धनतेरस में गिरिडीह का बाजार हुआ गुलजार, करोड़ों का कारोबार

Updated at : 11 Nov 2023 9:13 AM (IST)
विज्ञापन
धनतेरस में गिरिडीह का बाजार हुआ गुलजार, करोड़ों का कारोबार

सभी कार कंपनियों की करीब 120 से ज्यादा छोटी-बड़ी कारों की सेल हुई, वहीं सभी टू-व्हीलर्स कंपनियों की 2500 से अधिक बाइक और स्कूटी की बिक्री धनतेरस पर हुई. गिरिडीह बाजार में अन्य दिनों की तुलना में करीब पांच गुना अधिक भीड़ रही.

विज्ञापन

शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के बाजार गुलजार रहे. बर्तन बाजार से लेकर ज्वेलरी और वाहनों के शोरूम पर खरीदारों की भीड़ रही. धनतेरस के खास मुहूर्त पर गाड़ियां खरीदने के लिए लोग बड़ी संख्या में पहुंचे. शहर की दुकानों और मॉल्स में गिफ्ट आइटम से लेकर बर्तन व आभूषण की खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं खरीदारी करने पहुंचे लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से भी जूझना पड़ा. इस बार धनतेरस पर गिरिडीह जिला में करीब 125 करोड़ रुपये के कारोबार होने का अनुमान है.

ऑटोमोबाइल सेक्टर रहा बूम पर

सभी कार कंपनियों की करीब 120 से ज्यादा छोटी-बड़ी कारों की सेल हुई, वहीं सभी टू-व्हीलर्स कंपनियों की 2500 से अधिक बाइक और स्कूटी की बिक्री धनतेरस पर हुई. गिरिडीह बाजार में अन्य दिनों की तुलना में करीब पांच गुना अधिक भीड़ रही. सबसे अधिक खरीदारी बर्तनों की हुई. अधिक भीड़ होने के कारण लोग दुकानों पर इंतजार करते दिखे. बर्तन व्यापारियों का धनतेरस पर कारोबार 3.50 करोड़ के पार हो गया. वहीं धनतेरस पर बाजार में भीड़ को देखते हुए जगह-जगह पुलिस तैनात दिखे.

धनतेरस पर झूमा इलेक्ट्रॉनिक बाजार

धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार भी गुलजार रहा. एलइडी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, एसी, लैपटॉप आदि सामग्री की खरीदारी को लेकर दुकानों में भीड़ रही. भीड़ के कारण घंटों खड़े रहकर लोगों ने सामग्री की खरीदारी की. इलेक्ट्रॉनिक सामग्री में लगभग नौ करोड़ के कारोबार का अनुमान है.

10 करोड़ से ज्यादा सोना-चांदी के प्रोडक्ट बिके

गिरिडीह में धनतेरस पर गिफ्ट गैलरियों पर भी खरीदार देर शाम तक डटे रहे. मॉल्स में भी लोगों ने तरह-तरह के ऑफर को देखते हुए जमकर खरीदारी की. ज्वेलरी दुकानों में सोने-चांदी के सिक्कों और आभूषणों की लोगों ने जमकर खरीदारी की. एक अनुमान के अनुसार 10 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के प्रोडक्ट की बिक्री हुई.

ऑनलाइन की मार के बाद भी मोबाइल दुकानों में रही भीड़

हाल के दिनों में ऑनलाइन बाजार के बढ़ रहे प्रभाव के कारण मोबाइल का बाजार मंदा चल रहा है, बावजूद इसके मोबाइल दुकानों में धनतेरस पर भीड़ दिखी. राज टेलिकॉम के कवि राज ने बताया कि ऑनलाइन के कारण बाजार प्रभावित हुआ है, फिर भी धनतेरस पर बाजार ठीक रहा.

लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति की खूब हुई खरीदारी

धनतेरस पर शुक्रवार को लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति की खरीदारी की. शहर में सड़क किनारे पूजा सामग्री व सजावट की दर्जनाधिक अस्थायी दुकानें लगी है. उक्त दुकानों में लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति के साथ सजावट की सामग्री की खरीदारी की.

चाइनीज लड़ियों व झालरों की भी हुई बिक्री

दिवाली पर सोशल मीडिया पर बेशक चाइनीज सामान के बहिष्कार को लेकर कैंपेन चल रहा है. इसके बावजूद चाइनीज लड़ियों से घर सजाने को लेकर लोगों का खूब क्रेज दिखा. सस्ती होने के कारण लड़ियों की खरीदारी खूब हुई. दिवाली के अवसर पर सजावट के सामान को खरीदने के लिए भी भीड़ रही.

लोगों को जाम से होना पड़ा दो-चार

त्योहार पर सड़क किनारे बाजार सजने के कारण गाड़ियों को निकालने में दिक्कत हुई. जिससे लोगों को जाम से जूझना पड़ा. सबसे अधिक परेशानी मौलाना आजाद चौक, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक, बड़ा चौक, पचंबा आदि जगहों पर लोगों को झेलनी पड़ी. वहीं मधुबन वेजिस व कचहरी चौक पर भी लोग जाम से परेशान दिखे.

Also Read: गिरिडीह : नयी तकनीक से करें तसर की खेती, होगा आर्थिक लाभ, तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola