ePaper

बक्सर में अधिक वजन से गंगा नदी में दो टुकड़ों में टूटी नाव, डूबने से एक महिला की मौत

Updated at : 13 May 2022 7:35 PM (IST)
विज्ञापन
बक्सर में अधिक वजन से गंगा नदी में दो टुकड़ों में टूटी नाव, डूबने से एक महिला की मौत

बक्सर में मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए आये लोगों से भरी एक नाव गंगा में ही दो भागों में टूट कर बिखर गयी जिससे नाव में सवार एक महिला की मौत हो गई एवं अन्य कई लोग घायल हो गए.

विज्ञापन

बक्सर में मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए आये लोगों से भरी एक नाव गंगा में ही दो भागों में टूट कर बिखर गयी. इससे नाव में सवार तकरीबन सात लोग गंगा में जा गिरे. वहीं, एक महिला की गंगा में डूबने से मौत हो गयी. कई लोग जख्मी हो गये. जहां सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में कराया गया. गंभीर रूप से एक जख्मी का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

हादसा अहिरौली घाट व भरौली गंगा घाट के बीच हुआ

हादसा गंगा नदी में अहिरौली घाट व यूपी के भरौली गंगा घाट के बीच हुआ है. घटना की सूचना मिलने के बाद औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार अस्पताल पहुंचे और इलाजरत महिला तथा उनके परिजनों से पूछताछ कर घटनास्थल के लिए रवाना हो गये. मृतका की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के बरांव गांव निवासी यमुना सिंह की पत्नी धनराजो देवी और घायल महिला राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव निवासी राम सूरत सिंह की पत्नी बुटनी देवी बतायी जाती है.

मुंडन संस्कार कार्यक्रम में पहुंचे थे सभी 

बताया जाता है कि राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव के रामसूरत सिंह कुशवाहा के घर से कुछ लोग उनके नाती के मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बक्सर पहुंचे थे. उनके साथ अन्य उनके कुछ रिश्तेदार भी थे. बक्सर के अहिरौली गंगा घाट से वे लोग परंपरा के मुताबिक गंगा के एक किनारे से दूसरे किनारे तक नाव पर सवार होकर जा रहे थे.

दो टुकड़ों में बंट गयी नाव

इस बीच, उत्तर प्रदेश के भरौली घाट से कुछ दूर पहले ही छोटी नाव टूट कर दो टुकड़ों में बंट गयी. जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक सभी लोग गंगा के पानी में जा गिरे. बाद में नाविक तथा अन्य लोगों की सहायता से सभी को गंगा के पानी से निकाला गया. लेकिन एक महिला को निकालने में विलंब हो गया. इससे उसकी मौत हो गयी.

Also Read: वालमिकी नगर टाइगर रिजर्व में मिला तेंदुए का शव, वन विभाग की टीम लगा रही मौत के कारणों का पता
एक अन्य की हालत गंभीर 

वहीं, एक अन्य महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए तुरंत ही औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां चिकित्सक उनकी हालत स्थिर बता रहे हैं. औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि अधिक वजन होने से नाव टूट गयी. इसके चलते यह हादसा हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन