Jio के 10 साल पूरे, मिस्ड कॉल से 26GB डेटा तक ऐसे बदली भारतीयों की मोबाइल जिंदगी
जियो (फोटो: reuters.com)
रिलायंस जियो के 10 साल पूरे होने के साथ भारत में मोबाइल डेटा इस्तेमाल की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. 10 साल में डेटा की कीमत करीब 29 गुना घटी, इंटरनेट स्पीड 27 गुना बढ़ी और मासिक डेटा खपत 128 गुना से ज्यादा बढ़ी.
एक दौर था जब मोबाइल खर्च बचाने के लिए मिस्ड कॉल किया जाता था. घर पहुंच गए तो मिस्ड कॉल, बात करनी है तो मिस्ड कॉल. इंटरनेट पर भी हर MB का हिसाब रखा जाता था. दस साल बाद उसी मोबाइल पर वीडियो कॉल, डिजिटल पेमेंट, OTT, ऑनलाइन पढ़ाई, वर्क फ्रॉम होम और खरीदारी रोजमर्रा की बात हो गई है.
5 सितंबर को रिलायंस जियो के लॉन्च के दस साल पूरे हो रहे हैं. इस एक दशक में भारतीय मोबाइल बाजार ने महंगे और नाप-नापकर इस्तेमाल किए जाने वाले डेटा से सस्ते और भरपूर डेटा तक का सफर तय किया है. स्पीड कई गुना बढ़ी और प्रति कस्टमर मासिक खपत अब दर्जनों GB में पहुंच चुकी है.
स्पीड बढ़ी, डेटा सस्ता हुआ और इस्तेमाल कई गुना बढ़ा
दस साल में डेटा की रफ्तार, कीमत और खपत, तीनों की तस्वीर बदल गई. 2016 में भारत में औसत मोबाइल डाउनलोड स्पीड करीब 2.5 Mbps थी, जो दिसंबर 2025 तक 27 गुना से ज्यादा बढ़कर 68 Mbps के पार पहुंच गई. इसी दौरान एक GB डेटा की औसत कीमत 228 रुपये से घटकर 7.9 रुपये रह गई, यानी डेटा करीब 29 गुना सस्ता हो गया.
असर खपत पर भी साफ दिखा. प्रति वायरलेस डेटा कस्टमर मासिक इस्तेमाल 0.2GB से भी कम था, जो बढ़कर 25.7GB पहुंच गया, यानी 128 गुना से भी ज्यादा. ये आंकड़े जियो IPO के DRHP में शामिल एनालिसिस मेसन रिपोर्ट के भारत के टेलीकॉम बाजार से जुड़े आकलन के हैं.
ये भी पढ़ें: ₹1000 में पुराना कंप्यूटर बनेगा सुपरफास्ट, JioPC ने शुरू की नयी क्लाउड सर्विस, जानें सभी प्लान्स
हर महीने 26.7GB डेटा कर रहा भारतीय यूजर इस्तेमाल
TRAI के ताजा आंकड़े बताते हैं कि डेटा की यह भूख और बढ़ी है. मार्च 2026 तिमाही में देश में एक वायरलेस डेटा कस्टमर औसतन 26.7GB डेटा हर महीने इस्तेमाल कर रहा था. प्रति GB वायरलेस डेटा से औसत राजस्व प्राप्ति घटकर 7.51 रुपये रह गई. मार्च के अंत तक भारत में इंटरनेट कस्टमर्स की संख्या करीब 109.3 करोड़ और ब्रॉडबैंड कस्टमर्स की संख्या 106.6 करोड़ हो चुकी थी.
Jio यूजर्स जमकर चला रहे इंटरनेट, 5G ने बढ़ाई रफ्तार
डेटा खपत का बढ़ता स्तर जियो नेटवर्क पर और साफ दिखता है. अप्रैल-जून 2026 तिमाही में जियो का एक कस्टमर औसतन 43.7GB डेटा प्रति माह इस्तेमाल कर रहा था. इस दौरान जियो के नेटवर्क पर कुल 69.4 बिलियन GB डेटा इस्तेमाल हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले 26.9% ज्यादा है.
जून के अंत तक जियो के साथ कुल 53.33 करोड़ कस्टमर्स जुड़े हुए थे. मोबाइल डेटा की अगली छलांग अब 5G से आती दिख रही है. जून 2026 तक जियो के 5G कस्टमर्स की संख्या करीब 28.5 करोड़ पहुंच चुकी थी. कंपनी के नेटवर्क पर 5G डेटा ट्रैफिक अब 4G के मुकाबले करीब डेढ़ गुना है.
भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल डेटा खपत करने वाला देश
डेटा के बढ़ते इस्तेमाल ने भारत की वैश्विक स्थिति भी बदली है. एनालिसिस मेसन रिपोर्ट के मुताबिक मार्च 2026 तक भारत मोबाइल डेटा ट्रैफिक खपत करने वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश था. चीन को छोड़ दें तो वित्त वर्ष 2025-26 में जियो के डिजिटल कनेक्टिविटी नेटवर्क ने दुनिया में सबसे अधिक मोबाइल डेटा ट्रैफिक संभाला.
दस साल के इस बदलाव को आंकड़ों से अलग रखकर देखें तो तस्वीर और आसान है. कभी जिस मोबाइल पर खर्च बचाने के लिए मिस्ड कॉल दी जाती थी, उसी पर अब वीडियो कॉल से लेकर भुगतान, पढ़ाई, खरीदारी और मनोरंजन तक सब कुछ हो रहा है. MB बचाकर खर्च करने वाला भारत अब हर महीने औसतन 26GB से ज्यादा मोबाइल डेटा इस्तेमाल कर रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए