रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2023: डीसी माधवी मिश्रा ने बताया कैसी है चुनावी तैयारी ?
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 12 Feb 2023 7:08 AM
रामगढ़ की उपायुक्त माधवी मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उपचुनाव के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. नियमित रूप से मतदान केंद्रों व क्लस्टर आदि का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है.
रामगढ़. रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे व निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन के साथ समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेस वार्ता की. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि 31 जनवरी 2023 से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के तहत नामांकन की आखिरी तिथि तक कुल 20 प्रत्याशियों ने रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के तहत नामांकन किया था. स्क्रूटनी के दौरान त्रुटि के कारण दो प्रत्याशी संजय कुमार व नितेश कुमार सिन्हा की उम्मीदवारी को रद्द किया गया. चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 18 है. इनमें दो प्रत्याशी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों व दो प्रत्याशी रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के उम्मीदवार हैं. अन्य 14 अभ्यर्थी निर्दलीय हैं. सबों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जा चुका है.
उपचुनाव की चल रही हैं तैयारियां
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा उपचुनाव के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. नियमित रूप से मतदान केंद्रों व क्लस्टर आदि का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है. गठित विभिन्न कोषांगो के वरीय पदाधिकारियों/ प्रभारी पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठक आयोजित कर कार्यों की समीक्षा की जा रही है. सेक्टर दंडाधिकारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है. मतदान पदाधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है व उनके लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण 13 फरवरी से प्रस्तावित है.
रामगढ़ जिले के सभी बॉर्डर सील
पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने बताया कि स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से उपचुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिले के सभी बॉर्डर को सील किया गया है. इसके लिए 13 चेकनाके बनाए गए हैं तथा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. वर्तमान में पांच स्टेटिक सर्विलांस टीम व तीन पालियों में तीन-तीन कुल नौ फ्लाइंग स्क्वायड टीम के द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है. नन बेलेबल वारंट संबंधित 80 फ़ीसदी मामलों का निष्पादन कर लिया गया है. जांच अभियान के तहत अब तक लगभग 22 लाख रुपए के अनुमानित अवैध शराब व कैश जब्त किया गया है. असामाजिक तत्वों के खिलाफ 107 एवं 116 की कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










