ePaper

Mid Day Meal: मिड-डे मील में मिला मृत सांप, विषाक्त भोजन से बीस से अधिक विद्यार्थी बीमार, अभिभावकों का हंगामा

Updated at : 09 Jan 2023 6:54 PM (IST)
विज्ञापन
Mid Day Meal: मिड-डे मील में मिला मृत सांप, विषाक्त भोजन से बीस से अधिक विद्यार्थी बीमार, अभिभावकों का हंगामा

बताया जा रहा है कि बीमार बच्चों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब चार बच्चों को उल्टी की शिकायत है. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है. चिकित्सक का कहना है कि भयभीत होने की कोई आवश्यकता नहीं है. बच्चे सभी सुरक्षित हैं. बच्चों को निगरानी में रखा गया है.

विज्ञापन

बीरभूम, मुकेश तिवारी : बीरभूम जिले के मयूरेश्वर थाने के मंडलपुर प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को मध्याह्न भोजन में दाल में एक मृत सांप मिलने से हड़कंप मच गया. विषाक्त भोजन करने से करीब बीस विद्यार्थी (छात्र-छात्राएं) बीमार हो गए हैं. उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. बाद में रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चों को भर्ती किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक व ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. स्कूल परिसर में मौजूद प्रधान शिक्षक की बाइक और टेबल-कुर्सी तोड़ दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलायी गयी.

दाल की बाल्टी में मिला मृत सांप

बताया जा रहा है कि बीमार बच्चों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब चार बच्चों को उल्टी की शिकायत है. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई है. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन की तरह आज भी सुबह मिड-डे मील तैयार किया गया था. मिड-डे मील देने के दौरान दाल की बाल्टी में मृत सांप पाया गया. इस घटना के सामने आने के बाद समूचे स्कूल परिसर में हंगामा मच गया. बच्चे आतंकित हो गए और दहशत फैल गया. करीब 15 से 20 ने मिड-डे मील खाया था.

सभी बच्चे सुरक्षित हैं

चिकित्सक का कहना है कि भयभीत होने की कोई आवश्यकता नहीं है. बच्चे सभी सुरक्षित हैं. बच्चों को निगरानी में रखा गया है. इस बीच स्कूल परिसर में मिड-डे मील बनाने वाले कर्मियों के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया तथा हंगामा और तोड़फोड़ की. स्थानीय ग्रामीणों तथा अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में साफ-सुथरे ढंग से मिड-डे मील नहीं बनाया जाता है. शिक्षक ध्यान नहीं देते हैं और ना ही मिड-डे मील बनाने वाले कर्मी ही ध्यान देते हैं. आज इतनी बड़ी घटना घट गई कि दाल में मृत सांप पाया गया है. इस घटना को लेकर भाजपा के स्थानीय नेताओं ने निंदा की है.

Also Read: West Bengal News: BCCL के बंद कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान धंसान, कई ग्रामीणों के दबने होने की आशंका

36 बच्चों के लिए बना था मिड-डे मील

विद्यालय में मिड-डे मिल बनाने वाली कर्मी चमेली बागदी ने कहा कि वह प्रतिदिन की तरह आज भी स्कूल के करीब 36 विद्यार्थियों के लिए मिड-डे मिल बनाई थी. मध्याह्न भोजन तैयार होने पर पहले 14 विद्यार्थी भोजन करने बैठे थे. उनमें से चार ने पहले खाना खाया. बाकी खाने की तैयारी कर रहे थे. उसी समय मैंने बाल्टी से दाल लेने के दौरान देखा कि नीचे कुछ पड़ा है. बर्तन से उठाकर देखा तो दाल की बाल्टी में मृत सांप पड़ा हुआ था. यह देख तत्काल भोजन बंद कर दिया गया.

चार छात्रों को हो रही थी उल्टी

मयूरेश्वर थाने के मंडलपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक निमाई दे ने बताया कि मिड-डे मील में दाल की बाल्टी में एक मृत सांप पाया गया. इसके बाद ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. भोजन करने के बाद तत्काल सभी 14 छात्रों को पहले वासुदेवपुर स्थित अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां छात्रों का परीक्षण किया गया. इनमें चार छात्रों को उल्टियां हो रही थीं. दोपहर में सांप मिलने की सूचना पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा. उन्होंने स्कूल के आसपास धरना दिया. ग्रामीणों ने तोड़फोड़ की है. मेरी बाइक और स्कूल की कुर्सी तोड़ दी है. गांव में अभी भी तनाव का माहौल है. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

बीडीओ ने कहा कि मामले की होगी जांच

मयूरेश्वर के बीडीओ दीपांजन जाना ने कहा कि हमने आकर देखा कि मिड-डे मील में लापरवाही हुई है. यह जांच का विषय है. मिड-डे मील में मृत सांप के मिलने की शिकायत मिली है. इसके बारे में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं कर सकता. सुना है कि मिड-डे मील खाने वाले बच्चों में से कई ने उल्टी कर दी है. बाकी की हालत स्थिर है. सब कुछ गंभीरता से देखा जा रहा है. दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola