन नौकाओं को चारों ओर से घेर लिया और उनमें मौजूद 15 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया तथा उनकी नौकाओं सहित उन्हें तलईमन्नार तट ले गए.