सिलीगुड़ी : हर दिशा में ‘जय मां सरस्वती’ की गूंज

Updated at : 11 Feb 2019 1:33 AM (IST)
विज्ञापन
सिलीगुड़ी :  हर दिशा में ‘जय मां सरस्वती’ की गूंज

सिलीगुड़ी : बसंत पंचमी के दिन पूरा सिलीगुड़ी शहर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की उपासना में डूबा दिखा. हर गली-मोहल्ले और स्कूल-कॉलेज में मां की प्रतिमा स्थापित की गयी थी. सुबह कच्ची हल्दी का उबटन लगाने और स्नान के बाद पारंपरिक वेशभूषा में छात्र-छात्राएं अपने शिक्षण स्थल पहुंचे और वाग्देवी को अंजलि दी. इस […]

विज्ञापन

सिलीगुड़ी : बसंत पंचमी के दिन पूरा सिलीगुड़ी शहर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की उपासना में डूबा दिखा. हर गली-मोहल्ले और स्कूल-कॉलेज में मां की प्रतिमा स्थापित की गयी थी. सुबह कच्ची हल्दी का उबटन लगाने और स्नान के बाद पारंपरिक वेशभूषा में छात्र-छात्राएं अपने शिक्षण स्थल पहुंचे और वाग्देवी को अंजलि दी. इस दौरान हर दिशा मां के घोष से गूंज उठी. इस उपलक्ष्य में कई जगहों पर खिचड़ी महाप्रसाद वितरित किया गया.

सिलीगुड़ी कॉलेज तथा कॉमर्स कॉलेज सरस्वती पूजा पर गुलजार दिखा. इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ पूर्व विद्यार्थियों ने भी वीणावादिनी के सामने अपना सिर झुकाकर प्रार्थना की. कॉलेज मैदान में मेले जैसा माहौल देखा गया. हवा मिठाई तथा गुब्बारों की दुकानों से पूरा कॉलेज परिसर सज उठा था. इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए सभी सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे.
भीड़ के कारण कॉलेज संलग्न इलाके में जाम की स्थिति बन गयी, जिसे पुलिस ने संभाला. सिलीगुड़ी कॉलेज में सरस्वती पूजा आयोजक कमेटी की ओर से बताया गया कि इस बार का विशेष आकर्षण कॉलेज की सरस्वती पूजा की प्राचीन तस्वीर है. उन्होंने बताया कि 1951 के प्रथम बैच ने 1953 में जो सरस्वती पूजा की थी, उसका फोटो आकर्षण का केन्द्र रहा. उस फोटो को सुब्रता सरकार नामक एक विद्यार्थी ने लिया था. जिसे समीर कुमार ने इस वर्ष कॉलेज को भेंट किया है.
इसी के साथ सिलीगुड़ी के सूर्यसेन कॉलेज, सेवक रोड स्थित मुंशी प्रेमचंद कॉलेज, डाबग्राम के महिला कॉलेज में वीणावादिनी की आराधना की गयी. शहर के देशबंधु हिन्दी हाई स्कूल, एनजेपी के लाल बहादुर शास्त्री हिन्दी स्कूल, विद्यामंदिर पब्लिक स्कूल, गंगा नगर के स्टार प्वांइट स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में भी इस उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
स्कूल- कॉलेजों के अलावा देवी सरस्वती घरों में भी पूजी गयीं. गंगानगर महाराजा कॉलोनी में 20-25 जगहों पर छोटे पंडालों का निर्माण कर देवी की आराधना की जा रही है. इलाके के रवि यादव, छोटू राय, विक्की चौधरी, सूरज साह, कृष्णा प्रसाद, टीपू शर्मा, खुशाल राय, पंकज गुप्ता ने बताया कि इस उपलक्ष्य में शाम के वक्त लोगों में खिचड़ी भी बांटी गयी. उत्तर एकटियाशाल के स्टार इलेवन क्लब की ओर से शिक्षण विषय को थीम बनाकर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है. रविवार को इलाके के पंचायत प्रधान ने फीता कांटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया.
पंजाबीपाड़ा में सेफ ड्राइव सेव लाइफ की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया था, जिसका उद्देश्य ट्रैफिक के नियमों से लोगों को अवगत करवाना था. सरस्वती पूजा की शाम में सिलीगुड़ी के सूर्यसेन पार्क, बाघजतीन पार्क, इस्कॉन मंदिर, शहर के शापिंग मॉलों में लोग तफरीह करते दिखे.
धूमधाम से हुई मां सरस्वती की पूजा
चामुर्ची. आज चामुर्ची बाजार के डुआर्स प्रेस क्लब में कलम व ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा विभिन्न अखबारों के संवाददाताओं के नेतृत्व में की गई. उल्लेखनीय है कि डुवार्स प्रेस क्लब के द्वारा लुक्सान, बानरहाट, बिन्नागुड़ी व बानरहाट में भी मां सरस्वती की धूमधाम के साथ पूजा की गई. पूजा के बाद स्थानीय लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया.
सरस्वती पूजा पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
चामुर्ची. बानरहाट के आदर्शपल्ली में बाल गोपाल व युवाओं की ओर से अरण्य क्लब द्वारा ज्ञान की देवी सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बच्चों के लिये कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया था. जिसमें मोमबत्ती जलाना, म्यूजिकल, अंतराक्षरी, गमले में फुटबॉल फेंक आदि मनोरंजन हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का भी वितरण किया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola