हजारीबाग के रितेश ने जिस स्कूल से की पढ़ाई, अधिकारी बनने के बाद उसे गोद ले सुंदरीकरण का उठाया जिम्मा

हजारीबाग शहर के वार्ड 26 स्थित राजकीय बालिका मध्य विद्यालय कुम्हार टोली का सुंदरीकरण होगा. डीएसई संतोष गुप्ता ने इसकी अनुमति दे दी है. अनुमति मिलने के बाद स्कूल सुंदरीकरण का काम शुरू कर दिया गया है. इसके सुंदरीकरण का जिम्मा इसी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा लेने वाले रितेश कुमार गुप्ता ने लिया है.
Hazaribagh News: हजारीबाग शहर के वार्ड 26 स्थित राजकीय बालिका मध्य विद्यालय कुम्हार टोली का सुंदरीकरण होगा. डीएसई संतोष गुप्ता ने इसकी अनुमति दे दी है. अनुमति मिलने के बाद स्कूल सुंदरीकरण का काम शुरू कर दिया गया है. इसके सुंदरीकरण का जिम्मा इसी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा लेने वाले रितेश कुमार गुप्ता ने लिया है. वार्ड 27 जादो बाबू चौक निवासी रितेश कुमार गुप्ता ने इस स्कूल को गोद लिया है. इनके पिता का नाम स्व महेंद्र प्रसाद गुप्ता है. रितेश कुमार गुप्ता वर्तमान में डीपी वर्ल्ड लुआंडा अंगोला की एक कंपनी में सीएफओ पद पर कार्यरत हैं.
क्या है कहानी
बताते चलें कि रितेश कुमार गुप्ता ने वर्ष 1984 में प्रारंभिक शिक्षा इसी राजकीय बालिका मध्य विद्यालय कुम्हार टोली से ली है. इनके अलावा इनके दो बड़े भाई राजेश गुप्ता एवं रूपेश गुप्ता ने भी इसी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की है. यही कारण है कि सभी भाईयों का इस स्कूल से विशेष लगाव है. सभी भाइयों ने मिलकर स्कूल सुंदरीकरण करने का निर्णय लिया है. इसके लिए रितेश कुमार गुप्ता ने 26 जून 2022 डीएसई को एक पत्र लिखकर स्कूल सुंदरीकरण करने की अनुमति मांगी थी. इस पर 16 सितंबर 2022 को डीएसई ने स्कूल सुंदरीकरण करने की अनुमति दी है.
स्कूल में होगा यह काम
अनुमति मिलने के बाद काम शुरू करा दिया गया है. तय काम के अनुसार स्कूल का रंग रोगन एवं इसकी मरम्मति होगी. विद्यालय की बाउंड्री को तीन फीट ऊंचा किया जायेगा. मुख्य द्वार का सुंदरीकरण होगा. विद्यार्थियों के लिए शौचालय एवं पेयजल सुदृढ़ होगा. खेलकूद मैदान का समतलीकरण किया जाएगा. साथ ही अल्बेस्टर सीट से बने छत वाले कमरे को हॉल बनाया जाएगा. चार सेट कंप्यूटर उपलब्ध कराया जाएगा. सीसीटीवी कैमरा लगाने के अलावा आवश्यकतानुसार ब्लैक बोर्ड बनेगा. साथ ही बेंच-डेक्स भी लगाया जायेगा.
ऐतिहासिक है यह स्कूल
जानकारी के अनुसार देश की आजादी के बाद लगभग 1956 में विद्यालय स्थापित हुआ है. शुरूआत में प्राथमिक स्तर पर (कक्षा एक से पांच) इसे बंगाली दुर्गा स्थान में चालू किया गया था. कुछ वर्षों बात वार्ड 26 में स्विफ्ट हुआ. जहां इसे उत्क्रमित कर मध्य विद्यालय बनाया गया. यह लगभग 16 डिसमिल सरकारी जमीन पर फैला है. चालू वित्तीय वर्ष में स्कूल को मिले ग्रांट राशि 50 हजार खर्च नहीं किया गया है. स्कूल को गोद लेने के बाद इसी स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा लेकर अधिकारी बने रितेश कुमार गुप्ता ने इसे सुंदरीकरण करने की जिम्मेदारी ली है. स्कूल के प्रभारी प्राचार्य विजय कुमार कर्ण ने कहा कि सुंदरीकरण का काम भी शुरू है. इसमें आवश्यकतानुसार ग्रांट राशि खर्च होगा. राशि खर्च नहीं होने पर इसे विभाग को लौटा दिया जायेगा.
रिपोर्ट : आरिफ
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rahul Kumar
Senior Journalist having more than 11 years of experience in print and digital journalism.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




