डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश का असर, वाराणसी में रात्रिकालीन आकस्मिक सेवाएं शुरू
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 27 Apr 2022 10:44 PM
वाराणसी शहर के चार सीएचसी पर पहले से ही रात्रिकालीन सेवा जारी है. मगर जनता की स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अब रात्रिकालीन आकस्मिक सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं.
Varanasi News: वाराणसी जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर ग्रामीण क्षेत्र की सीएचसी और पीएचसी पर रात्रिकालीन आकस्मिक सेवा डिप्टी सीएम के निर्देश पर आरम्भ कराई जा रही है. इसकी व्यवस्था सीएमओ ने शुरू करा दी है. अब शहर के 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर ये सुविधा 24 घण्टे मिलेगी. इसके मद्देनजर मंगलवार की देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हाथी बाजार, सेवापुरी में डायरिया पीड़ित ईट-भट्ठा पर काम करने वाली महिला मजदूर धानमती देवी (60) को भर्ती कर उपचार किया गया. अब उसके हालत में काफी सुधार है।
शहर के चार सीएचसी पर पहले से ही रात्रिकालीन सेवा जारी है. मगर जनता की स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अब रात्रिकालीन आकस्मिक सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं.
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि आम नागरिकों की चिकित्सा सेवाओं में कहीं कोई कमी न रह जाए, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तत्पर है. प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ने गत दिनों वाराणसी दौरे के दौरान ग्रामीण इलाके के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में रात्रिकालीन आकस्मिक सेवा शुरू करने का निर्देश दिया था, ताकि आमजन रात्रि में किसी आपात स्थिति में निःशुल्क चिकित्सकीय सेवा प्राप्त कर सकें.
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के इस निर्देश के अनुपालन में ग्रामीण इलाके के सभी सीएचसी व पीएचसी पर रात्रिकालीन आकस्मिक सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं. इनमें सीएचसी नरपतपुर, चोलापुर, पुआरीकला, विरांवकोट, गंगापुर, हाथी बाजार, आराजीलाइन, मिसिरपुर के अलावा ब्लाक सीएचसी चोलापुर, ब्लाक सीएचसी आराजीलाइन और ब्लाक पीएचसी चिरईगांव, चोलापुर, हरहुआ, बड़ागांव, पिण्डरा, सेवापुरी, काशीविद्यापीठ में भी 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध रहेंगी.
सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि शहर के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर, चौकाघाट, भेलूपुर, दुर्गाकुण्ड में पहले से ही 24 घंटे आपातकालीन सेवा उपलब्ध है. इसके अतिरिक्त 12 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सांध्य कालीन सेवाएं भी दी जा रही हैं. इनमें शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आनंदमयी, पाण्डेयपुर, कोनिया, मदनपुरा, सेवासदन, जैतपुरा, बेनिया, अर्दलीबाजार, भेलूपुर, लल्लापुरा, राजघाट व टाउनहाल शामिल हैं, जो अपनी प्रातः कालीन सेवाओं के साथ ही सायं कालीन सेवाएं भी दे रहे हैं. यह सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रातः नौ बजे से रात्रि आठ बजे तक खोले जाने के निर्देश दिए गये हैं.
रिपोर्ट- विपिन सिंह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










